माता पिता की साधना :-
अयोध्या जी के श्रीधाम में वेदांती जी का स्थान श्री सनातन रामानंदीय संप्रदायों का एक जागृत मन्दिर है। यह श्रीराम ,सीता, हनुमान और ब्रह्मादि सहित कुल 41 वें गुरुवों की परम्परा वाला पवित्र स्थान है। इस संप्रदाय के 38वें आचार्य जगद्गुरु पंडित श्रीराम बल्लभा शरण जी महाराज रहे। इनका बचपन का नाम धनुषधारी था। जो मूलतः मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के रहेड गाँव के रहने वाले थे। इनके पितामह का नाम श्री गदाधर त्रिपाठी, पिता का नाम श्री राम लाल त्रिपाठी और माता का नाम श्री मती रमा देवी था। धनुषधारी के माता पिता को ब्रह्म बेला में एक दिव्य साधु ने दर्शन देकर गोपनीयता से एक वर्ष के लिए एक सिद्ध मंत्र को जपने का आदेश दिया था। दंपति ने श्रद्धा के साथ एक वर्ष तक मंत्र का जाप किया। इससे उन्हें श्री राम जी का दर्शन लाभ हुआ। जिससेे उन्होंने भगवद्भक्त पुत्र की याचना किया था, जिसे प्रभु ने स्वीकार कर लिया।
धरा पर अवतरण :-
प्रभु श्रीराम की कृपा से आषाढ कृष्ण त्रयोदसी 1915 विक्रमी ( तदनुसार सन् 1858 ई.) के अभिजीत मुहूर्त मे माता रमादेवी को श्रीराम के गुणों से युक्त धनुषधारी (बाद का नाम : गुरुदेव भगवान श्री रामबल्लभा शरण जी महाराज ) नामक पुत्र रत्न का अवतरण बुंदेलखंड के पन्ना राज्य के रणेह गांव में कान्यकुब्ज ब्राह्मण परिवार में हुआ था। इस अवसर पर एक बधाई गीत तो बनता ही है -
बधाई गीत -
बाजै बाजै हो सद्गुरु जन्म,
बधाई बाजै बाजै हो।
सद्गुरु जन्म जानि के शिष्यन,
आनंद धूम मचाई हो।
बंदनवार पताका फहरत,
विप्रन वेद सुनाई हो।
उर महँ भरे उछाह अधिक अति,
सोहिल गीत सुनाई हो।
इत्र अरगजा कुमकुम केसर,
छिड़कत लोग लुगाई हो।।
नृत्य गीत वर वाद्य मधुरिमा,
सबके चित्त चुराई हो।
भूले मोद मगन मन सिगरे
सर्वस्व रहे लुटाई हो।
हर्ष विवश सब उछल उछल के,
सुमनन झरी लगाई हो।
'हर्षण' धनि धनि शिष्यन भावा,
प्रिय परमारथ पाई हो।।
अग्रज और मां का निधन -
धनुषधारी जी के जन्म के पूर्व पण्डित श्री रामलाल जी को एक पुत्र और एक कन्या की प्राप्ति हो चुकी थी। बाद में एक और कन्या का लाभ हुआ। पंडित जी ने बड़ी पुत्री का विवाह सम्पन्न कर दिया था । मात्र पांच वर्ष की आयु में ही बालक धनुषधारी के माता और राम लाल जी भगवत् विधान धर्मपत्नी श्री रमा देवी भी भगवान के धाम चली गईं और बड़े पुत्र ने भी साकेत का मार्ग स्वीकार कर लिया था। एक रात्रि स्वप्न में श्री रामलाल जी को एक महापुरुष ने दर्शन दिया और आदेश किया कि अब अपने घर-ग्राम को छोड़ कर किसी अन्य ग्राम में जाकर भगवान का भजन करें।
तीन वर्ष तक सिमरा गांव में निवास -
स्वप्न में सन्त का आदेश मान कर श्री रामलाल जी ने अपने ग्राम की संपत्ति को बेच दिया। उससे प्राप्त जो द्रव्य मिला उसे साधु ब्राह्मणों की सेवा में खर्च कर दिया। उस समय धनुषधारी चार वर्ष के थे। श्री रामलाल जी ने रणेह ग्राम छोड़ा और सतपुत्र तथा दोनों बालिकाओं को लेकर नर्वदा जी में स्नान किये। उनके एक कुटुम्बी भाई सिमरा ग्राम में रहते थे, तीन वर्ष तक उनके गृह में निवास किया।
दिव्य सन्त का पौड़ी गांव में आगमन -
इसी बीच दो बार एक अपरिचित दिव्य सन्त ने आकर बालक धनुषधारी को गोद में बिठा कर दुलार किया और कुछ कान में संदेश भी सुनाया साथ ही निर्देश दिया कि अब से आप पोंड़ी ग्राम में रहेंगे। मैं वहाँ आकर मिलूंगा और एक अनुपम स्तोत्र का प्रयोग बतलाऊंगा।
पौडी ग्राम में निवास -
सिमरा ग्राम में निवास करते समय श्री राम लाल जी का स्वप्न में श्री हनुमान जी ने दर्शन दिये और आदेश भी कि अब आप पौडी ग्राम में निवास कर वहाँ के भक्तों को सुख दीजिए। पंडित जी ने सिमरा ग्राम वासियों से विदाई ली और सं. 1922 में पोंडी ग्राम को अपने पुत्र और पुत्री को लेकर निवास स्थान बनाया। पूर्ववर्ती दिव्य साधु के स्वप्न आदेश से उनके माता पिता को रहेड गाँव को छोड़ पौड़ी गाँव मे रहने का निर्देश मिला था। जहाँ माता पिता ने अपने बच्चों पुत्र पुत्री सहित संवत् 1922 विक्रमी (तदनुसार सन् 1865 ई.) में पौड़ी गाँव में आकर बस गए। पुण्यात्मा सिद्धे नाम के एक पटेल ने बड़ी ही श्रद्धा के साथ उन्हें अपने घर में ठहराया। पडित श्री रामलालजी, विशेषकर उनके बालक भगवान का दर्शन करके ग्राम वासियों को बड़ा हर्ष हुआ। थोड़े काल में ही समवयस्क बालकों को धनुषधारी जी प्राणों के समान प्यारे लगने लगे। धनुषधारी जी भी ग्रामीण बालकों के साथ, कभी रामलीला करते, कभी कीर्तन करते और कभी-कभी प्रेम से भगवान श्री सीताराम जी की पूजा में मगन हो जाते थे।
सीतारामजी मंदिर में प्रभावशाली हनुमान जी का भजन पूजा -
पोंडी ग्राम के समीप ही एक श्री सीताराम जी का मंदिर था। जिसमें एक विशालकाय श्री हनुमान जी भी विराजे थे। श्री हनुमान जी के श्री विग्रह का निर्माण केवल पुष्य नक्षत्र में ही हुआ था। अर्थात् पुष्य नक्षत्र भर कारीगर काम करते थे। पुष्य बीतने पर काम बंद हो जाता था, पुनः पुष्य नक्षत्र की प्रतीक्षा की जाती थी। अस्तु श्री हनुमान जी बड़े ही प्रभावशाली और चमत्कारी थे। श्री धनुषधारी जी नित्य ही श्री सीतारामजी के दर्शन करते और श्री हनुमान जी के सामने बैठ कर भजन करते थे।
जब बालक धनुषधारी सात वर्ष के हुए तो पूर्ववर्ती दिव्य महात्मा की प्रेरणा से इनके पिता पौंडी गांव के सीताराम मन्दिर में निवास करते हुए वही सेवा करने लगे। जहाँ बालक धनुषधारी कीर्तन, भजन अध्ययन और रामलीला आदि में बढ़ चढ़ कर भाग लेते थे। वे वहाँ स्थित सीताराम मन्दिर के हनुमान जी की सेवा सुश्रुषा करने लगे।
मन्दिर में ही पिता पुत्र का निवास -
एक बार स्वप्न में बालक श्री धनुषधारी जी को श्री हनुमान जी ने दर्शन दिये और कहा कि श्री सीताराम जी की यह इच्छा है कि आप और आपके पिता जी अब मन्दिर में निवास करें और मन्दिर की सेवा पूजा संभालें। इसी कारण तो आपके पिताजी को स्वप्न में दर्शन देकर पोंड़ी में बुलाया गया है।
श्री धनुषधारी जी ने स्वप्न की सारी वार्ता पिताजी को सुनाई। किन्तु पिता जी को बड़ा असमंजस हुआ कि जब तक कोई व्यक्ति न कहे तब तक हम स्वयं से पूजा कैसे संभाल लें। तब हनुमान जी ने ही विधान बनाया।
कई पुजारी पूजा नहीं कर सके -
उस मन्दिर में जो पुजारी पूजा करते थे अगले दिन वे पागल हो जाते थे। नंबरदार जो मंदिर की सारी व्यवस्था करते थे उन्होंने श्री रामलाल जी से निवेदन किया कि जब तक हमें कोई पुजारी नहीं मिलता तब तक आप मंदिर की सेवा पूजा संभाल लीजिये।
श्री रामलाल जी ने पूजा संभाली कि कुछ दिनों में नंबरदार कहीं से साधु ले आये और उन्हें सारी व्यवस्था सौंप दी किन्तु हनुमान जी की लीला तो कुछ और ही थी। दो ही दिनों में वह पागल हो गया और पूजा श्री रामलाल जी को सौंप दी। इस प्रकार से नंबरदार चार बार पुजारी खोज कर लाये पर चारों ही पागल हो गये। तब नंबरदार एक प्रतिष्ठित साधु श्री नरसिंह दास के कृपा पात्र सेवादास जी को लेकर आए। सेवादास जी ने दो माह तक सेवा संभाली। तब तक कोई विघ्न बाधा नहीं हुई ,पर एक दिन वह मंदिर के शिखर पर चढ़ कर कलश को सुधार रहे थे कि अचानक उचट कर निकट के तालाब में गिर पड़े ।
गाँव के लोगों ने जल से बाहर निकाला। पुजारी के मुँह से रक्त बह रहा था। किसी ने नरसिंह दास को खबर दी तो वे दुखी होकर अपने मृतप्राय शिष्य को उठा कर ले गये। चौबीस घण्टे में उनको होश आया। नरसिंह दास जी ने नंबरदार से कह दिया कि तुम और कोई सेवक खोज लो ये सेवा हमारे वश की बात नहीं है।
पिता रामलाल द्वारा मन्दिर की देखरेख
नंबरदार दुखी होकर अब अन्य पुजारी खोजने का विचार करने लगा तब रात्रि में उसे श्री हनुमान जी ने विकराल रूप में दर्शन दिया और डांट कर कहा- मूर्ख ! तुझे अभी भी चेत नही आया। प्रातः काल ही मंदिर की सेवा पूजा श्री रामलाल जी को सौंप दे। अगर अन्यथा विचार किया तो तेरे प्राण ले लूँगा। प्रातः काल ही नंबरदार ने मंदिर और सेवा, सारी व्यवस्था श्री रामलाल जी को सौंप दी। सं .1923 में श्री रामलाल जी अपने पुत्र तथा पुत्री सहित पोंड़ी के मंदिर में निवास बनाये और बड़े प्रेम से मंदिर की सेवा पूजा करने लग गए ।
धनुषधारी का यज्ञोपवीत, विद्यारंभ और प्रज्ञावर्धन स्रोत का प्रयोग -
शुभ समय विचार कर धनुषधारी जी का विधि विधान से यज्ञोपवीत संस्कार हुआ, तत्पश्चात श्री रामलाल जी ने बेटी का विवाह भी सम्पन्न कराया गया। धनुषधारी जी का विद्यारंभ प्रारम्भ हुआ। पन्द्रह दिन में ही रामचरित मानस का पाठ करना आ गया और तभी से प्रति दिन नियम से मानस का पाठ प्रारम्भ हो गया।
पौडी ग्राम के एक सज्जन के बालक की बारात में धनुषधारी जी गये थे। पिता जी मंदिर में थे। तभी एक साधु आये उन्होंने धनुषधारी को करने योग्य प्रज्ञावर्धन स्तोत्र समझाया उसके प्रयोग की विधि भी समझाई तथा गीता की पुस्तक दे कर चले गये। बारात से लौटने पर धनुधारी जी को जब संत के आगमन की जानकारी हुई तब बहुत रोये और पिताजी से बतलाये कि ये वही संत थे जो इसके पूर्व हमसे दो बार मिल चुके हैं। संत के निर्देशानुसार प्रज्ञा वर्धन स्तोत्र का प्रयोग सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ जिसका धनुषधारी जी के जीवन में अलौकिक अकथनीय प्रभाव हुआ।
पिता रामलाल की मृत्यु -
श्री रामलाल जी पुत्र के सगुणों को विचार कर परम हर्षित रहते थे। वे क्रमशः मंदिर की सेवा पूजा सब अपने सर्वविधि सुयोग्य पुत्र को सौंप कर निश्चित होकर पूर्णतया राम भजन करते हुये सं. 1932 में साकेत धाम को प्रस्थान किये। धनुषधारी जी ने पितृ-वियोग से अत्यन्त दुखी होने पर भी उनके सम्बन्ध में सारे कृत्यों को श्रद्धायुत् सम्पन्न किया। भगवान की सेवा पूजा करते हुये श्री धनुषधारी जी के मन में भाव आया कि मुझे कुछ दिन काशी में रह कर अध्ययन कर लेना चाहिये पर पूजा कौन संभाले ।
गुरुदेव रामवचन दास जी का सानिध्य -
धनुषधारी जी ने अपने प्रति अति श्रद्धा रखने वाले एक सज्जन के सामने अपने हृदय की बात रखी। उक्त सज्जन ने हथलेवा महगवां ग्राम में रहने वाले प्रभु के अनुरागी ज्ञानी सिद्ध सन्त का नाम सुझाया और स्वीकृति मिलने पर उनको घर पर ले भी आए। इन महापुरुष का नाम श्री रामवचन दास जी के था। धनुषधारी जी ने इन तेजस्वी श्री रामानन्दीय सन्त का दर्शन कर अतीव श्रद्धा से दण्डवत प्रणाम किया और अपनी बात निवेदन कर संपूर्ण स्थान उन्हें सौंप दिया। श्री रामवचन के दास जी ने कहा कि तुम्हारी रुचि देख कर स्थान हमने संभाल लिया है। तुम जब चाहोगे तब इसे पुनः ले लेना। उन्होंने कहा ही नहीं, श्री महाराज जी ने यह बात लिख कर भी दे दी।
काशी में अध्ययन की तैयारी -
धनुषधारी जी ने मुहूर्त विचार करवाया और दस दिन बाद काशी जाने का मुहूर्त निकला। एक दिन श्री राम वचन दास जी ने धनुषधारी जी से पूछा कि काशी जाने का उद्देश्य क्या है? उत्तर मिला, काशी में जाकर विद्या अध्ययन करूंगा। श्री रामवचन दास जी ने पुनः कहा कि विद्या अध्ययन करने और विद्वान भी हो जाने से क्या मिलेगा यदि अपने स्वरूप को तथा परात्पर प्रभु श्री सीताराम जी को नहीं जाना तब यदि शहंशाह भी हो गये, यदि त्रिलोकी के नाथ भी हो गये तो भी क्या हाथ लगा? हनुमान जी ने रावण को समझाया है-
राम विमुख संपति प्रभुताई ।
जाइ रही पाई बिन पाई ।।
जाना मैंने जननी जनक भाई बहिन जाना खाना पीना जाना और आना जाना जाना।
सुख जाना दुख जाना,अपना पराया जाना,
कुटुम्ब और कबीला सब धीरे धीरे जाना।
शत्रु जाना मित्र जाना, अकड़ मकड़ जाना, जाना राजाराम का जो है सम्पति खजाना। सब कुछ जाना, पर कुछ नहीं जाना,
उसको न जाना जिसके समीप है जाना।
संत श्रीरामवचन दास जी के अत्यंत प्रभाव शाली वचनों को सुन कर धनुषधारी जी को बडा हर्ष हुआ। उन्होंने प्रश्न किया कि जीव परमात्मा को जान सके इसका क्या उपाय है?
संत ने कहा कि अपने नेत्र बंद करो । नेत्र बन्द करने पर श्री महाराज ने अपना कर कमल धनुषधारी जी के सिर पर रख दिया जिसका अलौकिक प्रभाव धनुषधारी जी को दीख पड़ा। वे कर कमल अलग करते ही उठे और चरणों में साष्टांग दण्डवत पूर्वक प्रार्थना किये कि हमें आप मन्त्र-दीक्षा प्रदान कीजिये।
रामबचन दास जी से गुरुदीक्षा -
प्रार्थना स्वीकृत हुई और श्री महाराज रामवचनदास जी ने श्री रामनवमी के दिन श्री मन्त्र राज का उपदेश दिया। इसके बाद मन्दिर का प्रबन्ध रामवचनदास नामक महात्मा को सौंपकर वि.स.1935 रामनवमी को उन्ही महात्मा से दीक्षा ले ली और वही रहकर तपोमय जीवन व्यतीत करने लगे।
धनुषधारी जी ने विरक्ति हेतु प्रार्थना की परन्तु श्री महाराज जी ने कहा कि कुछ दिन विरक्त वेश में रहिये और श्रीराम मन्त्र का जप करिये। आगे चल कर अनुकूल समय और परिस्थिति विचार कर विरक्ति प्रदान करेंगे। यद्यपि बहन के स्वसुर ने विरोध भी किया परन्तु धनुषधारी जी की दृढ़ता के सामने किसी की कुछ चली नहीं।
धनुषधारी जी को रामानंदीय संत रामबचन दास जी का सानिध्य, प्रेरणा और दीक्षा से काशी में शिक्षा का अवसर मिला। 2 वर्ष बाद संवत 1935 विक्रमी (तदनुसार सन् 1878 ई.) में इन्ही गुरु से वे विरक्ति की शिक्षा दीक्षा लिये। इनका गुरू प्रदत नाम श्रीराम वल्लभा शरण रखा गया। वे अपनी अनेक अलौकिक सिद्धियों और प्रयोगों को धनुषधारी यानी गुरुदेव राम बल्लभ शरण को प्रदान किया। तबसे श्री महाराज जी अपने गुरूदेव की मन वचन कर्म से सेवा करने लगे और गुरूदेव भगवान भी अपने प्रिय शिष्य पर निरन्तर कृपा बरसाते रहते। काशी जाने वाली बात स्थगित हो गई।
हनुमान पताका का प्रयोग -
गुरूदेव श्री रामवचन दास जी अनेक सिद्धियों ओर प्रयोगों के ज्ञाता थे। उन्होंने अनेक प्रयोग अपने शिष्य से करवाये हैं जिनका फल जगत में भक्ति का प्रचार हो। गुरूदेव ने अपने शिष्य से श्री हनुमान पताका नामक प्रयोग और मार्गदर्शन कराया। जिसमें कुछ विघ्न आई परन्तु गुरूदेव की कृपा से विघ्न दूर हुआ और श्री महाराज जी को श्री हनुमान जी ने साक्षात प्रकट होकर दर्शन दिये। जहाँ संवत 1937 विक्रमी (तदनुसार सन् 1880ई.) तक वे अपने गुरु की सेवा मे निरंतर तत्पर रहे।
विनय पत्रिका कथा की प्रेरणा-
अयोध्या के प्रसिद्ध और श्रेष्ठ कथावाचकों जिनके गुरु रामवचन दास जी थे को उन्होंने गोस्वामी तुलसीदास कृत विनय पत्रिका की कथा सुनाने के लिए प्रेरित और आदेशित किया था, जिससे संत समाज में उस ग्रंथ का व्यापक प्रचार हुआ। अपने गुरु जी के आदेश के अनुसार धनुषधारी उपनाम राम बल्लभा शरण जी महाराज विनय पत्रिका की कथा सुनाने लगे। धीरे धीरे इनकी विद्वतापुर्ण व आकर्षक कथा शैली से संत समाज इनकी और आकर्षित होने लगा और ये उस समय के अयोध्या जी के सर्वश्रेष्ठ कथा वाचक माने जाने लगे।
इनके गुरू रामवचन दास जी भी इनसे मिलने आये। महात्मा विद्यादास जी से इन्होंने रसिक भाव का सम्बंध लिया। और प्रेमनिधि की भावना करने लगे। कुछ समय बाद कार्तिक शुक्ल द्वितीया को विद्यादास जी का साकेत गमन हुआ। उसी वर्ष इनके दीक्षा गुरु रामवचन दास जी भी साकेत वासी हो गए।
इन घटनाओं से गुरु राम बल्लभा शरण व्यथित हो गए थे। उन्हीं दिनो अयोध्या जी रामायणी महात्मा रामदास जी पधारे उनके सत्संग से प्रभावित हो अपने गुरुदेव से आज्ञा ले वे रामदास जी के संग चित्रकूट गये। कुछ दिन जानकी घाट पर निवास किया। कुछ समय साधना करने के बाद ये प्रयाग गए । वहा से काशी फिर काशी से अयोध्या जी आये।
अयोध्या की छोटी छावनी शुरुवाती पड़ाव, दिव्य लीलाएं -
इसी समय ज्वरक्रांत होते हुए भी इनकी इच्छा वृंदावन यात्रा की हुई थी और संतो के साथ उसी दशा में प्रस्थान कर दिया। ब्रज के तीर्थो का दर्शन किए। श्री महाराज जी कार्तिक शुक्ल नवमी (अक्षय नवमी) को अयोध्या धाम को पहुंचे। उस दिन अयोध्या जी की परिक्रमा का पर्व था। इनकी परिक्रमा जानकी घाट पर समाप्त हुई। उसी के समीप मणिराम जी की छावनी में ये निवास करने लगे। इन्ही दिनों सरयू तट निवासी महात्मा विद्यादास जी से इनका परिचय हुआ।
छोटी छावनी गुरुजी का शुरुवाती पड़ाव रहा। वे यहाँ जलभरिया का समान्य सेवा कर समान्य साधु सा जीवन विताते थे। एक बार कुएं मे गिरने से जब उनको कोई चोट ना लगने की बात फैली तो महंथ सहित सभी साधु समाज ने उनसे क्षमा मांगी। एक बार ध्यान ना लगने से वे सरयू नदी में अपनी लीला संवरण की योजना बनाई तो माता सीता द्वारा उनके ज्ञान चक्षु खोल वापस साधना करने का आदेश मिला था। हनुमान जी से भी उनका साक्षात्कार हुआ था।
रामायण के कथा वाचक -
छोटी छावनी मे रहते हुए वे बाल्मीकि और तुलसी रामायण के प्रख्यात कथा वाचक हो गये थे। बड़ी छावनी के भजनानंदी संत श्री विद्या दास की प्रेरणा और आशीर्वाद से उनके ही आश्रम में संवत 1940 विक्रमी (तदनुसार सन् 1883 ई.) में गुरुदेव राम बल्लभ शरण जी ने अपना पहला बाल्मीकि रामायण की कथा सुनाया था। जब वहाँ भीड़ इतनी होने लगा कि वह स्थान छोटा पड़ने लगा तो छोटी छावनी के सामने खुले प्रांगण में कथा होने लगी। यहाँ पुराण ,भागवत ,गीता और रामायण की नियमित कथा होने लगी। पहले टीन का छाजन और बाद मे इसी स्थान पर विशाल बाल्मीकि रामायण भवन का निर्माण छोटी छावनी की तरफ से हुआ था। जहाँ शिलाओ पर रामायण उत्कीर्ण किया गया है।
"पंडित जी " की उपाधि से विभूषित -
महात्मा विद्यादास जी अयोध्या में सरयू नदी के तट पर निवास करने वाले एक सिद्ध और पूजनीय संत थे, जो अपनी रसिक उपासना परंपरा और आध्यात्मिक मार्गदर्शन के लिए जाने जाते हैं। रामानंदी वैष्णव संप्रदाय की रसिक परंपरा से जुड़े थे और उन्होंने अनेक साधकों को रसिक भाव की उपासना और प्रेमनिधि की भावना का मार्गदर्शन दिया।
संतो ने महाराज जी की विद्वता देख उन्हे पंडित जी की उपाधि से विभूषित किया। गुरुदेव विद्यादास ने महाराज जी की भक्ति देख उन्हें मंत्र राज उपदेश करने का आदेश दिया। ये जानकी घाट पर रहते थे और महात्मा विद्यादास जी के साधक शिष्य थे। ये संस्कृत के अच्छे विद्वान् होने के साथ ही उच्च कोटि के भक्त भी थे। अतएव रसिक साधना के सैद्धांतिक संस्कृत साहित्य को प्रकाश में लाने में इनका महत्व पूर्ण स्थान है।
जीवों को भवपार के लिए मंत्रोपदेश-
संवत 1951 विक्रमी (तदनुसार सन् 1894 ई.) से महाराज जी ने मंत्रोपदेश दे जीवों को भव पार करने लगे। अभी तक महाराज जी का आसन छोटी छावनी था जहाँ बाल्मीकि रामायण भवन स्थल पर उनकी कथा होती रहती थी।
श्रीराम वल्लभाकुंज का निर्माण -
मणिराम जी की छावनी के निकट जानकी घाट पर इनके गुरुभाई कल्याणदास जी रहते थे। वह श्री महाराज जी के गुरु विद्या दास के साधक शिष्य और गुरु भाई कल्याण दास जी को श्री हनुमान जी के दर्शन और आदेश से कोई भक्त कुछ मुद्रा प्रदान किया था। जिससे छोटी छावनी के पास आठ बीघा जमींन पंडित राम बल्लभा शरण जी के नाम खरीद कर कल्यान दास ने दो कमरे बनवा कर जमीन के कागजात श्री महाराज जी को सौप दिये। जहाँ संवत 1953 विक्रमी (तदनुसार सन् 1896 ई.) में महाराज जी दो संत श्री रामानुज दास तथा श्री शीतल दास के साथ वर्तमान वेदांती जी का स्थान, श्री राम वल्लभाकुंज में रहने लगे। यही से अपनी साधना से जीवों का कल्याण करते रहे। इन्होंने उनके नाम पर 6 बीघा जमीन खरीद एक सुन्दर भवन का निर्माण करवाया और इन्हें समर्पित कर दिया। कालन्तर में शिष्यों की संख्या में असाधारण वृद्धि होने पर समीपस्थ भूमि में अनेक सन्त निवास बनवाये। उस समय यूपी, गुजरात, राजपूताना और बिहार के अनेक सन्त, विद्वान् राजे महाराजे, सेठ साहूकार इनके शरणागत हुए। अंतिम दिनों में कुछ समय रोग को स्वीकार कर महाराज जी ने भौतिक लीला 83 वर्षो तक जारी रखने के उपरांत कार्तिक शुक्ल10 संवत1998 (तदनुसार 1941 ई.) को अपनी इहलीला का संवरण कर दिव्य साकेत धाम प्रयाण किया।
दासत्व भाव से सत्साहित्य सेवा -
पण्डित जी ने अपने जीवन काल में बहुत बड़ी साहित्य सेवा की इनकी सबसे महत्वपूर्ण देन राम साहित्य के प्राचीन ग्रंथो की टीकाए है। इनके ग्रंथो में शृंगार और सख्य दोनो रसों को देखकर विद्वानों के प्रश्न करने पर इन्होंने शृंगार के रास राजत्व व सख्य के महत्व को स्वीकार करते हुए अपनी आस्था दास्य भाव में व्यक्त की। इनके रचित कुछ स्फुट दोहे भी प्राप्त होते है -
हे सिय पिय तव रास रस,
अति गम्भीर अथाह।
व्यास वाक्य में है भरे,
पावत नहि कोऊ थाह।।
तामे मंज्जन करन को
मम हीय बढ्यो उछाह।
पै लघुमति नही पैठ सको,
बिन कृपा सिय नाह।।
सखिन शिरोमणि चन्द्रकले,
तोहि बिनवो कर जोर।
रसमय बुद्धि देहु मोहि,
बरनो रहस हिलोर।।
रस वर्धनी टीका यह,
रसिकन स्वाद रसाल।
होय जगत विख्यात अलि,
मैं तो हो तव बाल।।
पुण्यतिथि पर सत्संग और भंडारा -
पूज्यपाद प्रातः स्मरणीय श्री रामवल्लभा शरण महाराज जी के पावन स्मरण में पूज्य बड़े महाराज जी की कृपा एवं पुण्य स्मृति में प्रतिवर्ष की भाँति इस वर्ष भी दिनांक 19 नवम्बर 2026 (गुरुवार) को श्री राम वल्लभा कुंज, जानकीघाट, श्री अयोध्या धाम पर विशाल भंडारा महोत्सव का आयोजन किया गया है। जिसमें सभी श्रद्धालु भक्तों को सपरिवार सादरआमंत्रित कर गुरु महाराज जी के श्रीचरणों मेंअपनी श्रद्धा अर्पित करने तथा प्रसाद ग्रहण करने का पुण्यलाभ प्राप्त करने के लिए आमंत्रित किया गया है।
लेखक:-
आचार्य डॉ राधेश्याम द्विवेदी
पूर्व सहा. पुस्तकालय सूचना अधिकारी,
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण,
आवास : 8 / 2785, आनंद नगर, कटरा, जिला बस्ती। वर्डसप :8630778321
No comments:
Post a Comment