Friday, April 12, 2019

लाल त्रिलोकीनाथ सिंह ‘भुवनेश’ “बस्ती के छन्दकार”( 16 )--- डा. राधेश्याम द्विवेदी नवीन



डा. मुनिलाल उपाध्याय सरस जी कृत “बस्ती के छन्दकार”दो खण्डों में प्रकाशित हुआ है। इसके प्रकाशित अंशों के आधार पर बस्ती के साहित्याकाश में अनेक नक्षत्र दिखलाई पड़ते हैं। डा. मुनिलाल उपाध्याय सरसजी लगभग 250 वर्षों का साहित्यिक इतिहास अपने 5 प्रमुख अध्यायों में समेटने का प्रयास किया है। इसमें लगभग एक शतक कवियों का विवरण एकत्रकर प्रस्तुत किया गया है। प्रथम आदिचरण में 14 द्वितीय मध्य चरण में 11 सुकवियों का सपरिचय काव्यात्मक इतिवृत्त प्रस्तुत किया गया है। इसे पीताम्बर लछिराम चरण कहा गया है। केवल आचार्य लछिराम भट्ट का विवरण पूर्व प्रकाशित शोधगंगा नामक एक प्रबन्ध में कुछ शब्दों में व्यक्त मिलता है। एसे में सरस जी ने इन 14 कवियों के बारे में बहुत ही आधार भूत सूचनायें एकत्र कर अपने शोध प्रवंध में तथा उसके अंश स्वरुप दो लघु आकार के पुस्तकों में प्रकाशित कराकर एक प्रकार की अद्भुत मशाल प्रस्तुत किया है। कापियों और डायिरियों के धूल फांकते इन साहित्यकारों के इतिवृत्त को सरस जी ने अमर बना दिया है।
इसी श्रृंखला में लाल त्रिलोकीनाथ सिंह भुवनेश का नाम बड़े अदब के साथ लिया जाता है। इनका जन्म बस्ती जिले के हर्रैया तहसील के विक्रमजोत के पास शंकरपुर के निकटस्थ धेनुगंवा गांव में शाक्य वंशीय प्रतिष्ठित ब्राहमण परिवार में 1917 विक्रमी में हुआ था। भारत के आजाद होने के बाद से रजवाड़े और जमींदार खत्म हो गए लेकिन उनकी शान शौकत के गवाह उनके महाल आज भी मौजूद है । अयोध्या में राजा दशरथ के महल के साथ साथ अलग अलग काल के  अन्य राजाओं के महल आज भी अयोध्या में अच्छी हालत में मौजूद हैं। जिनमे से एक है राजा दर्शन सिंह का आलिशान वर्तमान राज सदन । महाराजा मान सिंह द्विजदेव के कुल परम्परा में महाराज श्री प्रताप नारायण सिंह राजा ददुआ का नाम आदर के साथ लिया जाता है। उनके महल को राजा ददुआ का महल कहा जाता है जिसका दूसरा नाम राज सदन भी है। इस महल का निर्माण अयोध्या के महाराज श्री प्रताप नारायण सिंह राजा ददुआ ने 1856 में करवाया था । यह महल अयोध्या के श्री हाते इलाके में आज भी अच्छी हालत में स्थित है जिसमे राजा ददुआ के परिवार वाले रहा करते थे।
                                     
राज सदनअयोध्या 
लाल त्रिलोकीनाथ सिंह भुवनेश जी का सम्बंध अयोध्या के महाराज श्री प्रताप नारायण सिंह ददुवा साहब से बड़ा घनिष्ठ था। वह महाराज के पास ही रहा करते थे। महाराज श्री प्रताप नारायण सिंह ददुवा साहब भी उच्च कोटि के कवि थे। भुवनेशजी का ठाट बाट भी रईसी था। उनके पुत्र लाल रुद्रनाथ सिंह पन्नगेश का जन्म 1947 विक्रमी के भाद्रपद कृष्ण द्वादशी को हुआ था। उस समय महाराज श्री प्रताप नारायण सिंह ददुवा साहब का अपनी पत्नी महारानी श्रीमती जगदम्बा देवी के साथ धेनुगंवा में आगमन हुआ था। इसके चार साल बाद 1951 विक्रमी में इनका निधन हो गया था।
लाल त्रिलोकीनाथ सिंह भुवनेशजी ब्रज भाषा के सिद्धहस्त कवि थे। इनके छन्दों में रीतिकालीन श्रृंगारिकता का समावेश बहुत था। राज दरबार में विद्वान कवियों के साथ रहने के कारण इनकी कवित्व शक्ति बहुत ही उत्कृष्टतम थी। उनकी कोई कृति उपलब्ध नहीं है। कुछ फुटकर छन्द उद्धृत हुए यत्र तत्र देखने को मिल जाते हैं। भुवनेशजी के पुत्र पन्नगेशजी के सौमित्र विजय महाकाव्य में भुवनेशजी की एक अभिसारिका उद््धृत मिल जाती है।
ऐड़ति अड़ति दौड़ि मध्यमत्त मैगल सी
खायकर हृवै लसी लची न लचाल लंक।
उमड़योे सुरति नाह फरकत कलित बांह
उरजि उमाह मढ़ि नेकु न अमात अंक
सुनि सुनि आहट प्रगट पग पालन की
झटपट कंटकित होतिउर धरि शंक।
ब्रजति ब्रजेश के निवेश भुवनेश वेस
चक्षुकृत चक्रित विवकृत भृकुटिवंक।

डा. मुनिलाल उपाध्याय सरस
बस्ती के छन्दकार नामक शोध प्रवंध में डा. मुनिलाल उपाध्याय सरसजी  ने लिखा है कि भुवनेशजी के छन्दों पर अयोध्या नरेश राजा मानसिंह द्विजदेव आदि के छन्दों का अधिक प्रभाव पड़ा है। वर्णन विधा भी प्रायः वैसा ही है। भाषा में प्रवाह और लालित्य भी श्रृंगार के प्रधानता के कारण दर्शनीय है। छन्द परम्परा के विकास में भुवनेश जी का योगदान अपना तो है ही इनके पुत्र लाल रुद्रनाथ सिंह पन्नगेश जिसके पिता के रुप में यह अधिक समादृत हुए का योगदान जनपदीय छन्द परम्परा का विकास  में सर्वाधिक रहा है। भुवनेशजी ने पन्नगेश जी को जन्म देकर बस्ती के छन्दकारों में महत्वपूर्ण सथान प्राप्त कर लिया है।



Thursday, April 11, 2019

यमुना प्रकटोत्सव आगरा में भी सम्पन्न -- डा. राधेश्याम द्विवेदी



हमारे देश में यह मान्यता है कि चैत्र शुक्ल षष्ठी को यमुनाजी पृथ्वी लोक पर अवतरित हुई थीं। इसलिए इस दिन पूरे देश में उनकी पूजा अर्चना तथा विविध कार्यक्रम धूमधाम से मनाया जाता है। यहां पर्ण  उत्सव का माहौल रहता है। यमुनोत्री धाम से निकल कर यमुना प्रयाग में गंगा और सरस्वती नदी में मिलकर संगम में मिलती है, लेकिन कान्हा की भूमि ब्रज में इसका खास महत्व है ।
यहां यमुना भगवान श्री कृष्ण की पटरानी के रूप में पूजी जाती है । बच्चे, बूढ़े, महिलाएं सभी अपने घरों से घी, दूध और दही लेकर ब्रज के विभिन्न तीर्थों पर पहुंचते हैं। साथ ही औषधीय वनस्पति जटामासी, केदारपाती, गुग्गल आदि को भी पूजन के लिए एकत्र किया जाता है। श्रद्धालुओं ने इन दिनों यमुनाजी की भोग मूर्ति को पंचगव्य से स्नान कराकर उन्हें गाय के घी से बने पकवानों का भोग लगाया जाता है। उनकी पूजा-अर्चना और हवन किया जाता है। आरती के उपरांत सभी के द्वारा यमुनाजी में दीपदान भी किया जाता है। यमुना प्रकटोत्सव के अवसर पर यह अनुष्ठान पीढियों से चला आ रहा है। यमुना प्रकटोत्सव पर दीपदान का विशेष महत्व है। मान्यता है कि इस दिन यमुना में दीपदान करने वाले की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। लोगों में यमुना के प्रति अपार श्रद्धा है लेकिन वर्तमान यमुना की स्थिति देखकर यमुना भक्त सरकार को कोसे बिना नहीं रह पाते । भगवान कृष्ण की नगरी मथुरा व आगरा में आज यमुना प्रकटोत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया गया। बृज मंडल के लिए यमुना का विशेष महत्व है। बृजवासी यमुना को मां की तरह पूजते हैं।
आज यमुना जन्म उत्सव यानि यमुना छट के अवसर पर मथुरा व आगरा मे बड़ी संख्या मे लोगो ने यमुना का पूजन कर पुण्य कमाया। इस दौरान मुनि वशिष्ट सेवा समिति के बैनर तले इकट्ठा हुए लोगों ने यमुना को स्वच्छ बनाने का संकल्प लिया। यमुना की हालत आज बहुत खराब है। जिसके बाद यमुना को स्वच्छ करने के लिए कई बार आन्दोलन भी हुए हैं। लेकिन अभी तक यमुना साफ नहीं हो सकी है। लोगों का आरोप है कि यमुना की सफाई के लिए प्रशासन खास पहल नहीं कर रहा है, जिस कारण यमुना की हालत बद से बदतर होती जा रही है। लोगों में यमुना के प्रति अपार श्रद्धा है लेकिन वर्तमान यमुना की स्थिति देखकर यमुना भक्त सरकार को कोसे बिना नहीं रह पाते ।