Monday, May 13, 2024

राम के पूर्व के 60 राजाओं की नामावली (राम के पूर्वज 07) आचार्य डॉ. राधे श्याम द्विवेदी


हम भगवान राम के अलावा उन सभी 60 राजाओं के नाम बता रहे हैं, जिन्होंने अयोध्या पर शासन किया था। ये नाम डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्‍वविद्यालय, फैजाबाद में अयोध्‍या पर हुए एक शोध से लिये गये हैं। यह शोध यहां के स्कॉलर डॉ. शिव कुमार सिंह ने 2002 में किया था। 
सर्व प्रथम ब्रह्मा मारीच कश्यप विवस्वान और वैवस्त मनु आदि ब्रह्म वेत्ता अयोध्या के राजा हुए थे। इनका वर्णन राम के पूर्वज श्रृंखला 02,03,04 एवम 05 में मैंने विस्तार से दे दी है। आगे के 60 राजाओं की सूची नीचे दी जा रही है।
(1) मनु : ऋग्वेद में मनु को आर्यों का श्रेष्ठ पुरूष बतलाया गया है। पुराणों में मनु को ऐक्ष्वाकु के पिता के रूप में उद्धृत किया गया है। महाभारत में इक्ष्वाकु वंश के प्रथम पुरूष के रूप में मनु की गणना की गयी है। रामायण में इक्ष्वाकु के पिता के रूप में मनु का उदाहरण प्राप्त होता है। मनु इक्ष्वाकु वंश के प्रथम शासक थे, जिन्होंने समाज के सम्यक संचालन हेतु आदर्श न्याय संहिता का निर्माण किया, सम्प्रति मनुस्मृति के नाम से जाना जाता है।

(2) इक्ष्वाकु : इक्ष्वाकु मनु के पुत्र थे। इक्ष्वाकु सूर्योपासक थे, इसीलिए इक्ष्वाकु वंश को सूर्यवंश भी कहा गया। ऋग्वेद एवं रामायण में भी इक्ष्वाकु नाम के शासक का उल्लेख हुआ है। महावस्तु में इक्ष्वाकु को काशी का शासक बतलाया गया है।

(3) विकुक्षि : इक्ष्वाकु के सौ पुत्र थे जिनमें से विकुक्षि, निमि एवं दण्ड प्रमुख थे।

(4) पुरज्य : विकुक्षि के उपरांत कोशल राजवंशावलि में पुरन्जय का उल्लेख हुआ है । पुरन्जय को काकुस्थ नाम से भी प्रसिद्धि प्राप्त थी। काकुस्थ राजाओं में श्रेष्ठ और सुन्दर लक्षणों वाले थे।

(5) अनेना : पुराणों में अनेना के लिए अनेनस एवं सुयोधन नाम का भी उल्लेख हुआ है, जो सम्भवतः पुरन्जय के उपरान्त कोशल का शासक बना।

(7) विश्वाश्वा : पुराणों में पृथु के बाद विश्वाश्वा का कोशल के राजा के रूप में उल्लेख हुआ है। विश्वाश्वा को विश्वाश्व, विश्वसु विश्वकु विस्तरस्वा विष्ठाराश्व विश्वाक्ष्व आदि नामों से भी जाना जाता है।

(8) अरदा : विश्वाश्व के बाद कोशल राजवंशावलि में अरद्रा का नामोल्लेख हुआ है । उन्हें आद्र, आद्रक, चन्द्रक, आंध्र, आयु एवं चन्द्रमा के नाम से जाना जाता था।

(9) युवनाश्व : कोशल के शासको की सूची में युवनाश्व का भी वर्णन मिलता है। युवनाश्व को अरद्रा का पुत्र बतलाया गया है।

(10) श्रावस्त : श्रावस्त युवनाश्व के बाद अयोध्या का शासक बना। पुराणों के अनुसार उन्‍होंने ही श्रावस्ती को बसाया था।

(11) वृहदाश्व : लगभग सभी पुराणों में वृहदाश्व को कोशल के शासक के रूप में वर्णन हुआ है। वृहदाश्व ने श्रावस्त के उपरान्त राज्य ग्रहण किया।

(12) कुवल्याश्व : कुवल्याश्व को कुलाश्व एवं धुन्धुमार भी कहा गया है, जो वृहदाश्व के बाद कोशल के राज सिंहासन पर आरूढ़ हुआ है।

(13) दृढाश्व : पुराणों में दृढ़ाश्व 33 को इक्ष्वाकु वंशीय शासको की सूची में रखा गया है।

(14) हृयस्व : दृढाश्व के उपरान्त हृयश्व इक्ष्वाकु वंशी अगला शासक हुआ था। मत्स्य पुराण, अग्नि पुराण एवं वायुपुराण से उपर्युक्त तथ्य की पुष्टि होती है।

(15) निकुंभ : इक्ष्वाकु वंश के शासकों की सूची में पन्द्रहवें स्थान पर शासक स्वीकारा गया है। वे हृयस्व के पुत्र थे।

(16) संघतश्रब : संघतश्रव को अमिताश्रव एवं वहणाश्रव नाम से भी जाना जाता है। इक्ष्वाकु वंशीय शासकों की सूची का सोलहवां शासक थे।

(17) कृशाश्व : कृशाश्व को कृताश्व संज्ञा से भी समीकृत किया गया है। कृताश्व के बाद एक बार पुनः राजवंशावलि की सूची में भिन्न-भिन्न अभिमत प्राप्त होता है।

(18) युवनाश्व : यह इक्ष्वाकुवंशीय शासक था जिसने मान्धाता के पूर्व शासन किया।

(19) मान्धाता : युवनाश्व के पुत्र मान्धाता अयोध्या के प्रतापी चक्रवर्ती राजा थे, इनके समय में अयोध्या की समृद्धि हुई और उन्होंने सारे भूमंडल को जीता, ये राजनीतिक क्षेत्र में विख्यात होने के साथ ही विद्वान, धार्मिक तथा यज्ञों के मंत्रकर्ता भी थे। मान्धाता के राज्य में पृथ्वी धन-धान्य से भरी पूरी थी। उसके यज्ञ मंडपों से सारी पृथ्वी व्याप्त थी।

(20) पुरुकुत्स : चक्रवर्ती सम्राट मान्धाता के उपरान्त उनका पुत्र इक्ष्वाकु वंशीय पुरुकुत्स अयोध्या की गद्दी पर बैठा। पुरुकुत्स सम्भवतः सामान्य शासक के रूप में अपनी राज्यावधि को विताया क्योंकि पुराणों में पुरुकुत्स के बारे में नामोल्लेख के अतिरिक्त अन्य साक्ष्य नहीं प्राप्त होते हैं, किन्तु ऋग्वेद में एक स्थल पर पुरुकुत्स का उल्लेख है।

(21) त्रसदस्यु : यह पुरुकुत्स के बाद अयोध्या की गद्दी पर बैठा, किन्तु पुराण में इसे इक्ष्वाकु वंशावली में सम्मिलित नहीं किया है।

(22) सम्भूत : अनरण्य को होते है। त्रसदस्यु के बाद सम्भूत गद्दी पर आसीन हुए।

(23) अनरण्य : सम्भूत के उपरान्त उसका पुत्र अनरण्य अयेध्या का शासक बने।

(24) वृहदाश्व : यह इक्ष्वाकु वंश के चौबीसवाँ शासक थे।

(25) हृयश्व : वृहदाश्व के बाद हृयश्व का उल्लेख हुआ है। विष्णु पुराण में हृयश्व का उत्तराधिकारी हस्त को बतलाया गया है, जिसका नाम किसी अन्य पुराण से प्राप्त नहीं होता। अतः वसुमनस सुमन, वसुमत को अगले शासक के रूप में स्वीकारना उचित प्रतीत होता है।

(26) वसुमनस : हृयश्व के उपरांत वसुमनस को अगला शासक माना गया है। विष्णु पुराण में इसे सुमन और वायु पुराण में वासुमत संज्ञा से अभिहित किया गया है।

(27) त्रय्यारुणि : त्रय्यारुणि का प्रथम उल्लेख ऋग्वेद में त्रय्यारुण नाम का हुआ। पुराणों में त्रय्यारुणि को त्रिशंकु (सत्यव्रत) के पिता के रूप में मान्यता दी गयी है।

(28) सत्यव्रत (त्रिशंकु) : सूर्यवंशी राजा त्रय्यारुणि के पुत्र त्रिशंकु थे। इनका कुलगुरु वशिष्ठ से मतभेद हो गया था। उन्होंने त्रिशंकु को उसके पिता त्रय्यारुणि से आज्ञा लेकर राज्य से निष्कासित कर दिया और हरिजनों की बस्ती में मुंह में कालिख लगाकर निवास करने का आदेश दिया और राजा त्रय्यारुणि का वन में तपस्या करने की सलाह दी।

(29) सत्यरथ : सत्यरथ सम्भवतः सत्यव्रत के उपरान्त शासक हुआ, कुछ पुराण इसकी उपस्थिति के प्रति उदासीन है। पद्म पुराण में सत्यरथ को हरिश्चन्द्र का पूर्ववर्ती शासक कहा गया है। पद्य, मत्स्य और अग्नि पुराणों में सत्यव्रत और उसके उत्तराधिकारी हरिश्चन्द्र के मध्य सत्यरथ की स्थिति है, तथापि अन्य सभी पुराणों ने सत्यरथ को छोड़कर इस क्रम को संदिग्ध बना दिया है। अतः सत्यव्रत के बाद का वंशानुक्रम निम्नवत है।

(30) हरिश्चन्द्र : हरिश्चन्द्र को ऐतरेय ब्राह्मण में इक्ष्वाकु नरेश कहा गया है। राजा हरिश्चन्द्र बड़े ही प्रसिद्ध राजा हुए, वे बड़े सत्यवादी थे। वे स्वप्न में दिये गये दान हेतु हरिश्चन्द्र ने अपना सम्पूर्ण राज्य दान कर दिया था। यही नहीं दक्षिणा में हरिश्चन्द्र को अपनी पत्नी, पुत्र और स्वयं को भी बेंच देना पड़ा, किन्तु उन्होंने सत्य की रक्षा की एवं अपने वचन का पालन किया । उनकी सत्यप्रियता ऐसी थी कि उसके लिए अपनी प्यारी से प्यारी वस्तु त्याग देने में उन्हें सकोच न हुआ।

(31) रोहित : रोहित राजा हरिश्चन्द्र के पुत्र थे। इनका नाम रोहिताश्व भी मिलता है। ऐतरेय ब्राह्मण में भी इनका उल्लेख हुआ है।

(32) हरित : कहा जाता है कि हरित ने अयोध्‍या नगरी पर राज किया लेकिन उनके के नाम पर प्रायः पौराणिक साक्ष्यों में परस्पर मतभेदहै।

(33) चन्चु : पार्जीटर ने चन्चु को धुन्धु हारीत एवं चन्य आदि नामों से समीकृत किया है।

(34) विजय : विजय, चन्चु या धुन्धु के बाद अयोध्या (कोशल) के राजसिंहासन पर आरूढ़ हुआ।

(35) रुरुक : यह सम्भवतः विजय के उपरान्त अगले शासक के रूप में प्रतिष्ठापित हुआ।

(36) धृतक : वायुपुराण में राता धृतक का उल्लेख मिलता है।

(37) बाहु : अयोध्‍या के इतिहास के कई अध्‍याय ऐसे हैं जिनसे प्रतीत होता है कि बाहु इक्ष्वाकु वंश के एक राजा थे।

(38) सगर : बाहु के बाद सगर इक्ष्वाकुवंशीय शासक हुए। सगर सूर्यवंश के दूसरे चक्रवर्ती राजा थे। रामायण में इनका अत्यन्त विषद वर्णन हुआ है। यथा- सगर वीर सैन्य कर्त्ता तथा कुशल राजनीतिक थे।

(39) अंसभञ्ज : राजा सगर का ज्येष्ठ पुत्र असमन्ज था, किन्तु उसके आचरण अच्छे नहीं थे। वह नगर के बालकों को पकड़कर नदी में फेंक देता था और खुश होता था। ऐसा देखकर प्रजाजनों ने राजा सगर से उसके घृणित कार्यों के बारे में बताया, जिससे अप्रसन्न होकर सगर ने अंसमन्ज को नगर से बाहर निकाल दिया।

(40) अंशुमान : असमन्ज के पुत्र अंशुमान हुए। वह बड़े ही पराक्रमी तथा मधुर वचन बोलने वालों तथा सबको प्रिय थे। सगर की मृत्यु के बाद प्रजा ने परम धर्मात्मा अंशुमान को राजा बनाया। अंशुमान का पुत्र दिलीप था, वे दिलीप को राज्य देकर हिमालय पर तपस्या करने चले गये ।

(41) दिलीप : अपने पितामहों के वध का वृत्तांत सुनकर दिलीप बहुत दुःखी रहा करते थे और हमेशा सोचा करते थे कि गंगा जी के जल द्वारा किस प्रकार अपने पितरों का उद्धार करूँ, किन्तु वे भी गंगा जी को पृथ्वी पर न ला सके। दिलीप ने भी बहुत से यज्ञों का अनुष्ठान किया ।

(42) भगीरथ : दिलीप के भगीरथ नामक एक परम धर्मात्मा पुत्र हुए, वे निःसंतान थे। जब उन्हें सगर के साठ हजार पुत्रों के भस्म होने का ज्ञान हुआ, तो वे प्रजा और राज्य की रक्षा कर भार मन्त्रियों पर रखकर गंगा को पृथ्वी पर लाने के प्रयास में गोकर्ण तीर्थ में तपस्या करने चले गये। उन्होंने ब्रह्मा को प्रसन्न किया। इसके उपरान्त उन्होंने ब्रह्मा के कहने पर शंकर की तपस्या कर उन्हें प्रसन्न किया। एक पैर पर खड़ा होकर उन्‍होंने तपस्या की। इस प्रकार से भगीरथ के कठिन तपस्या के बाद गंगा का पृथ्वी पर अवतरण हुआ।

(43) श्रुत : श्रुत का नाम पद्म, मत्स्यपुराण और अग्नि पुराण में नहीं शामिल है।

(44) नाभाग : इक्ष्वाकु वंश में श्रुत के बाद नाभाग राजा बने। भागवत और कल्कि पुराण में इन्हें "नाम" कहा गया है। नाभाग भी इक्ष्वाकु वंश के सामान्य शासक जान पड़ते हैं।

(45) अम्बरीष : इक्ष्वाकुवंश के अम्बरीष नाम के राजा के सम्बन्ध में साक्ष्य ऋग्वेद एवं वायु पुराण में मिलता है, किन्तु कूर्मपुराण, भागवत पुराण व सौर पुराण में इसका वर्णन नहीं किया गया है। लाला सीताराम के अनुसार राजा अम्बरीष भगवान के परम भक्त थे। एक समय द्वादशी के दिन महाराज के यहां दुर्वासा ऋषि आयें।

(46) सिन्धुद्वीप : सिन्धुद्वीप को अम्बरीष के बाद इक्ष्वाकु वंशावली में स्थान दिया है।

(47) अयुतायु : अयुतायु को अग्नि पुराण में श्रुतायु कहा गया है, तथा वहीं ब्रह्मपुराण और शिवपुराण में इसे अयुताजित नान से उद्बोधन किया है। अयुतायु इक्ष्वाकु वंश
का एक सामान्य शासक था।

(48) ऋतुपर्ष : अयुताय के उपरांत इक्ष्वाकु वंशावली में ऋतुपर्ण का वर्णन है। पुराणों में इन्हें नैषध नल का मित्र बताया गया है।202 श्रौत सूत्र में ऋतुवर्ण के नाम का वर्णन हुआ है।

(49) सर्वकर्म : इक्ष्वाकुवंशी शासकों की सूची में सर्वकर्म के नाम का उल्लेख हुआ है। ब्रह्म और हरिवंश पुराण में सर्वकर्म को सर्वकर्मा का पर्याय माना गया है।

(50) सुदास : सुदास का उल्लेख ऋग्वेद में भी हुआ है।

(51) मित्रसह : मित्रसह का समीकरण सौदास, कालमास, पाद आदि नामों से किया जाता है। ब्रह्मपुराण, मत्स्यपुराण, हरिवंशपुराण आदि में वर्णन हुआ है कि मित्रसह और उसके वंशजों ने अयोध्या (कोशल) राज्य पर राज्य किया था।

(52) सर्वकर्मा : सर्वकर्मा मित्रसह कल्याणपाद के बाद कोशल का शासक बना। इसका एक भाई अश्मक था।

(53) अनरण्य : पद्मपुराण अनरण्य या अरण्य को सर्वकर्मा के उपरांत कोशल के शासक के रूप में स्वीकारता है। यद्यपि वायु पुराण मूलक को अगला शासक मानता है, किन्तु अन्य किसी साक्ष्य से इसकी पुष्टि नहीं होती है।

(54) निधन : निधन ने अध्‍योध्‍या पर राज किया लेकिन उनसे जुड़ी जानकारी से जुड़े कोई साक्ष्य उपलब्ध नहीं हैं।

( 55 ) अनमित्र एवं रघु : मत्स्य पुराण के अनुसार अनमित्र निधन के उपरांत कोशल का शासक हुआ। जिसने शीघ्र ही वनगमन किया। तत्पश्चात् रघु प्रथम ने शासक के रूप में शासन किया।

(56) दुलिदुह : शिव, पद्मपुराण, अग्निपुराण, मत्स्य पुराण आदि में दुतिदुह का वर्णन नहीं हुआ है। उपर्युक्त पुराणों ने इक्ष्वाकुवंशीय पीढ़ी में अग्निमित्र के बाद रघु के पुत्र दिलीप द्वितीय को ऐक्ष्वाकु राजा के रूप में माना है।

(57) दिलीप द्वितीय : दिलीप मनु के वंशज थे। ये अत्यंत शक्तिशाली, तेजस्वी एवं पराक्रमी थे। इन्होंने अपनी शक्ति से पूरी पृथ्वी को अपने वश में कर लिया। वें बहुत ही तीव्र दिमाग (बुद्धि) के थे। दिलीप ने रघुवंश के यश में पर्याप्त वृद्धि की एवं अश्वमेध यज्ञ का सम्पादन किया।

(58) रघु : दिलीप के उपरान्त रघु कोशल (अयोध्या) के राजा बने। पिता के द्वारा सभी वीरों के गुण इन्हें प्राप्त थे। कालिदास ने रघुवंश में रघु साम्राज्य को पूरे भरत में फैला हुआ बतलाया है।

(59) अज : अज रघु के पुत्र थे। ब्रह्ममुहूर्त में जन्म लेने के कारण पिता ने ब्रह्मा के नाम पर इनका नाम अज रखा।

(60) दशरथ : 'ऋग्वेद' में दशरथ का वर्णन है, किन्तु इन्हें असुर शासक के रूप में उद्धृत किया गया है। रामायण में दशरथ के सम्बन्ध में पर्याप्त साक्ष्य प्राप्त होता है, जो अयोध्या के शासक थे। इनके अश्वमेध के अवसर पर अनेक इनके अधीन शासक आये थे। कोशल का शासक भानुमन उन्हीं में से एक था। दशरथ ने देवासुर संग्राम में देवताओं का सहयोग किया था।

(61) श्री राम : मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान के सबसे बड़े अवतार, आदर्श राजा माने जाते हैं। इनके बारे में वेद पुराण रामायण और अन्य साहित्य में भरपूर वर्णन मिलता है।

No comments:

Post a Comment