Showing posts with label आचार्य रामचन्द्र शुक्ल की अद्यतन वंशावली. Show all posts
Showing posts with label आचार्य रामचन्द्र शुक्ल की अद्यतन वंशावली. Show all posts

Friday, November 13, 2026

आचार्य रामचन्द्र शुक्ल की अद्यतन वंशावली ✍️आचार्य डॉ राधेश्याम द्विवेदी

समालोचना सम्राट आचार्य रामचन्द्र शुक्ल के पितामह का नाम श्री शिवदत्त शुक्ल (1837 ई.-1870 ई.) था। इनकी वंशावली का सजरा इस प्रकार है - इस कुल में मूल पुरुष श्री भगवान दास (या भगवान दत्त) शुक्ल हुआ करते थे। उनके 4 पुत्र : राम दत्त उर्फ बच्चू शुक्ल, गुरु दत्त शुक्ल, शिवदत्त शुक्ल और देवदत्त शुक्ल रहे। इस प्रकार इनकी चार पट्टियां बनती हैं। इनका विस्तृत विवरण इस प्रकार जाना जा सकता है -

                  प्रथम पट्टी -

रामदत्त उर्फ बच्चू शुक्ल प्रथम पुरुष -

रामदत्त उर्फ बच्चू शुक्ल के कुछ वंशज भेड़ी गांव देवरिया में ही रहते हैं। सर्वाधिक वंशज उत्तराखण्ड में रुद्रपुर में बस गए हैं ।  रामदत्त उर्फ बच्चू शुक्ल के तीन पुत्र राम प्रगाश , राम प्रसाद और शिव नारायण थे। राम प्रगाश के पुत्र सरयू थे। उनके 2 पुत्र इन्द्र जीत और राममणि ( वंशावरोध) थे। इन्द्र जीत के पुत्र राम नगीना थे। उनके गंगापति, विद्यापति और रमापति नामक 3 पुत्र हुए थे। राम प्रसाद के पुत्र चिरकुट थे। उनके 3 पुत्र राम नक्षत्र , अमृत और राम बली हुए। राम नक्षत्र के राम सुमेर और राम नरेश के 2 पुत्र हुए। राम सुमेर के 4 पुत्र रमाशंकर, कमल, दिनेश और राजेश हुए। राम नरेश के 3 पुत्र कमलेश,रमेश और राकेश हुए। 

     इनमें कमलेश शुक्ल बहुत प्रसिद्ध पाए हैं। जो दो बार विधायक भी बने हैं। ये उत्तर प्रदेश के देवरिया के ‘रामपुर कारखाना’ नामक विधानसभा सीट से वर्ष 2017 में भाजपा के टिकट पर विधायक चुने गए थे।  बाद में उन्होंने उत्तराखंड के रुद्रपुर को अपनी कर्मभूमि बनाया । 75 वर्ष की अवस्था में जनवरी 2026 में उनका निधन हो गया । उनका अंतिम संस्कार हरिद्वार में किया गया था।

    कमलेश शुक्ल के भी 3 पुत्र संजीव, राजीव और अनूप तथा एक पुत्री हैं। उनके दामाद यूपी के बाराबंकी में अपर पुलिस अधीक्षक हैं। कमलेश शुक्ल के ज्येष्ठ पुत्र संजीव शुक्ला यूपी के देवरिया में भाजपा नेता हैं, जबकि मंझले पुत्र राजीव शुक्ला और कनिष्ठ पुत्र अनूप शुक्ला रुद्रपुर में किच्छा रोड स्थित शुक्ला फार्म में रहते हैं। कमलेश के भाई रमेश के बबलू,राजीव और हेमू तीन पुत्र हैं। दूसरे भाई राकेश के राजा और अंशू दो पुत्र हैं।

अमृत के 2 पुत्र राम कवल (वंशअवरोध) और राम खेलावन हुए हैं । राम खेलावन के रामनारायण और उदय नारायण हुए हैं। राम अवध के श्याम नारायण हुए। राम बली के शैलेन्द्र और उनके 5 पुत्र - चन्द्र भूषण, ब्रज भूषण, सुरेन्द्र , महेश और उमेश हुए।

                  द्वितीय पट्टी -

गुरुदत्त शुक्ल प्रथम पुरुष -

गुरुदत्त शुक्ल के पुत्र दुबरी शुक्ल हुए। इनके वंशज भेड़ी गांव देवरिया में ही रहे। दुबरी के 3 पुत्र परशुराम (वंशअवरोध), रामानुज और छविराम हुए। रामानुज के 2 पुत्र केदार नाथ और राम नाथ हुए। इस कुल का भी वंशावरोध हुआ तो वंश में कोई नहीं बचा। शादी के माध्यम से इस परिवार की लड़की श्रीमती अरुंधती शुक्ल (शादी के बाद त्रिपाठी ) की शादी उत्तर प्रदेश के पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व सांसद डा. रमापति राम त्रिपाठी के साथ हुआ था, जो इस गांव के निवासेदार हो गए हैं। शरद त्रिपाठी पूर्व सांसद सहित इनके 3 भाई और 2 बहने हैं। दुबरी शुक्ल के दूसरे पुत्र छविराम के पुत्र का नाम रघुनाथ और उनके पुत्र का नाम गिरजा शंकर रहा है।

             तृतीय पट्टी -

शिवदत्त शुक्ल प्रथम पुरुष -

तीसरे नंबर के भाई- शिव दत्त शुक्ल रहे। उनके पुत्र का नाम चन्द्रबली शुक्ल था। इनका जन्म भेड़ी गांव में ही हुआ था। इनकी 2 शादियां हुई थी। पहली पत्नी विभासी से रामचन्द्र शुक्ल अकेले पुत्र पैदा हुए थे । दूसरी शादी से तीन संतानें उत्पन्न हुईं। जगदीश चन्द्र, श्यामा और विमला। इनके अन्य भाई  जमुना शुक्ल का नाम भी मिलता है । ये किस माता से उत्पन्न हुए यह ज्ञात नहीं हो पाता है। इस प्रकार ये कुल 4 भाई दो बहनें थीं। यह भी उल्लेख मिलता है कि शुक्ल जी के  जीवन या बचपन काल में ही उनके एक छोटे भाई और दो बहनों की मृत्यु हो गई थी।

1.जगदीश शुक्ल -

आचार्य शुक्ल के छोटे भाई जगदीश शुक्ल मिर्जापुर में पूर्ति निरीक्षक के पद पर तैनात थे।  भाई जगदीश चंद्र शुक्ल के पुत्र कैलाश चंद्र शुक्ल रहे हैं। 84 वर्षीय कैलाश चंद्र शुक्ल प्रतापगढ़ जनपद के पट्टी में रामराज इंटर कालेज में नागरिक शास्त्र विषय के प्रवक्ता पद से सेवानिवृत्त होने के बाद वर्ष 2013 से लखनऊ में रहते हैं। उनके बेटे डा. अमृतेश शुक्ल, बहू डा. नीतू शुक्ला और दामाद डा. राकेश त्रिपाठी का उल्लेख मिलता है। इन लोगों ने दिसंबर 2019 में अगौना बस्ती का भ्रमण किया था।

2.जमुना  शुक्ल- 

जमुना  शुक्ल के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं मिलती है।

3. राम चन्द्र शुक्ल 

राम चन्द्र पहली पत्नी विभासी/निवासी के बेटे थे। जो बस्ती के अगोना गांव में पैदा हुए थे। आचार्य रामचंद्र शुक्ल का विवाह सावित्री देवी के साथ हुआ था। उनकी कुल सात संतानें, जिनमें से तीन बेटे और चार बेटियाँ बताई जाती हैं । वर्तमान समय में इनमें पाँच संतानो के नाम मिलते हैं- केशवचंद्र शुक्ल, गोकुलचंद्र शुक्ल, दुर्गावती शुक्ला, विद्या शुक्ला और कमला शुक्ला। 

1.केशव चंद्र शुक्ल रमई पट्टी 

राकेश चंद्र शुक्ल और आशीष चंद्र शुक्ल, आचार्य शुक्ल के ज्येष्ठ पुत्र केशव चंद्र शुक्ल के पुत्र (यानी आचार्य शुक्ल के पौत्र) हैं।इसी परिवार से वंदना तिवारी भी जुड़ी हैं जो संभवतः राकेश की पुत्री है।

2.गोकुल चन्द्र शुक्ल वाराणसी

कुसुम चतुर्वेदी इनकी बेटी हैं जिनकी शादी ज्ञान दत्त चतुर्वेदी से हुई है। कुसुम शिक्षा विभाग में मण्डलीय शिक्षा उपनिदेशिका के पद से रिटायर हुई है।

इन दोनों की संतान मंजीत चतुर्वेदी है और इसकी पत्नी मुक्ता चतुर्वेदी है। ये वाराणसी में रहते हैं।

3.पुत्री दुर्गावती

दुर्गावती का जन्म 13 अक्टूबर 1902 में हुई थी। उनकी शादी कोटिया शोहरतगढ़ बस्ती (वर्तमान सिद्धार्थ नगर)में पंडित चन्द्रबली त्रिपाठी से हुई थी। दुर्गावती के पुत्र प्रोफेसर चंद्रचूड़ मणि त्रिपाठी बौद्ध विद्वान, श्री चंद्रमौलि मणि - रेलवे के उच्चाधिकारी, श्री चन्द्रभाल त्रिपाठी -  पांचवें दशक के जाने माने छात्र नेता, लखनऊ विश्व विद्यालय छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष, चिंतक और मानवशास्त्री तथा श्री चंद्रधर त्रिपाठी - भारतीय प्रशानिक सेवा (आई ए एस) रहे। उनके पौत्र बुद्धि रश्मि मणि त्रिपाठी महानिदेशक , राष्ट्रीय संग्रहालय, आई आई टी दिल्ली में गणित के प्रोफेसर अथवा दिल्ली हाई कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता जैसे ऊंचे ऊंचे मुकाम हासिल किए।

4. अल्पायु वाला अनाम पुत्र -

आचार्य राम चन्द्र शुक्ल का कोई अल्पायु पुत्र 1906 में हुआ था। इसका नाम नहीं मिल रहा है।

5 . पुत्री विद्यावती -

आचार्य रामचंद्र शुक्ल की बड़ी बेटी विद्यावती का जन्म 1908 में और  विवाह देवरिया गौरीबाजार क्षेत्र के ग्राम देवगांव (तहसील रुद्रपुर क्षेत्र) के श्री रमाकांत त्रिपाठी एक स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और जाने-माने अधिवक्ता के साथ हुआ था।  उनके पुत्र (शुक्ल जी के भांजे) रामेंद्र त्रिपाठी रिटायर्ड आई ए एस है।

6. पुत्री लीलावती -

जन्म के क्रम के अनुसार  आचार्य शुक्ल की बेटियों के क्रम में उनकी तीसरी बेटी का नाम लीलावती था, जिनका जन्म सन् 1910 में हुआ था। प्रतीत होता है कि इनकी आयु कम रही इस कारण इनका जिक्र नहीं मिलता है।

7. पुत्री कमलावती या कमला -

सबसे छोटी पुत्री कमलावती का जन्म 1912 में हुआ था। जिनका विवाह वाराणसी के सुप्रसिद्ध और ऐतिहासिक 'व्यास' परिवार के जाने-माने विद्वान पं. लक्ष्मी नारायण व्यास के सुपुत्र पंडित मदन मोहन व्यास से हुआ था, जो अपने समय के ख्यातिप्राप्त पत्रकार, लेखक और प्रखर स्वतंत्रता सेनानी थे।

                चतुर्थ पट्टी -

देवदत्त शुक्ल प्रथम पुरुष -

चौथे भाई देवदत्त शुक्ल के बारे में विस्तार नहीं मिलता है। देवदत्त शुक्ल और उनके वंशजों का जुड़ाव पैतृक गांव भेड़ी और आसपास के क्षेत्र से बना रहा।

      इन वंशावली में स्थान परिवर्तन और शेष रह गए नाम मिलने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है। अस्तु यह विकास, परिवर्तन और दैव अधीन होने के कारण अद्यतन नहीं है।


लेखक:- 

आचार्य डॉ राधेश्याम द्विवेदी ,पूर्व सहा. पुस्तकालय सूचना अधिकारी,भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण,आवास : 8 / 2785, आनंद नगर, कटरा, जिला बस्ती। वर्डसप :8630778321