Sunday, November 8, 2026

इतिहास के पन्नों में ओझल हुए बस्ती के हमारे ये पुरोधा साहित्यकार (बस्ती के छंदकार कड़ी 34 ) ✍️स्मृतिशेष डॉ मुनि लाल उपाध्याय "सरस"; प्रस्तुति:आचार्य डा.राधेश्याम द्विवेदी


जिन साहित्यकारों ने “बस्ती” को एक खास पहचान दिलाई, लोगों में साहित्यिक चेतना पैदा की, आज अपने ही गांव - क्षेत्र और जिले में बेगाने होकर इतिहास के पन्नों में सिमट कर रह गए हैं। जिन्होंने हिन्दी साहित्य के क्षेत्र में बस्ती को राष्ट्रीय ख्याति दिलाई। दुख इस बात का है कि यहीं के लोगों ने उन्हें भुला दिया। न साहित्य प्रेमियों को इन्हें याद करने की फुर्सत है और न ही शासन - प्रशासन को। कभी कभार आचार्य शुक्ल और रंगपाल जी को याद कर लिया जाता है। शेष लोग इतिहास के पन्नों में सिमट चुके हैं। कुछ अपने अपने सीमित साधनों से अपना अस्तित्व बचाने में लगे हुए हैं।
डॉ. मुनि लाल उपाध्याय “सरस” जी के शोध प्रबंध: “बस्ती के छंदकार” 

अध्याय - 1 
प्रमुख कवि -
पीताम्बर भट्ट
भवानी बक्स
बलदेव उर्फ बलदी
हनुमन्त भट्ट
रामगरीब चतुर्वेदी "गगाजन"
भास्कर प्रसाद चतुर्वेदी "दिनेश"
श्रीनारायण चतुर्वेदी
रामलोचन भट्ट
विश्वेश्वर वत्स “पाल”
महाराज शीतला बक्स सिंह "महेश"
लाल त्रिलोकी नाथ “भुवनेश”
पण्डित गौरीनाथ शर्मा
आचार्य लछिराम भट्ट 
कुल 14 साहित्यकार विस्तृत विवरण प्रकाशित है।
अध्याय - 2
प्रमुख कवि -
श्री बाबू रंगनारायण पाल 'वीरेश’
पंडित वलराम मिश्र "द्विजेश”
पंडित बुद्धिसागर मिश्र "पंचानन"
पं०रामचरित्र पाण्डेय ‘पावन’
पंडित रामनारायण चतुर्वेदी
लाल रुद्रनाथ सिंह "पन्नगेश"
पंडित भगौतीप्रसाद मिश्र "नन्दन”
पंडित रामभरोसे पाण्डेय "सूर्य"
पंडित रामाज्ञा द्विवेदी "समीर" 
पंडित जनार्दन नाथ त्रिपाठी "गोपाल"
आचार्य रामचन्द्र शुक्ल 
कुल 11 साहित्यकार विस्तृत विवरण प्रकाशित है।
अध्याय - 3
प्रमुख कवि -
श्री भास्कर प्रसाद "भास"
राजाराम शर्मा "अंचल"
बद्री प्रसाद मिश्र "हरीश”
रानी सौभाग्य सुन्दरी "सुन्दरअली"
लाल श्रीकण्ठ सिंह "ब्रजदेव "
बाबू श्री बद्रीप्रसाद " पाल"
श्रीरामदेव सिंह "कलाधर "
श्री अब्बास अली "वास"
पण्डित मातादीन त्रिवाठी "दीन"
श्रीगणेशदत्त पाण्डेय "विशिख"
श्री सरस्वती प्रसाद शर्मा "वारिज”
पण्डित मोहन प्यारे द्विवेदी "मोहन"
प० राम नारायण पाण्डेय "पागल”
श्री केदारनाथ मिश्र "दीन”
पंडित रामचरित्र उपाध्याय
पंडित व्रज विहारी चतुर्वेदी 'ब्रजेश'
श्री रामलाल श्रीवास्तव 'लाल'
पण्डित अद्या प्रसाद पाण्डेय 'द्विजेंद्र' 
श्री राम कृपाल पाण्डेय 
श्री राम आश्रय सिंह 'रसिकेन्दु' 
कुल - 20 कवि का विस्तृत विवरण प्रकाशित है।
फुटकर छंदकारों नामोलेख सूची -
सर्व श्री बुध यदुनाथ जी
आचार्य धनराज शास्त्री
महात्मा गुंगदास
पण्डित चिन्तामणि त्रिपाठी
पं० सीताराम शुक्ल
सन्त अखंडानंद जी 
सत्यदेव ब्रह्मचारी "सत्य" 
पण्डित भगवती प्रसाद मिश्र "अग्र"
सन्त फागूदास
रामयज्ञ त्रिपाठी "कंचन"
चन्द्रशेखर भारती 
राम लखन मिश्र "रामायणी"  
कमला पति त्रिपाठी "जोकरेश"
सुकवि रतिनाथ जी 
मातादीन लाल "मुख्तार"  
श्रीनरदेव पाण्डेय "साहित्यरत्न"
सुकवि चन्द्रवली त्रिपाठी
बासुदेव लाल "मुख्तार"  
कुल18 कवियों की संक्षिप्त जानकारी दी गई है।

अध्याय - 4. 
प्रमुख कवि -
सर्वश्री राम लखन मिश्र "मुदुल"
शारदा शरण चतुर्वेदी "मौलिक" 
रामनरेश पाण्डेय "पद्‌मेश"
घनश्याम प्रजापति "दंगल"
चिन्ताहरण पाण्डेय "फूल"
प्रेमशंकर मिश्र
जनार्दन नाथ पाण्डेय "ईश”
पं० राम सुमिरन पाण्डेय "सुमन"
पण्डित कंदर्प नारायण शुक्ल "कंदर्प"
ठाकुर भूरी सिंह "बालसोम" 
पण्डित ब्रजभूषण उपाध्याय "ब्रजचंद 
प० राममूर्ति मिश्र "सुधाकर", 
कृष्ण विहारी लाल "राही", 
डॉ.मुनि लाल उपाध्याय "सरस"
राम कृष्ण लाल "जगमग"
राम लखन मौर्य "मयूर"
कुल 16 छन्दकार का विशद विवरण प्रकाशित है।
नामोलेख सूची -
श्री धर्मेन्द्रनाथ त्रिपाठी
पं० सुरेश धर "भ्रमर"
प० हरिशंकर मिश्र, 
पण्डित हरिनाथ उपाध्याय "अटल"
पण्डित रवीन्द्रनाथ त्रिपाठी
पण्डित लम्बोदर पाण्डेय "अरुण"
सुकवि जगई भइया
पं० परमानन्द आनन्द
चन्द्रशेखर पाण्डेय 
रामरक्षा भारती "विकल" 
पण्डित सरस्वती प्रसाद शुक्ल "चंचल"

 रामनरेश सिंह "मंजुल"
पण्डित रामदास पाण्डेय गम्भीर"
पं० केशरीधर द्विवेदी
पं० उमाकान्त मिश्र "क्रंदन"
श्याम लाल यादव 
ठाकुर जगदंबिका सिंह "लल्लू बाबू"
रामेश्वर वर्मा 
माहेश्वर तिवारी "शलभ"
डा श्याम तिवारी
स्व. सर्वेश्वर दयाल सक्सेना 
माधव सिंह गौतम
डा. राधेश्याम द्विवेदी "नवीन"
भद्र सेन सिंह "भ्रांत"
गोपाल जी शुक्ल 
कृष्ण दत्त तिवारी "प्रेम"
गीतकार श्री शिव पूजन राय 
श्री सतीश श्रीवास्तव 
श्री विद्याधर द्विवेदी 
श्री राम शरण जायसवाल 
श्री चन्द पटवा 
श्री नरेंद्र कुमार पाण्डेय 
डा. सत्य देव द्विवेदी "सत्य"
श्री रामदेव मिश्र "पिंगल"
डा.सत्य प्रकाश उपाध्याय शास्त्री ' सत्य‘
इंजीनियर श्री अतुल द्विवेदी 
श्री कैलाश नाथ ओझा आदि।

इस अध्याय में कुल 37 साहित्यकारों की सूची प्रस्तुत है। पूरा शोध प्रबंध ग्रंथ कुल एक शतक कवियों पर आधारित बन पड़ा है। लगभग आधी संख्या के साहित्यकारों पर विशद विवेचन किया गया है। आधे पर अभी और शोध किए जाने की आवश्यकता है।



Friday, November 6, 2026

पण्डित राम चरित्र पांडेय ‘पावन’ : एक राजनेता की काव्य कुशलता (बस्ती के छंदकार भाग कड़ी 37)✍️आचार्य डॉ राधेश्याम द्विवेदी

  पण्डित राम चरित्र पांडेय स्वतंत्रता के पूर्व से ही बस्ती जिले के एक बेहद कद्दावर कांग्रेस नेता थे, जिन्होंने जिले कीशुरुआती राजनीति की दिशा तय की थी। उनका जन्म भाद्र कृष्ण पक्ष 6 मंगलवार सम्वत् 1941 वि० तदनुसार 1884 ई को हर्रैया तहसील के ‘बेलभरिगा राम गुलाम’ नामक गांव में हुआ था। उनके पिता का नाम श्री राम नेवाज पाण्डेय था। वहअपने समय के बहुत बड़े रईस और तालुकदार व्यक्ति थे। वे उस जमाने में कक्षा 4 तक ही पढ़े थे लेकिन घर पर उन्हें हिन्दी, संस्कृत, उर्दू, फारसी की शिक्षा अच्छे ढंग से दी गई थी। घर पर शिक्षा प्राप्त करने के बाद पुनः मैट्रिक करने के प्रयत्न में जब वह लगे तो गांधी जी के असहयोग आन्दोलन से प्रभावित होकर अपना पढ़ना बन्द कर दिया और स्वतन्त्रता सघर्ष में भाग लेने के कारण इनका व्यक्तित्व राष्ट्रीयता से ओतप्रोत हो गया। 
    इस आन्दोलन के सिलसिले मे वे प्रारम्भ से ही राष्ट्रीय रचनाएँ करने लगे थे। वे खड़ी बोली, ब्रज भाषा और भोजपुरी तीनों भाषाओ में ही साधिकार रचनाएँ किया करते थे। अपनी राष्ट्रीय रचनाओ के कारण जहाँ उनको 'पावन' नाम से जाता जाता था वहीं अपनी हास्य रसात्मक रचनाओं के कारण लुच्चेश' के नाम से भी विख्यात थे। भोजपुरी भाषा मे उन्होंने 'गंवार' नाम से अनेक प्रभावपूर्ण रचनाएँ की थी। चुलबुलेपन और व्यंग्य से परिपूर्ण हास्य-रसात्मक रचनाओं के कारण वे पूर्वी जनपदों में अत्यन्त लोकप्रिय थे। 

काव्य की भाषा :-
अवध क्षेत्र के निवासी होने के कारण उनका अवधी भाषा का ज्ञान पैतृक था। ब्रजभाषा के काव्यग्रंथों के अध्ययन से ये ब्रजभाषा के अच्छे ज्ञाता बन गए थे। भोजपुरी के मित्रों के साथ रहने से भोजपुरी के प्रति भी इनका अच्छा लगाव था और खड़ी बोली के राष्ट्रीय स्तर के कवियों के साहचर्य से उसके प्रति भी इनकी रूझान थी। इस प्रकार से अवधी, भोजपुरी, खड़ी बोली और ब्रज भाषा के ज्ञाता थे। पावन जी लुच्चेश और 'गँवार' उपनामों से भी क्रमश हास्य रसात्मक और जन बोलियों की रचनाएँ किया करते थे। आपकी खड़ी बोली की रचनाओ का सम्यक् आस्वाद उन अनेक कवि सम्मेलनों मे जन-साधारण को मिलता था जिनमे आपको ससम्मान आमन्त्रित किया जाता था। भाषा और संस्कृति उनके बहुआयामी लेखन और लोक-संस्कृति से जुड़ाव को दर्शाता है। वे मूल रूप से बस्ती के एक पारंपरिक ब्राह्मण परिवार से ताल्लुक रखते थे, जहाँ अध्यात्म, संस्कृत और साहित्य को पीढ़ी-दर-पीढ़ी संजोया जाता था। 
    पावन जी कवि सम्मेलन के बड़े शौकीन थे। इनके हास्य रस के छन्द हजारों श्रोताओं को लहालोट कर देते थे। उनकी राजनीति में अपनी अच्छी पैठ थी। वे अपने क्षेत्र में इतने लोक प्रिय थे कि स्वतन्त्रता के पूर्व ही जब देश मे विभिन्न प्रदेशों की विधान सभाओ का पहला चुनाव हुआ तब वे 1937 में काग्रेस की ओर से अपने क्षेत्र के एम०एल०ए० (विधायक) भी चुने गए थे। वह बेहद साधारण पृष्ठभूमि के एक जनप्रिय नेता थे। वह अपने समय में बस्ती में कांग्रेस के सबसे बड़े नेताओं में गिने जाते थे।1937 में आजादी के पूर्व हुए चुनाव में उन्होंने देशराज नारंग परिवार से जुड़े गोकुल चन्द नारंग को पराजित किया था। आजादी के बाद बस्ती जिले की राजनीति, विशेषकर हरैया और कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्रों में उनका गहरा प्रभाव था। उस दौर में उनके समर्थन में क्षेत्र में एक नारा बेहद प्रसिद्ध हो चुका था — 

"खाएंगे पिएंगे नारंग का, 
लेकिन वोट रामचरित्र पाण्डेय को।"

भाद्र कृष्ण पक्ष अष्टमी सं० 2014 वि० तदनुसार 4 अगस्त 1997 ई को पावन जी ने लम्बी बीमारी के बाद बस्ती धरा को त्यागकर पावन गोलोक वासी हुए। उनके परिवार की न्याय और वकालत के क्षेत्र में भी पहचान रही है। बस्ती जुडिशरी के रिकॉर्ड के अनुसार, उनके पुत्र गोपाल चंद पांडेय वर्ष 1972 में सिविल बार बस्ती में अधिवक्ता के रूप में पंजीकृत हुए हैं जो रंजीत कॉलोनी, मालवीय रोड, बैरिहवा, बस्ती में रहते हैं।    
 
कवियों का सानिध्य :-
पावन जी ऐसी परम्परा के कवि थे जहाँ रईसी अधिक थी। रंगपाल जी और द्विजेश का सान्निध्य इन्हें बराबर मिलता रहता था। रामाज्ञा प्रसाद द्विवेदी 'समीर' इनके अभिन्न मित्रों में से थे। पावन जी एक प्रतिभा सम्पन्न छन्दकार थे। राजनीति में रहने के कारण लखनऊ और कानपुर के छन्दकारों से इनका बड़ा घनिष्ठ संबंध था। सनेही और हितैषी मण्डल के छन्दकारों के साथ इनका जितना सम्बन्ध था उससे कम नहीं गुप्त , हरिऔध और माखन लाल चतुर्वेदी आदि से था। वह शेरवानी और चूडीदार पैजामा पहनते थे और पान आदि का अध्यधिक सेवन किया करते थे। उनके कवि मित्रों का दरबार उनके घर पर ही लगा रहता था।

कवित्त और सवैया छंदों की साधना :- 
पंडित राम चरित्र पांडेय 'पावन' जी पारंपरिक भारतीय छंदों (जैसे दोहा, सवैया, कवित्त और चौपाई) के बड़े ज्ञाता थे। उनकी रचनाओं में मात्राओं और वर्णों का अनुशासन स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। वे मुख्य रूप से काव्य कला की परंपरा और छंद विधा के संरक्षण के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने हिंदी साहित्य की प्राचीन और समृद्ध धरोहर—कवित्त और सवैया छंदों में उत्कृष्ट रचनाएँ की हैं। जहाँ आधुनिक काल में मुक्त छंदों का चलन बढ़ा, वहीं 'पावन' जी ने अपनी लेखनी को शास्त्रीय नियमों में बांधकर रखा। उनके सवैया और कवित्त में अद्भुत लय, आंतरिक संगीत और तुकबंदी होती थी, जो श्रोताओं को तुरंत मंत्रमुग्ध कर देती थी। 

सरल और लोक-उन्मुख भाषा: 
'पावन' और 'गंवार' जैसे उपनाम इस बात के प्रतीक हैं कि वे अपनी कविताओं में आम जनमानस और ठेठ लोक-भाषा की सादगी को समेटे हुए थे ताकि एक साधारण व्यक्ति भी काव्य का आनंद ले सके।

काव्य साधना के मुख्य विषय: 
उनकी रचनाओं के इतिहास को देखें तो उनका झुकाव मुख्य रूप से भक्ति रस, राष्ट्रीय चेतना, और ग्रामीण अंचल के यथार्थ पर था। उन्होंने सनातन संस्कृति, भगवान श्रीराम के चरित्र और लोक- कल्याण की भावना को अपनी कविताओं का मुख्य आधार बनाया।

प्रकाशित रचनाएं -
आपकी विभिन्न विधयक रचनाओ के तीन-चार सकलन ही प्रकाशित हुए थे। इसके अलावा अनेक राजनीतिक सामाजिक तथा धामिक विकृतियों पर व्यग्य करने मे आप बहुत सिद्धहस्त थे ।
1. माता पिता स्तवन 
2. ढेलाष्टक
3. कुरकुराष्टक 

   पावन जी के घर जब डा.सरस जी अपने शोध प्रबंध के सिलसिले में गए थे तो पावन जी के सुपुत्र श्री बद्री प्रसाद पांडेय “ऋषि बाबू” से इनकी 13 हस्त लिखित डायरियाँ देखने को मिली थी। इनके डायरी के देखने से ऐसा ज्ञात होता है कि ये 14 वर्ष की अवस्था ही कविता करने लगे थे। सभी डायरियों में इनकी फुटकर कविताएँ इनके ही हाथों से लिखी गई हैं। प्रायः कविताओं पर तिथि का भी अंकन हुआ था । इनके अधिकांशतः छंद तत्कालीन पत्र पत्रिकाओं में देखने को मिलते हैं। इनकी समस्या पूर्तियां बड़ी ही सद्यः ज्ञात होती थीं।

गावै राग फाग चौताल को उड़ाय धावै, 
पावै दिन दूनो निशि चार गुनो मोदरी ॥ 
राउ रंक एक भाउ पाइकै निहाल होते, गावत कबीर नही जानत सहोदरी ॥
रंग घोरि नावैं रोरी कुंकुम उडावें तापै, 
गीत बहु गावें करि साजन को गोद री ॥ मोद को समूह जूह खेद को हरैया वीर, फागुन न आयो सखी रागन की टोकरी ॥

  पावन जी का यह छन्द उनके किशोर अवस्था का छन्द है जिसमें श्रृंगार की छटा एक किशोर कवि के मुख से अन्तर्मन की अभिव्यक्ति के रूप में छन्द के माध्यम से प्रस्तुत की गई हैं। दिनांक 04. 03.1905 ई० का समय था पावन जी घोड़े पर सवार होकरके अपने निवास स्थान बेलभरिया से हरगाँव जा रहे थे वहाँ बसंत वैभव से उनका किशोर मन झूम उठा। उन्होनें छन्द बसन्त को इस प्रकार लिखा है -

आयो है बसन्त छहरायो हैं छटान आज, छायो है लतानन में नवल वितान को । पनस, रसाल, निम्ब, नेबुला, कदम्ब जेते, सब सरसायो ढंग मन्मथ महान को । चातक चकोर भौर भीरन गनै को सखि,
भली बनी आई पीही कोकिला सुगान को। जो पै बगरायो है जहाँन मैं प्रभा को निज दीन्यो पै निसान ऋतुराज विटपन को।।

   उन्होनें होली छन्द इस प्रकार लिखा है -

आयी आजु मंजु कुंज पुंजन बितान बीच. 
सुषमा सनेह सजो हास्य घट ढलि गो । कीरति किशोरी थोरी वयस अथोरी बाल, संग लै सुलाल धरिवे को चुप चलिगो । श्यामा वेश धारि करतारि है चरित्र तहाँ, जसुदा कुमार सखियाँ समूह हलिगो, 
जौ लौ जान प्यारी पिचकारी लै सुधारी, 
तो लौ गोरे गालन गुलाल लाल मलिगो ।।

    इन दोनों छन्दों में पावन जी की तरूणाई झलक उठी है। पावन जी उस समय अपना साहित्यिक उप नाम का नामकरण नहीं कर सके थे क्योंकि होली गीत के पांचवे पंक्ति में अपने नाम के एक भाग ‘चरित्र’ शब्द का प्रयोग किया गया है। अनुप्रास की छटा में कवि का मनोरम तरुणाई की उमंग लिये कूक उठा है। अन्तिम छन्द में संयोग का जो पावन का रंगीला हृदय खींचा है वह बड़ा ही भावपूर्ण है। उनके युवा अवस्था का ही एक छन्द और देखें-

जौवन भोरी किशोरी कोऊ 
कुंजरा की रसालन लै परगाम लौं, 
बेचिवे के हित बैठी तहाँ 
छवि की कथा फैली आराम लौं धामलौं । 
देखिवे दौरे दुचंद सवै सुनि 
पावन हूँ पहुँचे तोहि ठाम लौं । 
दौरि के दीन्हीं दवाइ दुहूः 
बोली वा जवै चलो आमलो अमलो ।।

   इस छन्द में किशोर कवि की आपबीती उच्च शृंखला दर्शनीय है। अमलो शब्द से श्लेष छटा में युवक छन्दकार ने जो आनन्द लिया है उसकी तलाश कौन रसिक नहीं करता होगा।
    पावन जी श्रृंगार के बड़े ही तीखे छन्दकार थे। उनके छन्दों की चोट से श्रोता और काव्यं रसिक मर्माहत हुए बिना बच नहीं सकते थे। पावन जी के निगाहों से गुजरती हुई रूपवती तस्वीर भावुकों के मन दर्पण में चित्रित हुए बिना रह नहीं सकती थी। अभावों की मस्त चकोरी सी नायिका का एक चित्र देखिए -

किन केतऊ कोऊ कहै कछु पावन प्रेम के पंक फंसी सी रहै, 
धनिभाव की भोरी चकोरी नितै नव नेह की डोरी लसीसी रहै । 
मिलिवे सुघा बिन्दु कहानी कहा चिनगी निसों चोंच कसी सी रहै, 
निसिद्यौस वियोग फंसी सी रहै तऊ नेह ससी मैं धसी सी रहे।।

   पावन जी के इस छन्द में श्रृंगार रस छलक पड़ा है। इसमें वियोग भाव पनप उठा है।1913 मे मखौड़ा में कवि सम्मेलन हुआ था। वहाँ पर पावन जी ने जो छंद पढ़ा था वह प्रस्तुत है-

जिस पवित्र स्थान में हैं आज आये वन्धुवर, 
उसका भी कुछ हाल कहता आपसे दरकार है। 
है यही उत्पाद की श्रीराम से सुन्दर सपूत, जो हमारा इष्ट व परमात्मा अवतार है।।

     इस छन्द पर गुप्त जी के भारत भारती का प्रभाव है। जो किशोर कवि के उद्गार के रूप में व्यक्त हुआ था। 1916 में विक्रम- जोत में छत्रिय सम्मेलन हुआ था, उस समय दहेज विरोधी छन्द पावन जी ने इस प्रकार पढ़ा था-

करना हमें उपदेश तो अब पूर्व सा आता नहीं। 
आचार्य वंशी है इसी से चुप रहा जाता नहीं।
ईति को जीतो कलेजा भीति का भी तोड दो ।
बस यही है कामना सतले असत को छोड़ दो। 
सुत कनयकाओं के बराबर बेचने में पाप है।
निष्याप बनने को दहेज अब मांगना सब छोड़ दो। 
उद्धार कर दो घर्म का धारा बहा फिर प्रेम की।
उमड़ी हुई यह वाटिका नन्दन बनाकर छोड़ दो।।

    इस कविता में लगभग 150 पंक्तियाँ उनकी डायरी में देखने को मिली जिसमें सामाजिक सुधारों के प्रति कवि के भाव व्यक्त किये गये हैं।

पावन जी के राष्ट्रीय विचार-
पावन जी राष्ट्रीय विचारों के कवि थें। वे
व्यक्तिगत सत्याग्रह में ब्रिटिश सरकार द्वारा 14 सितंबर 1940 को साढ़े चार माह की सजा काट चुके हैं। (संदर्भ: श्री चन्द्र बली मिश्र कृत -"बस्ती वसुधा", पृष्ठ -106)। 
वे परतन्त्रता की बेड़ियों में कसी भारत माता के असहाय सपूत थे इसलिए उन्हें स्वाधीनता के लिए सदैव लगन लगी रहती थी। एक छन्द देखिए -

गारिबे गरूर है अगारी रूचै बैरिन के, 
पैरन यै आपने हमै भी कछु बूत है।
दीनता मैं, हीनता मैं, पीनता आधीनता मैं, घरम घुरीनता की करनी अकूत है । 
रंग रूप भेदन प्रभेदन के वेदन तैं ,
कहिवे परत जाको अमित सबूत है ।
जन्मभूमि राम के कलैया के वरैया यातें, काले है जरूर पै न काली करतुति है ।।

   यह अंग्रेजों के प्रति कही गई अन्योक्ति कितनी सार्थक है। हिन्दी के प्रति पावन जी की पंक्तियाँ कितनी भाव प्रधान हैं-

उन्नति उषा कढ़ी तम व्योम है एकता भानु प्रभा गहने लगी । 
कारे मलिन्दन की अवली अरविन्द कोरी कली लहने लगी । 
त्यो पछुवा को प्रपच गयो अस पुरबी बात बढ़ी रहने लगी । 
आम भीनी सनेह सनी अब हिन्द में हिन्दी हवा बहने लगी ।।

    राष्ट्रीयता का स्वर इस छन्द का प्राण है। पछुवा हवा अंग्रेजियत का प्रतीक है। अन्धकार पर अरूणादेय के माध्यम से अंग्रेजी पर हिन्दी का पाश्चात्य सम्यता पर पौरवात्य का प्रभाव सांस्कृतिक और राजनैतिक परिप्रेक्ष्य में बड़ा अन्योक्ति परक है। उसी ही क्रम में एक और छन्द प्रस्तुत है-

लाइये पावन मंजु विचार हिये केहि भांति स्वजाति जगाइये । 
गाइये द्यौस निशा हरि को परिरंच प्रपंच न वंच कहाइये । 
हारिये द्वेष दुराग्रह द्वंद्व अमंद सुमारग नेह के धाइये । 
धाइये जो बल सिंह समान पै गीदड़ पै जनि हाथ चलाइये ।।

    प्रस्तुत छन्द में एक घटना का चित्रण है। पावन जी अपने सीरवार मनोहर सिंह के साथ हरिगाँव जा रहे थे। दोनों घोड़े पर सवार थे। मनोहर अपने बरछे से गीदड़ पर प्रहार करना चाहा तब तक पावन जी ने उन्हें रोक दिया और हरिगाँव पहुँचने पर यह छन्द पढ़ करके तुरन्त सुनाया।

सुदामा चरित :- 
पावन जी बड़े ही सामाजिक भावधारा के कवि थे। 'सुदामा चरित पर उन्होनें अपनी डायरी में 9 छन्द लिखा है। उसमें से एक छन्द देखें-

आते ही रुला दिया हमारे द्वारिकेश को, वेस था न भूषा थी नर ऐसा नर था ।
पीठि पै न पट था लंगोटी लटी छोटी लंक, वोटी थी न हाँड हाँड आ रहा नजर था । कौन था कहाँ का था सघा था कौन यंत्र मंत्र।
बोला भी न मुख से न नीचा किया कर था।
उलटे झुरे से मुँड ले गया खिला के कुछ, पागल बना दिया अजीव जादूगर था ।।

    सुदामा चरित्र के सभी छन्द पावन जी के काव्य कौशल के प्रतीक हैं ।पावन जी के सामाजिक सुधार के छन्द बड़े अच्छे हैं। बेगार लेने वालों पर कैसा व्यंग्य है -

नमक हराम वरजोर बेईमान सारे नाम के नकारे से बिचारे काज करते । 
बोल-बोलि ताने वार-वार लौ सुझाय हारे लाख समुझाये पै न केह कान धरते।
जोतिवे को बोहवे को रंच न फिकिर, हिय में दाना परा खेत में तो चोथि चोथि चरते। 
मिलिहैं न ठौर रौखा हूँ बीच बैठिवे को ऐसे पाजियों को जो मजूरी मुफ्त हरते।।

    शोषक और शोषित का ऐसा चित्र कम ही देखने को मिलता है।

पावन जी और उनका फटकाराष्टक-
हास्य रस के परिप्रेक्ष्य में 'लुच्चेश' नाम रखकर पावन जी ने जिन छन्दों की सर्जना किया है वे व्यंगयात्मक हास्य रस से सराबोर है। यथा -

कहा था तुम्हें जो कुछ गोरियों ने काला कभी, 
बात ही थी ह्याँ तो गोरे लात से लचाहूँ मैं । नेह से नचाया तुम्हें छोहरी छबीलियों ने, वासना विसासेनी सनेहन संचा हूँ मैं । दावानल ब्रज का जरा सका था फूस-फास अजब निरासा की दवारि सैं तँचाहूँ मैं । करोगे बराबरी ‘लुचेश’ की कहाँ से हरी बाजी बाजी बात में तुम्हारा भी चचाहूँ मैं।।

    पुनः एक छन्द और प्रस्तुत है -

रीझते नहीं हौ तो न रीझो मन मालिक हौ। जी चहै पसीजो या बने ही रहो पूरे संठ । माखन मलाई मेवा मिश्री चखाओं चाहै, घोटिं घोटि घोटि कै पिलाओ घोंटिविषगंठ। एक ही सलाह बस देता है 'लुचेश' तुम्हें, बुद्धिमान मानो अनुमानो या महान लंड । चैन कै समझया मैं कन्हैया सुनो या न सुनो
पीर के हरइया परे भीर तो लगा लो कंठ।। 

    फटकाराष्टक के इन छन्दों में बड़ा पैना तीखा व्यंग्य है। हास्य रस पावन जी का अपना था। हास्य के विविध प्रकरणों पर वे कवियों के बीच में 101 ठहरते थे।समस्या पुर्तियाँ उनकी जुबान पर रहती थीं। इन्हें अपने विधायक होते हुए भी इनकी एक भी पुस्तक प्रकाशित नहीं हो सकी। इन्हें अपने स्थान की कोई चिन्ता नहीं थी। प्रचार प्रसार से इतना दूर रहते थे किकाव्यानुभूति स्वान्तः सुखाय के लिए मिली थी जिसको उन्होने स्वयं ही स्वीकारा है-

बूढ़ी बैसवारी से लगन लगाते कहूँ, 
चित्त न चढ़ाते जिन्हें हारे भोग केते हैं। मीठ हूँ से मीठतौ हूँ सिठाई जाचत झूठ, या ते सुधा सानी पातरी हूँ टारि देते हैं। आपने मिजाजकी मिलै तोहै मिजाजनी के
ना तो सवै फीके या जहाँ के योग जेते हैं। नये हावभाव नये भाषा वेश भूषहिं सजी कविता कुमारी को 'लुचेश' रस लेते है।।

  इसी ही क्रम में एकऔर छन्द प्रस्तुत है -

पढ़े पंडितो का पद पोस हूँ मैं, 
कवियो का रंग मजमून हूँ मैं । 
हम नाक कटी ईर्ष्यालुओं के, 
किसी अंग विशेष का चूनहूँ मैं । 
मिलै आसन ऊँचा विरोधियों को, 
लिये सामने लम्बा सुतून हूँ मैं । 
कविता कला कामिनी नाचती तो, 
तुकताल मिलाता वफून हूँ, मैं ।।

    इन दोनों छन्दों में कवि की हास्य परक वक्रोक्ति मुखरित हो उठी है।

      पावन जी बड़े ही निर्भीक कवि थे। वे कहने में रंचमात्र भी नहीं डरते थे। तीखा व्यंग्य उनका अपना मौलिक गुण था। स्वाभिमानी तो इतने ये कि जल्दी अपने टेक से झुकते नहीं थे। एक छन्द दखिए -

नेह सो हंकारे तहां जाइये नासिका के बल छाडि छल जूठी पात री हूँ टारि थरि है। पायन परवारि ही सुधारि ही सुआसन को, विजन बतासन हैं सीरे गात करि हैं। 
हरि है जहाँ लौं कठिनाई सेवकाई करि, सुजन समाज में बड़ाई भूरि भरि हैं। 
मानी बनि तानै भौंह पावन की तानि तिन्हें पसन समान मानि रंजहूँ न हरि हैं।।

   पावन जी के मित्रों में जगदीशपुर घराने के कुंवर श्याम नारायण जू देव शर्मा बड़े ही आत्मीय थे। पावन जी का वहाँ बड़ा सम्मान होता था। सैकड़ों छन्द इनसे संबंधित इनकी डायरियों में देखने को मिले हैं। 25. 03.1918 को होली के अवसर पर लिखा गया एक छन्द देखिए-

विनवऊँ जमदाकार मुबारक होली होवै । सुहृय सुदल नित बढ़े शत्रु की टोलीरोवै । हो प्रणाम स्वीकार प्रथम पुनि कृपा भाव सों। 
पावन शुभ आशीष लीजिए श्यामचावसों।।

नीति के छन्द :-
पावन जी ने नीति और धार्मिक भावनाओं पर शताधिक छन्दों की रचना किया है। यह कृष्णोपासक कवि थे। संसार और संसार की निस्सारता को चित्रित करने में पावन जी का एक छन्द प्रस्तुत है-

परम् प्रचण्ड दण्ड तरू गिरि खंडन में, धार्यो है सुधारि वीर सामुहे न जिनके । सक्र हू सकाने देखि भमरि भगाने जिन्हें, तेऊ काल गाल में समाने गिन-गिन के । विज्जु की अभा सी द्वैक छनकी छवीली छटा, 
रेनु की अटा सी वटा नट औ नटिनि के । गोरे-गोरे गातन पै नेक न गरूर की जै, जोवन जवानी ये जालूस चारि दिन के ।।

     पावन जी ब्रजभाषा के उच्च स्तरीय छन्दकार थे। घनाक्षरी मनहरण, सवैया, दोहा, रोला, सोरठा, हरिगीतिका आदि छन्दों के बहुतायत प्रयोग इनके काव्य में मिलते है। छन्दों में सफाई है। भोजपुरी
अवधी और खड़ी बोली का समुचित जान होने के कारण छन्दों की भाषा मिश्रित सी हो गई है। किन्तु वर्णन रीति परम्परा के सन्निकट श्रृंगार और हास्य रस के उत्कृष्ट कवि के रूप में कवि मंचो से लेकर साहित्यिक गोष्ठियों तक पावन जी को सदैव प्रतिष्ठा मिली है। उर्दू शब्दो का यत्र-तत्र प्रयोग तत्कालीन रईसी भरी दरबारी चाल-चलन का प्रभाव सूचित करता है। अलंकारों के प्रयोग में पावन बड़े सहज हैं। उपमा, रूपक, उत्प्रेक्षा, अन्याक्ति, ब्याज स्तुति यमक आदि अलंकार यत्र-तत्र प्रयुक्त हुए है। मुहावरों का प्रयोग उनके प्रायः अधिकांशतः छन्दों में हुए है। तीखे व्यंगों से कथ्य शिल्प रोचक बना दिया गया है। कहीं-कहीं पर अश्लील शब्दों का भी प्रयोग है। इनके हस्त लिखित डायरियों में लगभग एक हजार छन्द विविध प्रकरणों पर लिखे हए देखने को मिले। सभी छन्द अस्त-व्यस्त क। इनका संकलन करके कई संग्रह रूप दिया जा सकता है। प्रकाशन होने से पावन जी के ऊपर एक स्वतंत्र शोध किया जा सकता है। पावन जी रंगपाल, द्विजेश, परम्परा के महत्वपूर्ण कड़ी है। रंगपाल की के सान्निध्य में और द्विजेश जी के सम्पर्क में रहकर पावन जी ने अपनी कांव्य यात्रा को जनपद के लिए साहित्यिक सम्पन्नता की ओर ले जाने में पर्याप्त सक्षम प्रयास किया है। यदि हरिहरपुर में रंगपाल जी के यहाँ कवि कोविद उपस्थित होकर जनपद के छन्दकारों को छन्दों के व्यापकत्व से शिक्षित दीक्षित कर रहे थे तो द्विजेश जी की छत्रछाया में जनपद के सुधी छन्दकार दीक्षित हो रहे थे। जनपद के पश्चिमांचल में जनपद के ही नहीं प्रान्त के कोने-कोने से पधारने वाले कवि छन्दकारों को पावन जी का आतिथ्य जनपदीय चेतना में प्राण फूंक रहा था। पावन जी का साहित्यिक योगदान बहुत ही विशिष्ट था। वह छन्द परम्परा के उन्नायकों में जनपद के आश्रयदाता और कवि दोनों थे।भाद्र कृष्ण पक्ष अष्टमी सं० 2014 वि० तदनुसार 4 अगस्त 1997 ई को पावन जी ने लम्बी बीमारी के बाद बस्ती धरा को त्यागकर पावन गोलोक वासी हुए। 

स्मृति में अमृत सरोवर का निर्माण -
वर्तमान समय में भारत सरकार के अमृत सरोवर अभियान के तहत उनके गृह ग्राम 'बेलभरिया राम गुलाम' में उनकी स्मृति को अक्षुण्ण रखने के लिए "स्वर्गीय पंडित राम चरित्र पांडेय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी अमृत सरोवर" का निर्माण किया गया है। भारत सरकार की 'अमृत सरोवर योजना' के तहत इसका जीर्णोद्धार और सुंदरीकरण किया गया है, ताकि जल संरक्षण के साथ-साथ इस स्थल को एक दर्शनीय और प्रेरणादायी स्थान के रूप में विकसित किया जा सके।

(मूल स्रोत: डा मुनि लाल उपाध्याय ‘सरस’ के शोध प्रबंध:”बस्ती जनपद के छंदकारो का साहित्यिक योगदान” भाग 1, पृष्ठ 111- 121 से साभार)

लेखक परिचय :-
आचार्य डॉ.राधेश्याम द्विवेदी 
8/ 2785, आनंद नगर, कटरा 
जिला बस्ती- 272001(उत्तर प्रदेश)
(लेखक भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण, में सहायक पुस्तकालय एवं सूचनाधिकारी पद से सेवामुक्त हुए हैं। वर्तमान समय में उत्तर प्रदेश के बस्ती नगर में निवास करते हुए सम-सामयिक विषयों, साहित्य, इतिहास, पुरातत्व, संस्कृति और अध्यात्म पर अपना विचार व्यक्त करते रहते हैं। वॉट्सप नं.+919412300183)


 






Tuesday, November 3, 2026

पिता सी प्रतिभा वाली पुत्री दुर्गावती त्रिपाठी ✍️( बस्ती के छंदकार भाग 3 कड़ी 34)आचार्य डॉ राधेश्याम द्विवेदी

          श्रीमती दुर्गावती त्रिपाठी 

आचार्य रामचंद्र शुक्ल जी की ज्येष्ठ पुत्री स्मृतिशेष श्रीमती दुर्गावती त्रिपाठी का जन्म 13 अक्टूबर 1902 में मिर्ज़ापुर में हुआ था । वह अपने ज़माने की सोच, समझ और व्यवहार से बहुत बहुत आगे रहीं। उनका विवाह ग्राम सेखुई, कोटिया, तहसील शोहरतगढ़ जिला सिद्धार्थ नगर   (उस  समय  के जिला  बस्ती) के मूल निवासी पं०चन्द्रबली त्रिपाठी के साथ हुआ था, जो संस्कृत और हिंदी के उच्चकोटि के प्रख्यात विद्वान और छंदकार थे। कोटिया नामक गांव शोहरतगढ़ तहसील में बढ़नी अंतर्राष्ट्रीय सीमा के पास जोगिया खास ब्लॉक में स्थित एक आबाद गाँव है।  2011 की जनगणना के अनुसार, यहाँ 70 परिवारों में 400 लोग रहते हैं और इसका क्षेत्रफल 33.39 हेक्टेयर है। स्थानीय संदर्भों में यह नखही ग्राम पंचायत, जोगिया खास  ब्लॉक शामिल हैं । उनका निकटतम शहर सिद्धार्थ नगर है, जो वहां से लगभग 36 किमी की दूरी पर स्थित है।

             पं०चन्द्रबली त्रिपाठी

पण्डित चन्द्रबली त्रिपाठी से विवाह के उपरान्त वह अपने पति के साथ तत्कालीन जिला मुख्यालय बस्ती में रह कर वह कर दिखाया जो किसी 'ब्राह्मण' कुलवधू के लिए आज भी संभव नहीं है। उन्होंने घर के 'उठाऊ इज़्ज़तघर' की सफाई करने वाले गोकुल नामक भंगी के गंभीर रूप से रुग्ण होने पर स्वयं भोजन और पथ्य ले कर दो मील पैदल चल कर लगभग पंद्रह दिन उसकी सेवा-सुश्रूषा किया था। पड़ोस के नन्दौर गाँव के मौलवी हसन अली के घर आने पर उन्हें घर के बर्तनों में भोजन कराने तथा उनके बीमार होने पर अपने हाथों उनकी हर तरह से उनकी तीमारदारी, साफ़ सफाई और देखरेख की जिम्मेदारी भी बखूबी निभाई थी। बिहार में आये 1934 के भीषण भूकम्प और 1943 में बंगाल के दुर्भिक्ष में अन्न-वस्त्र-धन जुटा कर भेजवाने में भी उन्होंने सक्रिय भूमिका निभाई थी। वह औपचारिक शिक्षा के बिना बांग्ला, पाली, ब्राह्मी में प्रवीणता प्राप्त कर ली थीं। उनकी बौद्ध धर्म में गहरी अभिरुचि थी। उन्होंने लुम्बिनी, श्रावस्ती, सारनाथ, महादेवा और सिसवनिया जैसे प्राचीन ढूहों, टीलों, पुरास्थलों का भ्रमण किया था। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में भागीदारी भी निभाई थी जो उनके व्यक्तित्व के विलक्षण पहलुओं का द्योतक हैं। इतना ही नहीं, अपने संकलन में से लखनऊ संग्रहालय को पुरावेष भेंट किया था । उन्होंने बस्ती में संग्रहालय की स्थापना करायी थी।बस्ती में यह संग्रहालय सेक्सेरिया स्कूल और गांधी कला भवन में संचालित रहा। उन्होंने कोपिया के प्राचीन टीले का निरीक्षण करके निष्कर्ष निकाला कि यहाँ शीशा गलाने के प्राचीन उद्योग रहे होंगे और सन 2004 के आसपास डेकन कालेज के प्रोफेसर डॉ. आलोक कुमार कानूनगो द्वारा कराए गए उत्खनन से उसकी पक्की पुष्टि  भी हुई है। 

विशाल वट वृक्षवत सम्बल - 

दुर्गावती त्रिपाठी को लोग “दादी अम्मा” भी कहते थे। उनकी शख्शियत ऐसी रही कि जिसने 'वटवृक्ष के नीचे किसी और वृक्ष के न पनपने' और किसी स्त्री की पहचान उसके पिता, पति या पुत्र-पौत्रों की पहचान से जुडी होने' जैसी आम धारणाओं को अपने मामले में पूरी तरह झुठला दिया। वह केवल इसलिए नहीं जानी जाती हैं कि वह हिंदी के प्रकाण्ड पण्डित आचार्य राम चंद्र शुक्ल जी ज्येष्ठा पुत्री और तब के पूर्वांचल के जाने माने पण्डित चंद्रबली त्रिपाठी की धर्मपत्नी रहीं। वह ना ही इसलिए प्रख्यात हुई कि उन्होंने सुविख्यात चार-चार प्रतिभाशाली पुत्रों को जन्म दिया। यथा डॉक्टर चंद्रचूड़ मणि - बौद्ध विद्वान, श्री चंद्रमौलि मणि - प्रखर मेधा के धनी और रेलवे के उच्चाधिकारी, श्री चन्द्रभाल त्रिपाठी -  पिछली शती के पांचवें दशक के जाने माने छात्र नेता, लखनऊ विश्व विद्यालय छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष, चिंतक और मानव शास्त्री तथा श्री चंद्रधर त्रिपाठी - भारतीय प्रशानिक सेवा (आई. ए. एस.)। वह ना तो इस कारण प्रसिद्धि पाई कि उनका पौत्र  महानिदेशक, राष्ट्रीय संग्रहालय ; अपर महानिदेशक भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण रहा तथा अयोध्या जैसे अनेक सांस्कृतिक स्थलों का उत्खनन और परीक्षण कर भारत सरकार द्वारा पद्म श्री अर्जित किया है। वह ना तो इस कारण प्रसिद्धि पाई कि उनका पौत्र आई. आई. टी. दिल्ली में गणित के प्रोफेसर अथवा दिल्ली हाई कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता जैसे ऊंचे ऊंचे मुकाम हासिल किए थे। अपनी दुर्लभ प्रतिभा की बदौलत, माँ, अम्माँ, दादी अम्माँ के ममत्व भाव से कहीं ज्यादा करुणामूर्ति, विदुषी और क्रांतिकारी के रूप में वह सर्वदा जानी पहचानी जाती रहेंगी। 

 बस्ती वालों को तो इस बात का गौरव भान रहेगा ही कि ऐसी निराली दादी अम्माँ रहीं हमारी कोटिया वाली, इससे आगे बढ़ कर वे पूरे पूर्वांचल, देश और मानवता के लिए वे सदैव एक अजस्र प्रेरणा- स्रोत बनी रहेंगी। समाज का ताना- बाना ऐसी ही विभूतियों के योगदान से सुदृढ़ होकर टिका रहता है ।

     दुर्गावती के पति पण्डित चन्द्र बली त्रिपाठी की प्रसिद्ध पुस्तक 'भारतीय समाज में नारी आदर्शों का विकास' के हिंदी संस्करण का प्रकाशन "दुर्गावती त्रिपाठी प्रकाशन, बस्ती, उत्तर प्रदेश" द्वारा वर्ष 1991 में किया गया था। 

सिसवनिया पच्चीसा जिला बस्ती में पुरातात्विक खोज :-

बस्ती जिले के सदर बस्ती तहसील का सिसवनिया गांव महुली महसो राजमार्ग पर कुवानो तट पर स्थित है जो बौद्ध कालीन सेतव्या सिंसपावन विहार का अवशेष भी कहा जाता है। बौद्ध पाली ग्रंथ दीर्घ निकाय के पयासी सूत्र निपात (पराभन नग्न की प्रत्युगाथा) शिशुप बन आदि प्रसंग में ज्ञानधनी इस गांव का नाम सेतव्या पाया गया है। 1944 - 45 में श्रीमती दुर्गावती त्रिपाठी एवं उनके पुत्र चंद्र मणि त्रिपाठी ने कुछ साक्ष्य एकत्र कर पेपर प्रकाशित कराया था। उत्तर कौशल का यह क्षेत्र 600 ई पू में राज्य द्वारा शासित क्षेत्र था। ( चन्द्रबली मिश्रा:”बस्ती बसुधा”, पृष्ठ 84 )

          डॉ. बी.आर. मणी 

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) द्वारा उत्खनन: 

बाद के वर्षों में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण  के पूर्व अपर महानिदेशक डॉ. बी.आर. मणी बचपन में अपने दादी मां श्रीमती दुर्गावती त्रिपाठी एवं पिता डॉ चंद्र मणि त्रिपाठी के अनुभवों और स्मृतियों को चिर स्थाई करते हुए एक उत्खनन दल गठित करते हुए  वर्ष 1995-96 और 1996-97 के दौरान यहाँ वैज्ञानिक तरीके से विस्तृत उत्खनन कार्य कराया था। सिसवनिया में मुख्य उत्खनन के साथ-साथ डॉ. बी. आर. मणी की देखरेख में बस्ती और सिद्धार्थ नगर जिलों में व्यापक सर्वेक्षण भी किया गया, जिसके तहत लगभग 126 नए पुरातात्विक स्थलों की खोज की गई थी। इसी दौरान भद्रेश्वर नाथ के पास स्थित देउरांव, पिपरी, ओरई, धर्मसिंहवा और मुंडियार जैसे निकटवर्ती क्षेत्रों में भी प्रारंभिक परीक्षण खुदाई की गई थी।

                डॉ. राकेश तिवारी

(मूल स्रोत: डॉ. राकेश तिवारी के फेसबुक वाल दिनांक 21 अक्टूबर 2018 से साभार)


       आचार्य डॉ.राधेश्याम द्विवेदी 

लेखक परिचय :-

पता : वार्ड नम्बर 8/ मकान नम्बर 2785, आनंद नगर, कटरा  जिला बस्ती-  PIN 272001(उत्तर प्रदेश)

(लेखक भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण, में सहायक पुस्तकालय एवं सूचनाधिकारी पद से सेवामुक्त हुए हैं। वर्तमान समय में उत्तर प्रदेश के बस्ती नगर में निवास करते हुए सम-सामयिक विषयों, साहित्य, इतिहास, पुरातत्व, संस्कृति और अध्यात्म पर अपना विचार व्यक्त करते रहते हैं। वॉट्सप नं.+919412300183)









Sunday, November 1, 2026

आचार्य राम चन्द्र शुक्ल के दामाद पं०चन्द्रबली त्रिपाठी (बस्ती के छंदकार भाग 3 कड़ी 33)✍️आचार्य डॉ.राधेश्याम द्विवेदी


भूमिका :-
डॉ.मुनि लाल उपाध्याय “सरस” जी के शोध प्रबंध: “बस्ती जनपद के छंदकारों का साहित्यिक योगदान” भाग दो , वर्ष 2008 में लेखक द्वारा प्रकाशित हो चुका है।इसमें तीसरे अध्याय को सम्मिलित किया गया है। तृतीय अध्याय का नामांकन "मध्योत्तर चरण अथवा कलाधर- पाल- ब्रजेश चरण" के नाम से किया गया है। बीस कवियों का विस्तृत और 18 छन्दकारों की सूची संक्षेप में परिचयात्मक ढंग से प्रस्तुत किया गया है। जनपदीय छन्द परमपरा विकास में तृतीय चरण का योगदान सर्वाधिक रहा है। इस चरण के कवियों ने तृतीय चरण के छन्द विधान को उत्कर्ष देने के साथ-साथ चतुर्थ चरण के कवियों का मार्गदर्शन भी किया है। 18 छन्दकारों की सूची डॉ सरस जी के शोध प्रबंध में पृष्ठ 233-34 में दी गई है जिनका पर्याप्त साहित्य न मिलने के कारण संक्षेप में सूचीबद्ध किया गया है। इन्हीं में से एक श्री चन्द्रबली त्रिपाठी जी को भी एक सामान्य कवि के रूप में दर्शाया गया है। इन पर बृहद शोध की पूर्ण अनुशंसा की जा रही है।

जीवन परिचय :-
21 नवम्बर 1893 को सेखुई (कोटिया) गाँव में जन्मे श्री चंद्रबली त्रिपाठी के बड़े भाई श्री राजबली के पहले उनके परिवार में किसी ने औपचारिक शिक्षा नहीं पायी थी। बचपन में ही गाँव से अपने ननिहाल मगहर में रहकर श्री राजबली त्रिपाठी, वहीं से प्राथमिक और गोरखपुर से मिडिल तक की शिक्षा प्राप्तकर, बस्ती जिले के बिस्कोहर गाँव में अध्यापक बने थे। उनके प्रयत्नों से उनके अनुज श्री चन्द्रबली जी ने 1908 मेंअपने गाँव के निकट के प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने-लिखने का जो क्रम चलाया वह जीवन पर्यन्त रुका नहीं । ख़लीलाबाद से मिडिल, गोरखपुर के जुबली स्कूल से मैट्रीकुलेशन और सेंट ऐंड्रूज़ कालेज से एफ. ए. म्योर कालेज प्रयाग से 1919 में बी. ए., 1921 में दर्शन शास्त्र में एम. ए. और एल.एल.बी.; काशी हिन्दू विश्व विद्यालय से 1923 में एल. टी. और हिंदी साहित्य सम्मेलन से विशारद। संस्कृत, हिंदी, उर्दू में निष्णात हुए थे। 
      पं० चन्द्रबली त्रिपाठी का मूल निवास उत्तर प्रदेश का प्राचीन बस्ती जिला वर्तमान सिद्धार्थ नगर जिला रहा । जहां सेखुई कोटिया नामक गांव शोहरतगढ़ तहसील में बढ़नी ब्लॉक में स्थित एक आबाद गाँव है। 2011 की जनगणना के अनुसार, यहाँ 70 परिवारों में 400 लोग रहते हैं और इसका क्षेत्रफल 33.39 हेक्टेयर है। स्थानीय संदर्भों में नखही ग्राम पंचायत, जोगिया खास ब्लॉक शामिल हैं । उनका निकटतम शहर सिद्धार्थ नगर है, जो वहां से लगभग 36 किमी. की दूरी पर स्थित है।कोटिया गांव में स्थित इनकी निजी भूमि पर परिवार के सदस्य खेती किसानी करते है। वे प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी, संस्कृत व दर्शनशास्त्र के प्रकांड विद्वान और लेखक भी थे। वे महामना मदन मोहन मालवीय जी के बेहद करीबी और सहयोगी भी रहे थे। वे संस्कृत हिन्दी के विद्वान थे। जो ब्रजभाषा एवं खड़ी बोली के छंदकार के रूप में बहुचर्चित हैं। पण्डित जी की मृत्यु 1985 ई में हुई थी।
वकालत पेशा चुना -
गांधी जी के असहयोग आंदोलन के प्रभाव में उस ज़माने में आयकर अधिकारी के पद के लिए नामित होने के बाद भी उसे नकार दिये थे। 1922 में महामना मदन मोहन मालवीय के सचिव रहने के वे गोरखपुर में अध्यापन और एटा में हेडमास्टरी के बाद 1924-1959 तक बस्ती-कोर्ट में 'केवल सच्चे मुवक्किलों' के वादों की वकालत करते रहे उन्होंने शिक्षा, संस्कृति और दर्शन जैसे विषयों के ज्ञान और संस्कार को प्रारम्भ से ही अपने जीवन पर लागू किया था, तभी वे आयकर अधिकारी जैसे पद पर नामित होने के बाद भी उसे नकार सके थे। बस्ती जिला मुख्यालय के मालवीय रोड पर इनका अपना खुद का मकान भी है। यही से रहकर इन्होंने अपने पुत्र चंद्रचूड़ मणि को पढ़ाया था। जिसके बाद बेटा प्रोफेसर बना।
रचनाएं -
पं० चन्द्रबली त्रिपाठी एक प्रतिष्ठित लेखक थे, उनकी पहली पुस्तक 'देशभक्त पर्नेल' (1919) में प्रकाशित हुई थी। उन्होंने 
 'धर्मराज युधिष्ठिर' (1952) जैसी महत्वपूर्ण कृतियों की रचना भी की थी। उनके परिवार का साहित्यिक जुड़ाव शुक्ल जी की विरासत से बहुत गहरा रहा है। 
'मैत्रेयी' (1955), ‘बुद्ध और बौद्ध धर्म' (1956) प्रकाशित हुए थे।इसके साथ ही उन्होंने 1957 में प्रकाशित हुई पुस्तक 'महामना पंडित मदनमोहन मालवीय (संस्मरण)' का संपादन भी किया था, जिसकी प्रकाशक उनकी धर्म पत्नी श्रीमती दुर्गावती त्रिपाठी थीं।
     वकालत से संन्यास के बाद वे बस चिंतन मनन और लेखन में लग गए थे। 'भारतीय समाज में नारी आदर्शों का विकास' (1967) में, 'गायत्री उद्बोधिका' (1987) में और अंत में जीवन भर के अनुभव और मनन के आधार पर 88 वर्ष की अवस्था में तीन खण्डों में 'उपनिषद् रहस्य' की रचना की थी। उन्होंने एक-दो नहीं समस्त एक सौ से अधिक उपनिषदों और उन पर उदभट विद्वानों की टीकाओं को पढ़-गुन-मथ कर, कहीं-कहीं शंकराचार्य जी और डॉक्टर राधा कृष्णन जैसे विद्वतजनों की व्याख्या से सादर विनीत मतभिन्नता व्यक्त करने का साहस करते हुए 'उपनिषद रहस्य' जैसी अमर रचना की थी। नए ज़माने और नयी पीढ़ी यदि शिक्षा के साथ ही इन विषयों और उनके द्वारा रचित 'उपनिषद रहस्य' को अपने परिप्रेक्ष्य में, आज के प्रश्नों के उत्तर पाने के लिए, नए सिरे से अपने उपनिषद लिख सके इसी में आज भी उनकी उपादेयता होगी।'