Saturday, August 29, 2026

दारुक वन गुजरात का नागेश्वर ज्योतिर्लिंग ✍️आचार्य डॉ. राधेश्याम द्विवेदी

गुजरात के द्वारका के पास स्थित नागेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर भगवान शिव के 12 पवित्र ज्योतिर्लिंगों में से एक है। इसे प्राचीन काल में 'दारुक वन' कहा जाता था। यह गुजरात के सौराष्ट्र तट पर द्वारका शहर और भेंट द्वारका द्वीप के बीच में बसा है । नागेश्वर को दारुक वन के नाम से भी जाना जाता था, जो भारत के एक वन का प्राचीन नाम है। भगवान शिव का नागेश्वर ज्योतिर्लिंग का मंदिर, जो भूमिगत गर्भगृह में दुनिया के 12 स्वयंभू ज्योतिर्लिंगों में से एक ज्योतिर्लिंग है।

गुजरात के द्वारकापुरी से करीब 25 किलोमीटर दूर भगवान शिव का दसवां ज्योतिर्लिंग श्री नागेश्वर महादेव स्थित है जिसके दर्शन को दूर-दूर से लोग आते हैं। इसकी एक विशेषता ये भी है कि अन्य ज्योतिर्लिंगों की तरह इस ज्योतिर्लिंग का अभिषेक साधारण जल से नहीं किया जा सकता। नागेश्वर ज्योतिर्लिंग का अभिषेक केवल गंगाजल से किया जाता है जो कि मंदिर प्रशासन की ओर से निःशुल्क उपलब्ध कराया जाता है। इस मंदिर के बाह्य भाग पर महादेव की एक विशाल प्रतिमा है जो यहाँ का मुख्य आकर्षण है। ये इतनी विशाल है कि मंदिर की ओर जाते हुए ये कई किलोमीटर पहले से ही दिख जाती है।

शिव पुराण के अनुसार, इस वन में दारुक नामक राक्षस और उसकी पत्नी दारुका राज करते थे। पौराणिक कथा के अनुसार प्राचीन काल में एक भयानक राक्षस था जिसका नाम दारुक था। उसकी पत्नी दारुका ने कठिन तपस्या कर देवी पार्वती को प्रसन्न कर लिया और उनसे ये वरदान प्राप्त किया कि जिस जंगल में वे रहते हैं वहाँ कोई उनसे जीत ना सके एवं वे अपनी इच्छानुसार इस जंगल को अपने साथ ले जा सकें। इस प्रकार के वर को प्राप्त कर उन्होंने पूरे विश्व में त्राहि-त्राहि मचा दी। वे जहाँ चाहते उस जंगल के साथ पहुँच जाते और अत्याचार करते किन्तु देवी पार्वती के आशीर्वाद के कारण कोई उनका कुछ अहित ना कर पाता। 

जब उनका आतंक हद से अधिक हो गया तो अन्य ऋषि-मुनि महर्षि और्व के पास पहुँचे और उनसे सहायता माँगी। जब ऋषि और्व ने उनका दुःख सुना तो उन्होंने क्रोधित हो दारुक और दारुका को श्राप दे दिया कि अगर वे किसी भी तप में लीन व्यक्ति पर आक्रमण करेंगे तो उनकी मृत्यु हो जाएगी।

तब इस श्राप के भय से दारुक और दारुका ने अपने उस जंगल को समुद्र के बीचों बीच स्थित कर दिया और वहाँ से आने वाले व्यापारियों को लूटना आरम्भ कर दिया।

वहाँ से कुछ दूर नगर में सुप्रिय नाम का एक परम शिवभक्त वैश्य रहता था। एक बार वो अपनी पत्नी सहित व्यापार का सामान लेकर उसी समुद्र से गुजर रहा था कि उस वन में दारुक ने उसे पत्नी सहित बंदी बना लिया। उसपर अनेक अत्याचार किये गए और उसे कारागार में डाल दिया गया। कारागार में भी सुप्रिय लगातार भगवान शिव की आराधना करते रहे। 

वैश्य सुप्रिय वहाँ भी अपनी पत्नी सहित भगवान शिव का पार्थिव शिवलिंग बना कर उसकी पूजा में तल्लीन हो गया। एक बार दारुक ने उसे शिव पूजा में लीन देखा और क्रोधित हो उसे मारने हेतु उस कारगर में पहुँचा। शस्त्र सहित उस महाभयंकर असुर को देख कर भी सुप्रिय भयभीत नहीं हुआ और अपनी पूजा करता रहा। उसे विश्वास था कि भगवान शिव के रहते उसे कोई हानि नहीं पहुँचा सकता। 

जब दारुक ने देखा कि सुप्रिय पर उसका कोई प्रभाव नहीं पड़ रहा है तो उसने उसे मारने के लिए अपना खड्ग उठाया। तभी उसी जगह सूर्य के तेज को लज्जित करने वाले महारुद्र एक स्वर्ण सिँहासन पर प्रकट हुए। तब दारुक ने भयभीत होते हुए महादेव से कहा - "हे प्रभु! मुझ जैसे साधारण राक्षस को मारने के लिए आप स्वयं यहाँ आये हैं जो सर्वथा उचित नहीं है। आपके और मेरे बल का क्या मेल अतः अगर आप मुझ निर्बल पर प्रहार करेंगे तो ये अन्याय हो जाएगा। अगर ये सुप्रिय आपका इतना बड़ा भक्त है तो इसी को मेरा सामना करने दें।"

तब महादेव ने हँसते हुए सुप्रिय को अपना प्रलयंकारी पाशुपतास्त्र प्रदान किया जिसके प्रहार से सुप्रिय ने क्षण भर में ही दारुक का उसके सभी बंधू-बांधवों सहित नाश कर दिया। तब सुप्रिय ने भगवान शिव से उसी स्थान पर रुकने की प्रार्थना की जिसे स्वीकार कर महादेव वहाँ नागेश्वर नाम से स्थित हो गए। दारुक का विनाश करने के कारण उनका एक नाम दारुक नागेश्वर भी पड़ा। भक्ति भाव से लिप्त सुप्रिय अपनी पत्नी सहित शिवलोक को चला गया। जो कोई भी इस पवित्र तीर्थ का दर्शन करता है उसके समस्त शत्रुओं का नाश हो जाता है और वो निश्चय ही शिवलोक को प्राप्त करता है।

भक्त की अडिग भक्ति से प्रसन्न होकर भगवान शिव उसी कारागार में ज्योतिर्लिंग के रूप में प्रकट हुए और राक्षस का वध किया। तभी से यह स्थान नागेश्वर ज्योतिर्लिंग के रूप में प्रसिद्ध हुआ।

एक अन्य पौराणिक कथा के मुताबिक, बौने ऋषियों के समूह 'बालखिल्य' ने दारुक वन में काफी समय तक भगवान शिव की पूजा की। उनकी भक्ति और धैर्य की परीक्षा लेने के लिए भगवान शिव उनके सामने नग्न अवस्था में प्रकट हुए, जिनके शरीर पर सिर्फ नाग (सांप) थे।

ऋषियों की पत्नियां उस संत से काफी आकर्षित हुईं और अपने पतियों को छोड़कर उनके पीछे चल पड़ीं। इससे ऋषि व्याकुल होने के साथ काफी क्रोधित हो उठे। उन्होंने अपना धैर्य खो दिया और तपस्वी को श्राप दिया कि उनका लिंग गिर जाए।

शिवलिंग पृथ्वी पर गिर गया और पूरी दुनिया कांप उठी। भगवान ब्रह्मा और विष्णु उनके पास आए और उनसे पृथ्वी को विनाश से बचाने के लिए अपना लिंग वापस लेने का अनुरोध किया। शिव ने उन्हें सांत्वना दी और अपना लिंग वापस ले लिया।

इस कथा का वर्णन वामन पुराण के 6ठें और 45वें अध्याय में देखने को मिलता है। इसके बाद भगवान शिव ने सदा-सदा के लिए दारुक वन में ज्योतिर्लिंग के रूप में अपनी दिव्य उपस्थिति का वचन दिया।


नागेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर परिसर में भगवान शिव की लगभग 125 फीट (25 मीटर) ऊंची भव्य और विशाल मूर्ति स्थापित है, जिसके दर्शन दूर से ही हो जाते हैं।

जटिल वास्तुकला और मनमोहक मूर्तियों के साथ मंदिर अपने आप में आध्यात्मिक सुकून का एहसास कराता है। शिव पुराण के मुताबिक, यहाँ दर्शन और आराधना करने से भक्तों को सभी प्रकार के विष, भय और सांप के काटने या कालसर्प दोष आदि से मुक्ति मिलती है और सांसारिक प्रलोभनों से रक्षा होती है।

वैसे तो ये मंदिर और शिवलिंग बहुत प्राचीन है किन्तु वर्तमान के मंदिर का निर्माण टी सीरीज के मालिक गुलशन कुमार ने 1996 ई में शुरू करवाया किन्तु बीच में उनकी हत्या हो जाने के बाद इसे उनके परिवार ने पूर्ण किया। इसके निर्माण में करीब एक करोड़ पच्चीस लाख का खर्च आया था जिसे गुलशन कुमार चैरिटबल ट्रस्ट ने अदा किया था। टी सीरीज द्वारा बनाये गए कई धार्मिक विडिओ में भी आपको इस मंदिर के दर्शन हो जाएंगे। मूल शिवलिंग मंदिर के गर्भगृह में स्थित है जो काफी बड़े आकर का है। इसके ऊपरी हिस्से पर चाँदी का आवरण चढ़ाया गया और साथ ही साथ शिवलिंग के ऊपर चाँदी द्वारा निर्मित नाग की प्रतिमा है जो इसके नाम को सार्थक करती है। इस शिवलिंग के पीछे देवी पार्वती की प्रतिमा स्थापित की गयी है।

गर्भगृह में सभी को प्रवेश की अनुमति नहीं है। यहाँ केवल वही प्रवेश कर सकते हैं जिन्हे अभिषेक करवाना हो और पुरुष यहाँ केवल धोती धारण करके ही प्रवेश कर सकते हैं। 

इस शिवलिंग के अतिरिक्त भारत में तीन अन्य शिवलिंगों को नागेश्वर कहा जाता है। इसमें से एक हैदराबाद के निकटऔढ़ाग्राम में स्थित है और दूसरा उत्तराखंड के अल्मोड़ा में स्थित शिवलिंग है जिसे नागेश्वर के साथ जागेश्वर महादेव भी कहा जाता है। हालाँकि इन दोनों जगह के स्थानीय निवासी इन्हे ही ज्योतिर्लिंग मानते हैं। अयोध्या में राम जी पुत्र कुश द्वारा स्थापित नागेश्वर नाथ मंदिर का भी इस क्षेत्र में बहुत महत्व है। शिवपुराण के अनुसार श्रीकृष्ण की नगरी द्वारकापुरी के निकट नागेश्वर शिवलिंग को ही वास्तविक नागेश्वर ज्योतिर्लिंग माना जाता है।

इस कहानी को इस लिंक से और आसानी से समझा जा सकता है -

https://www.facebook.com/share/r/1HcBQMUrC6/



लेखक परिचय:-

(लेखक भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण, में सहायक पुस्तकालय एवं सूचनाधिकारी पद से सेवामुक्त हुए हैं। वर्तमान समय में उत्तर प्रदेश के बस्ती नगर में निवास करते हुए सम सामयिक विषयों,साहित्य, इतिहास, पुरातत्व, संस्कृति और अध्यात्म पर अपना विचार व्यक्त करते रहते हैं। 

पता: मकान नम्बर 2785 वार्ड नंबर 8,

आनन्दनगर कटरा, बस्ती Pin–272001.

(वॉट्सप नं.+919412300183)


श्यामा सदन आश्रम’ कारसेवक पुरम, अयोध्या की कुछ दुर्लभ जानकारी। ✍️आचार्य डॉ राधेश्याम द्विवेदी


अयोध्या का श्यामा सदन (जिसे 'श्यामा सदन आश्रम' भी कहा जाता है) रामघाट क्षेत्र के कारसेवक पुरम में एक प्रसिद्ध और ऐतिहासिक विरक्त परंपरा का आश्रम/ मंदिर है । यह स्थान अपनी गहन साधना, संत परंपरा और धार्मिक महत्व के लिए जाना जाता है। त्याग तपस्या वैराग्य की नगरी अयोध्या में युग युगांतर से भजनानंदी संतो का बास रहा है और अपने त्याग तपस्या, भजन और सेवा के बल पर बड़े ही सरलता और माधुर्य स्वभाव से बड़े-बड़े ज्ञानियों को भी परास्त कर दिया।
महंत रामदास जी संस्थापक रहे
संत गोपाल दास जी महाराज के गुरु का नाम परम हंस शिरोमणि परम हंशाचार्य 
महंत संत रामदास जी थे। उन्होंने 
Q6W7+RR4 पर 'श्यामा सदन आश्रम’ कारसेवक पुरम, अयोध्या की स्थापना किया था। तब से वहां संत सेवा गौ सेवा और समाज सेवा का कार्य सुचारू रूप से चल रहा है। 
तृतीय महंत गोपाल दास जी महाराज उमरिया बस्ती के मूल निवासी रहे 
मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के गुरु ब्रह्मर्षि वशिष्ठ की धरती वशिष्ठनगर बस्ती जनपद में राम जानकी मार्ग चिलमा बाजार के दक्षिण उमरिया गांव में देवरहा बाबा के रूप में एक महान सन्त का जन्म हुआ था। जो अयोध्या से जनकपुर जाने वाले ऐतिहासिक राम जानकी मार्ग के दक्षिण पूण्य सलिला सरयू नदी के तट पर स्थित है। 

इसके अलावा यह उर्वरक भूमि सिद्ध सन्त बाबा निहाल दास और श्यामा सदन अयोध्या के महन्त गोपाल दास और हनुमान गढ़ी के महंत राजू दास जी जैसे मूर्धन्य विद्वान को भी जना है।महंत राजू दास का जन्म उमरिया गांव के यादव परिवार में हुआ जब वे 4.5 वर्ष के थे तब उनके माता-पिता अयोध्या के हनुमानगढी में छोड़ गए थे। राजू दास का लालन पालन महंत रामदास जी ने किया गुरु के आशीर्वाद और कृपा से उन्होंने मंदिर में रहकर ही शिक्षा-दीक्षा प्राप्त की, उन्होंने साकेत महाविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातकोत्तर (एम.ए.) और एलएलबी (LLB) की डिग्री हासिल की है। और वह हनुमानगढ़ी के उज्जैनिया पट्टी के महंत संत रामदास के शिष्य बन गए।
      इन्हीं संतों की मणि माला में से श्यामा सदन मंदिर में एक तृतीय महंत गोपाल दास जी महाराज थे। उनका साकेत गमन 23 अप्रैल 2022 को हुआ था। बाबा गोपाल दास ने गौ दान किए थे और प्रभु श्री राम की जन्मस्थली में अपने नश्वर शरीर का परित्याग किया था। उन्होंने अयोध्या धाम न छोड़ने के अपने व्रत का पालन भी किया था। संत गोपाल दास योग के भी अच्छे ज्ञानी रहे। उन्होंने मंदिर का विकास कराया। सभी भक्तों शिष्यों का कल्याण किया। सभी को सही मार्ग प्रदान किया। वे अच्छे निर्मल छवि के रहे। मंदिर के विकास के साथ- साथ संत सेवा गौ सेवा मैं हमेशा लीन रहते थे। मंदिर में निरंतर अष्टयाम सेवा चलती रहती थी।
     श्यामा सदन की विरक्त परंपरा के अनुसार संत गोपाल दास जी आजीवन मंदिर परिसर में ही रहकर साधना करते थे। संत गोपाल दास जी महाराज परमसंत थे। वे धार्मिक विद्वान रहे। कहीं कहीं उनके गुरु लाल जी महराज को कहा गया है।

महंत श्रीधर दास वर्तमान उत्तराधिकारी
श्यामा सदन मंदिर में एक तृतीय महंत गोपाल दास जी महाराज के साकेत गमन 23 अप्रैल 2022 के बाद उनके दो शिष्य
महन्थ गोरखानन्द दास और मंहत श्रीधर दास के मध्य मन्दिर के महंती का विवाद सहायक अभिलेख अधिकारी अयोध्या के न्यायालय और तदोपरांत अयोध्या के जिलाधिकारी न्यायालय में चला था।जिसमें वसीयत के आधार पर महंत श्रीधर दास सम्पत्ति के उत्तराधिकारी घोषित किए गए थे। उन्हीं के बताए हुए रास्ते पर वर्तमान महंत श्रीधर दास जी महाराज भी आश्रम में निरंतर सत्संग, कथा आयोजन, संत सेवा और गौ सेवा कर रहे है। वे भागवत कथा 
और राम कथा भी करते हैं।उनका यू ट्यूब चैनल भी चलता है।


लेखक:

आचार्य डॉ. राधेश्याम द्विवेदी ,
पूर्व पुस्तकालय सूचनाधिकारी,
मकान नम्बर 2785, वार्ड नंबर 8
निकट : लिटिल फ्लावर स्कूल,आनन्द नगर,कटरा, बस्ती,PIN - 272001
मोबाइल नंबर +91 9412300183


Friday, August 28, 2026

चंद्रहरि मंदिर के कूप पर स्वर्गद्वारी मस्जिद ✍️आचार्य डॉ.राधेश्याम द्विवेदी

1785 में अयोध्या, जैसा कि घाघरा नदी से देखा गया; विलियम हॉजेस द्वारा चित्रित । इसमें स्वर्गद्वार घाट को दर्शाया गया है। उपरोक्त चित्र के पृष्ठभूमि में औरंगजेब काल की एक मस्जिद दिखाई गई है जो स्वर्गद्वारी मस्जिद प्रतीत होती है।

कुणाल, किशोर के "अयोध्या रिविजिटेड" 2016 , पृ. 439-440 : "यह उल्लेखनीय है कि विलियम हॉजेस, आर.ए., जिन्होंने 1783 में फैजाबाद और अयोध्या का दौरा किया था, ने स्वर्गद्वारी मस्जिद के साथ तटबंध का प्रसिद्ध चित्र बनाया था।

अयोध्या के स्वर्गद्वार के आस-पास में कई प्राचीन मंदिर और पुरातात्विक अवशेष रहे हैं, जिनका इतिहास 11वीं-12वीं शताब्दी या उससे भी पुराना माना जाता है। ब्रिटिश लेखक बाल्फोर के अनुसार ‘अयोध्या की तीन मस्जिदें तीन हिन्दू मन्दिरों पर बनीं। ये मंदिर हैं : जन्म स्थान, स्वर्गद्वार तथा त्रेता का ठाकुर’ ( एनसाइक्लोपीडिया ऑफ इण्डिया एण्ड ऑफ ईस्टर्न एण्ड सदर्न एशिया, पृष्ठ 56)। 


जन्म स्थान के बाबरी मस्जिद पर राम जन्म भूमि मंदिर बन गया है। स्वर्गद्वार के चन्द्र हरि मंदिर के कूप पर नारंगी / स्वर्गद्वारी मस्जिद बना हुआ है । बाद में इस संरचना के बगल में चन्द्र हरि मंदिर को पुनः बनवाया गया है, जो अब भी बरकरार है । स्वर्गद्वार मोहल्ले में राम की पौड़ी के तट पर स्थित 'त्रेता का ठाकुर' के पुराने मंदिर के अवशेषों पर औरंगजेब के शासनकाल में एक मस्जिद का निर्माण कराया गया था। आज भी उस दौर के अवशेष और खंडहर मौजूद हैं, जिन्हें स्थानीय रूप से 'त्रेता का ठाकुर मस्जिद' या उससे जुड़े अवशेष के रूप में जाना जाता है। बाद में इस स्थान के समीप ही मराठा रानी अहिल्याबाई होल्कर द्वारा दूसरा 'त्रेता के ठाकुर' मंदिर का जीर्णोद्धार -निर्माण कराया गया था, जहाँ भगवान राम और उनके दरबार के विग्रह स्थापित हैं।


समयानुसार सरयू नदी के बदलाव और ऐतिहासिक उठापटक के कारण यहाँ के कई प्राचीन स्थल और संरचनाएँ समय के साथ खंडहर में बदल गईं या लुप्त हो गईं। इनका उल्लेख इतिहासकार और ग्रंथों में मिलता है। 

मुगल शासन के तहत , अयोध्या में बाबरी मस्जिद का निर्माण किया गया था। यह शहर अवध प्रांत की राजधानी था (जिसे अंग्रेजों द्वारा "ओउध" उच्चारित किया जाता था), जिसे "अयोध्या" नाम का एक रूप भी माना जाता है। 

सन् 1707 ईस्वी में औरंगजेब की मृत्यु के बाद, केंद्रीय मुस्लिम शासन कमजोर हो गया और अवध वस्तुतः स्वतंत्र हो गया, जिसकी राजधानी अयोध्या थी। हालाँकि, शासक स्थानीय हिंदू सरदारों पर तेजी से निर्भर होते चले गए और मंदिरों और तीर्थ केंद्रों पर नियंत्रण शिथिल हो गया।

स्वर्गद्वारी मस्जिद राम की पैड़ी पर अङ्गड़ा चौराहा के पास स्थित है।  औरंगज़ेब ने सन 1680 में अयोध्या में आकर दो मंदिर स्वयं गिरवाए थे उनमें एक त्रेता के ठाकुर और दूसरा स्वर्गद्वार जिनके स्थान पर मस्जिद नुमा ढांचे बनवाए गए, उसी समय का है। यह ढांचा, जो मस्जिद नहीं बल्कि मस्जिदनुमा ढांचा है। समय के साथ उचित रखरखाव न मिलने और प्राकृतिक आपदाओं के कारण इस इमारत का मुख्य हिस्सा गिर चुका है और अब केवल लखौरी ईंटों से बनी यह मीनार और मुख्य मेहराब का ढांचा ही बचा हुआ है।

पौराणिक महत्व -

प्राचीन काल से अयोध्या के चंद्रहरि मंदिर का बहुत महत्व रहा है। स्कंद पुराण के वैष्णव खंड के अयोध्या महात्म्य में इसका उल्लेख किया गया है। आक्रांताओं की बलि चढ़ गए इस पौराणिक धरोहरों को उसके उद्धारकर्ता के रूप में भागीरथ जैसे राजा, राम जैसे उद्धारक भगवान,हनुमान और परशुराम जैसे न्यायप्रिय शक्तिशाली धर्म धुरंधर शक्ति या भगवान श्री कृष्ण जैसे कूटनीतिक भगवान या कल्की जैसे भविष्य के किसी परित्रानाय भगवान की प्रतीक्षा है।

प्राचीन कूप को ढककर  मीनारनुमा मस्जिद बनी :-

औरंगजेब ने फारसी में मंदिर तोड़ने का आदेश 1669 ईस्वी में दिया था। उसने फरमान जारी कर मुल्तान,काशी अयोध्या और मथुरा के हिंदू मंदिरों को तोड़कर मस्जिद बनाये जाने का आदेश दिया था। यह फरमान फारसी भाषा में है। इसी के तहत अयोध्या की चंद्रहरि कूप को तोड़कर उस स्थान पर मीनार बना दी गई है । इस मीनार के नीचे आज भी सीढ़ी मौजूद हैं। पहले यह मंदिर परिसर का प्राचीन कुआं रहा करता था। इसके जल के स्नान से चर्म रोग ठीक हो जाते थे। 

स्कंध पुराण में इस स्थान के महत्व बताया है कि स्वर्गद्वार में इस मंदिर में प्रवेश करने मात्र से जन्म जन्मान्तरो के पाप नष्ट हो जाते हैं। यह भगवान विष्णु की परम शक्ति का गूढ़ स्थान है। मनुष्य भगवान विष्णु का व्रत धारण कर विष्णु लोक की आकांक्षा रख कर जिस प्रकार का धर्म फल पाता है वैसा अन्य किसी स्थान पर नहीं प्राप्त होता है। इसे बाद में नारंगी मस्जिद भी स्थानीय लोग कहते थे । कुछ लोग इसे स्वर्गद्वारी मस्जिद भी कहते हैं।  इसे औरंगजेब ने 1669 में चंद्र हरि विष्णु जी के मंदिर को तोड़वा कर बनवाया था। इसके नीचे चंद्र हरि कूप है।

इस मंदिर में स्थापित कुएं के जल से स्नान कर वस्त्र व आनाज दान करने से बड़ा फल मिलता है। मुगल काल में इस मंदिर की प्रतिष्ठा और महिमा के कारण लगने वाले मेले और जुटने वाले श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए इसके ऊपर लोहे का मोटा चद्दर रखकर उसे बंद किया गया था और कूप पर मीनार बना दी गई। इस मीनार के नीचे आज भी सीढ़ी मौजूद हैं। इसके ऊपर मस्जिद बना दी गई थी जो आज खंडहर होकर समाप्त होने के कगार पर है l  इसके नीचे प्राचीन चंद्रहरि कूप होने का दावा किया जा रहा है।  जिसका सरिया हिलाने पर कूप पर लगी लोहे के चद्दर से आवाज आती थी। इसे आसपास के लोगों द्वारा कुछ साल पहले तक देखा गया और वर्तमान में मलबा गिरने से वह स्थान पट गया है। 

औरंगजेब का मंदिर तोड़ने का आदेश 

मुगल काल के 1669 ईस्वी में औरंगजेब ने फरमान जारी कर मुल्तान, काशी अयोध्या, मथुरा के हिंदू मंदिरों को तोड़कर मस्जिद बनाई जाने का आदेश दिया था। यह फारसी भाषा में है। अयोध्या के इस महत्वपूर्ण स्थान को औरंगजेब के आदेश पर फिदाई खान द्वारा ध्वस्त कर दिया गया और वहां एक मस्जिद का निर्माण किया गया। 

फिदाई खान कोका का जन्म मुजफ्फर हुसैन के नाम से हुआ था, एक मुगल सरदार थे जो अवध और लाहौर का गवर्नर था। अवध के सूबेदार इरादत खान की मृत्यु के बाद, उसे अवध और गोरखपुर का फौजदार बना दिया गया। 1674 में सम्राट ने फिदाई खान को काबुल का राज्यपाल नियुक्त किया था, जहाँ उन्होंने स्थानीय कबीलों के विद्रोहों को दबा दिया था। जलालाबाद के पास उन्होंने विद्रोही कबीलों के गाँवों पर हमला कर उन्हें नष्ट कर दिया था। सम्राट ने उनके प्रयासों की सराहना की और उन्हें अज़ीम खान कोका की उपाधि दी। 1676 में उन्हें दरबार में वापस बुलाया गया और बंगाल का गवर्नर  बनाया गया। 

अयोध्या के इतिहास पर प्रामाणिक शोध करने वाले लेखक और बिहार पटना  के पूर्व आईपीएस अधिकारी आचार्य किशोर कुणाल ने अपनी उसी पुस्तक “अयोध्या रिविजिटेड” के अध्याय आठ पृष्ठ संख्या 239 में इसकी पुष्टि की है।

अवध विश्वविद्यालय अयोध्या के डॉक्टर देशराज उपाध्याय के अनुसार, अंग्रेज इतिहासकार कनिंघम और ए. फ्यूरर, हालैंड के इतिहासकार हंस बेकर ने अपनी पुस्तकों में इसका जिक्र किया है। हंस बेकर सात साल तक आयोध्या आते जाते रहे और इस दौरान उन्होंने अयोध्या में रिसर्च कर इस स्थान का जिक्र अपनी किताब में किया है। मस्जिद के खंडहर में छिपे अवशेष इतिहास के पन्नों के साथ दबे पड़े हैं l लंबे समय से पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए भी इस स्थल के अवशेष कौतूहल का विषय बने हुए हैं।


लेखक परिचय:-

(लेखक भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण, में सहायक पुस्तकालय एवं सूचनाधिकारी पद से सेवामुक्त हुए हैं। वर्तमान समय में उत्तर प्रदेश के बस्ती नगर में निवास करते हुए सम सामयिक विषयों, साहित्य, इतिहास, पुरातत्व, संस्कृति और अध्यात्म पर अपना विचार व्यक्त करते रहते हैं। 

पता: मकान नम्बर 2785 वार्ड नंबर 8,

आनन्दनगर कटरा, बस्ती Pin–272001.

(वॉट्सप नं.+919412300183)






Thursday, August 27, 2026

पृथक निर्वाचिका की मांग असंवैधानिक, देश को बांटने का षड्यंत्र ✍️ डा राधेश्याम द्विवेदी

पृथक निर्वाचिका के साथ चुनाव की एक ऐसी प्रणाली है जिसमें किसी विशेष समुदाय या वर्ग के मतदाता केवल अपने ही समुदाय के उम्मीदवार को वोट देते हैं। इसमें अन्य समुदाय के लोग वोट नहीं डाल सकते हैं। इसके तहत किसी खास धर्म, जाति या वर्ग के लिए एक अलग मतदाता सूची और निर्वाचन क्षेत्र बनता है। उस क्षेत्र से चुनाव लड़ने वाला और उसे वोट देने वाला व्यक्ति भी उसी समुदाय से होता है।

ब्रिटिश सरकार ने 'फूट डालो और राज करो' की नीति के तहत सबसे पहले1909 के मार्ले-मिंटो सुधार द्वारा मुसलमानों के लिए पृथक निर्वाचिका की शुरुआत की थी। इसके बाद 1919 के सुधारों में इसे ईसाइयों और एंग्लो-इंडियन तक बढ़ाया गया।1932 के सांप्रदायिक पंचाट में दलितों (शोषित व वंचित वर्गों) के लिए भी इसकी घोषणा की गई।

जिन्ना ने 1916 में मुस्लिम मतदाताओं के लिए इसी तरीके की मांग शुरू की थी और अंततः एक अलग राज्य चाहा था और यहीं से दो राष्ट्र सिद्धांत यानी कि ट्यू नेशन थ्योरी की नींव पड़ी।


पूना समझौता -

पूना पैक्ट की उत्पत्ति अगस्त 1932 के सांप्रदायिक पुरस्कार से जुड़ी हुई है, जिसमें मुसलमानों, सिखों, भारतीय ईसाइयों और दलित वर्गों सहित विभिन्न अल्पसंख्यक समूहों के लिए अलग-अलग निर्वाचक मंडल आवंटित करने की मांग की गई थी। इस परिणाम में, केंद्रीय विधायिका में 71 सीटें विशेष रूप से दलित वर्गों के लिए आरक्षित की गई थीं। 

गांधीजी का अनशन -

गांधी ने यरवदा जेल में दलित वर्गों के लिए अलग निर्वाचक मंडल का विरोध किया था और आमरण अनशन शुरू कर दिया था। उनका मानना था कि इससे हिंदू समाज बंट जाएगा। जिसके बाद डॉ. भीमराव अंबेडकर और महात्मा गांधी के बीच 1932 में पूना पैक्ट हुआ था। इस समझौते के तहत दलितों के लिए पृथक निर्वाचिका को समाप्त कर दिया गया और इसके बदले संयुक्त निर्वाचन में ही उनके लिए सीटें आरक्षित कर दी गईं।

सामान्य निर्वाचन क्षेत्रों में आरक्षित सीट पर सहमति -

24 सितंबर, 1932 को अंबेडकर ने जेल में गांधी से मुलाकात की और उन्होंने पूना पैक्ट पर हस्ताक्षर किए। अलग-अलग निर्वाचक मंडलों के बजाय, अछूतों को सामान्य निर्वाचन क्षेत्रों में सीटें आरक्षित की जातीं, जिससे प्रांतीय विधानसभाओं में सीटों की संख्या 78 से बढ़कर 148 हो जाती।

संविधान के अनुच्छेद 325 का उल्लंघन-

आलोचकों और राजनीतिक विरोधियों ने इस मांग को संविधान के अनुच्छेद 325 के खिलाफ और देश के सामाजिक ताने- बाने को विभाजित करने वाला करार दिया है। कुछ ने इसकी तुलना ऐतिहासिक रूप से विभाजनकारी राजनीतिक कदमों से भी की है। भारतीय संविधान का अनुच्छेद 325 यह सुनिश्चित करता है कि देश के किसी भी निर्वाचन क्षेत्र के लिए धर्म, मूलवंश ,जाति या लिंग के आधार पर कोई अलग या विशेष मतदाता सूची नहीं होगी और न ही किसी व्यक्ति को केवल इन आधारों पर मतदाता सूची में शामिल होने से अयोग्य ठहराया जाएगा।

चन्द्र शेखर रावण ने पृथक निर्वाचिका की संसद में की मांग -

नगीना से सांसद और आज़ाद समाज पार्टी के प्रमुख चन्द्र शेखर आजाद 'रावण' ने संसद में दलितों, महिलाओं, पिछड़े वर्गों और अल्पसंख्यकों के लिए पृथक निर्वाचिका की मांग 17 अप्रैल 2026 को उठाई है। उनका तर्क है कि मौजूदा आरक्षित सीटों पर सभी जातियों के मतदाता वोट करते हैं, जिससे कई बार चुनकर आने वाला प्रतिनिधि अपने समाज के प्रति स्वतंत्र न होकर अपनी पार्टी के प्रति वफादार होता है। उनका मानना है कि बिना स्वतंत्र राजनीतिक प्रतिनिधित्व के आरक्षण केवल एक संख्या बनकर रह जाता है, जिससे वास्तविक सामाजिक न्याय और सशक्तिकरण संभव नहीं है।

नेता पर अंकुश लगे - 

दशकों बाद नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद रावण उसी पुराने पन्ने को फिर से खोल रहे हैं। एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबका साथ सबका विकास और एक भारत श्रेष्ठ भारत का नारा बुलंद कर रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ विपक्ष के कुछ ऐसे चेहरे समाज में जहर घोलने का काम कर रहे हैं। चंद्रशेखर आजाद की सेपरेट इलेक्टोरेट की मांग का मतलब है एक ऐसा भारत जहां हिंदू समाज को जातियों के आधार पर पूरी तरीके से बांट दिया जाए। मौजूदा समय में जिस तरीके से व्यवस्था है उनसे जो दलित होते हैं उनके लिए अलग-अलग क्षेत्र में सीटें आरक्षित होती है। लेकिन यहां पर चंद्रशेखर रावण का यह मांग है कि ना सिर्फ अलग सीटें चाहिए बल्कि जो वोट करने वाले लोग हो वो भी दलित समुदाय से ताल्लुक रखने वाले भी अलग हों। यानी कि उनका पृथक निर्वाचन क्षेत्र की मांग किया जा रहा है। 

उन्होंने बाबा अंबेडकर की अस्वीकार की गई मांग को दुबारा उठा दिया है। यह मांग ब्रिटिश काल के दौरान डॉ. बी.आर. अंबेडकर द्वारा उठाई गई उस ऐतिहासिक मांग की पुनरावृत्ति मानी जा रही है, जिसे बाद में 1932 के पूना पैक्ट  के तहत समाप्त कर दिया गया था।

 जनता में जबरदस्त गुस्सा -

चन्द्र शेखर रावण की इस मांग को लेकर के सोशल मीडिया पर जनता काजबरदस्त गुस्सा फूट पड़ा है। जो देश के एक बड़े वर्ग को नाराज कर दिया है। यह मांग देश को विभाजन की ओर ले जाने वाली है और बाबा साहेब अंबेडकर और महात्मा गांधी के बीच हुए पूरे पैक्ट की भावना के भी खिलाफ है। वे इस मांग से जातियों में और भी ज्यादा खाई पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं जो कि आगे चलकर के एक अलग राष्ट्र बनाने की नींव भी डाल सकता है। भारत के पहले से दो टुकड़े बनकर देश के विरुद्ध अघोषित युद्ध जैसी हालत कर रखी हैं। अब और टुकड़े कर इसे और छूट नहीं दी जा सकती है। यही वजह है कि लोग जो है वह यह कह रहे हैं कि चंद्रशेखर आजाद रावण के खिलाफ एनएसए लगाया जाए।


लेखक परिचय:-

(लेखक भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण, में सहायक पुस्तकालय एवं सूचनाधिकारी पद से सेवामुक्त हुए हैं। वर्तमान समय में उत्तर प्रदेश के बस्ती नगर में निवास करते हुए सम सामयिक विषयों,साहित्य, इतिहास, पुरातत्व, संस्कृति और अध्यात्म पर अपना विचार व्यक्त करते रहते हैं। 

पता: मकान नम्बर 2785 वार्ड नंबर 8,

आनन्दनगर कटरा, बस्ती Pin–272001.

(वॉट्सप नं.+919412300183)






 





Tuesday, August 25, 2026

संसद में नेता नहीं कुर्सी के व्यापारी हैं (कविता)✍️डा राधेश्याम द्विवेदी ‘नवीन’


संसद में नेता नहीं कुर्सी के व्यापारी हैं।

पक्ष हो या विपक्ष सबकी यही यारी है।

सिलेक्टेड इशू पर इन सबकी तैयारी है।

देश नहीं अगली चुनाव की जो पारी है।।


वे जानते जब लोग साथसाथ खड़े होंगे ।

तरह- तरह उनसे सवाल जब पूछेंगे ।

हर गली में एक दीवार खड़ी करते हैं।

दिल में बीज एक शक का बो देते हैं ।।


जाति दलित अगड़ी पिछड़ी का नाम ले ।

धर्म मजहब संख्या भागीदारी अंजाम ले।

भाषा या बोली उत्तर दक्षिण का नाम ले ।

दरार बनाकर एक रिश्ते का नाम ले ।।


हर पहचान को हथियार बना देते हैं।

हर इंसान को वे शैतान बना देते हैं।

ऊंचा पद लेकर शोषित बने रहते हैं ।

अचूक कमाई कर दलित बने रहते हैं।।


स्कूलों से ज्यादा कोरे नारों की चिंता है।

 अस्पतालों से ज्यादा सभाओं की चिंता है।

रोजगार से ज्यादा राजनीति की चिंता है।

काम से ज्यादा ‘मनकी बात’ की चिंता है।।


एक एक कर वे अपना ईमान बेचते हैं  ।

सुधार के नाम पर  संस्था को बेचते हैं ।

लोगों के विश्वास औ भरोसे को बेचते हैं।

देश का पूरा का पूरा भविष्य बेच देते हैं ।।


त्रासदी नहीं ऐसा नेता पैदा हो जाता है। 

उसकी लड़ाई  को अपना समझ लेता है।

मीडिया अखबार की सुर्खी बन जाता है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो जाता है।।


सीमा बॉर्डर पर खड़ा सैनिक नहीं पूछता। 

साथी जवान किस जाति से वहां आता ।

किस धर्म और भाषा को वह अपनाता ।

उसकी हर सांस में भारत का नाम आता।। 


जबाव ना सुन केवल सवाल पूछते हैं ।

भीड़ को भड़काकर नारे लगवाते हैं  । 

देश के टुकड़े तोड़ने की बातें करते हैं ।

सामने वाले को बेवकूफ ही समझते हैं।।


साजिशन दुश्मन सीमा को घेर लेता है।

छिप छिपकर आतंकी हमला कर देता है।

हारता है मानता नहीं देशकी गद्दी के लिए

अपने ही घर में वह आग लगा देता है।।


चाहे दिल्ली का ग्राउंड रामलीला हो ।

जंतर मंतर या विशाल छू मंतर हो ।

संसद भवन मकर द्वार की नौटंकी  हो ।

पीएम सीएम के आवास का घेराव हो।।


देश के किसी कोने में कोई भी जमाव हो ।

तरह-तरह नारों की अचूक भरमार हो ।

सनातन धर्म के मूल्यों का तिरस्कार हो।

टुकड़े गैंग  शिरफिरों का चित्कार हो।।


देश नहीं टूटता बाहरी संकट जब आता।

सैनिकों को छुपछुप कर शहीद कर जाता।

सरकारी संसाधन और सुरक्षा की आड़ में 

हमारा नेता प्रजातंत्र को चुनौती दे जाता।।


आरक्षण छेड़ने पर ईट से ईंट बजा देंगे।

जरूरत पड़ गई तो सरकार को गिरा देंगे।

अपने लोगों से सबको  नीचा दिखा देंगे।

मीडिया संसाधन मशीनरी को लगा देंगे।।


पुलिस अपनो पर लाठियां भांजवाता है।

आंसू गैस पानी की बौछार चलवाता है।

बसों ट्रकों में खींच खींचकर ठूसवाता है।

लेजाकर ना जाने कहां पर छुपवाता है।।


देश में नफरत की खेती पनपाया जाता।

विदेशों में देश की छवि को गिराया जाता।

विश्व में भारत की कमियां गिनाया जाता।

कुर्सी के लिए देशका गौरव गिराया जाता।


भारत के नेता यदि नफरत को छोड़ देंगे।

विकास की राजनीति को जबसे चुन लेंगे।

 सबसे बड़ी हार इंसानियत की तब होगी।

पक्ष विपक्ष की नहीं भ्रष्ट राजनीति होगी।।




कवि :

डॉ. राधेश्याम द्विवेदी ,

पूर्व पुस्तकालय सूचनाधिकारी,

मकान नम्बर 2785, वार्ड नंबर 8

निकट : लिटिल फ्लावर स्कूल,

आनन्दनगर,कटरा,बस्ती,Pin 2720901,उत्तर प्रदेश INDIA 

मोबाइल नंबर +91 9412300183



















अयोध्या के पौराणिक चंद्रहरि मन्दिर की महत्ता और उस पर आसन्न खतरा ✍️आचार्य डॉ. राधेश्याम द्विवेदी

श्रीहरि विष्णु ने राक्षस संस्कृति के विनाश के लिए अयोध्या में राजा दशरथ के यहां श्रीराम के रूप में अवतार लिया था। यह अवातर त्रेता युग में हुआ था। इसके पहले भी श्री हरि के अयोध्या की सांस्कृतिक सीमा 84 कोस में लेने से जुड़े होने के संकेत मिलते हैं।अयोध्या में प्राचीन काल में हरि अर्थात भगवान विष्णु के 16 अति प्रसिद्ध मंदिर थे। कालांतर में अयोध्या में चक्रहरि चंद्रहरि धर्महरि विष्णुहरि ,गुप्तहरि, पुण्यहरि और बिल्लहरि आदि केवल सात हरि स्थान ही बचे हैं। इन स्थानों में कइयों की स्थिति वर्तमान में अत्यंत दयनीय हो चुकी है।


श्रीरुद्रयामलोक्त श्रीअयोध्यामाहात्म्य के चतुर्थ अध्याय के इन श्लोकों में श्रीशंकर जी पार्वती जी से कहते हैं - 

सत्यायां सप्तहरयो वर्तन्ते पुण्यवर्धनाः । गुप्तहरिश्चक्रहरिस्तथा  विष्णुहरिः प्रिये ॥

धर्महरिर्बिल्वहरिस्तथा पुण्यहरिः शुभः ।  

एतेषां दर्शनाद् देवि पुण्यवृद्धिः प्रजायते।।

हे प्रिये! सत्या अर्थात् अयोध्या पुरी में सात 'हरि' हैं। इन सातों के दर्शन से पुण्य बढ़ता है। उनके नाम क्रमशः चन्द्रहरि, चक्रहरि, गुप्तहरि, विष्णुहरि, धर्महरि, बिल्वहरि और पुण्यहरि हैं। हे देवि! इनके दर्शनों से पुण्य की वृद्धि होती है ।

चन्द्र हरि की महत्ता भगवान शिव अपनी अर्धांगिनी मां पार्वती से इस प्रकार कहते हैं - 

तस्माच्चन्द्रहरेः पूजा कर्तव्या च विचक्षणैः  

द्विजपूजा चन्द्रपूजा हरिपूजा विधानतः ॥ 

तीर्थ सेवी विद्वानों को चन्द्रहरि की पूजा करनी चाहिये, साथ ही ब्राह्मण, चन्द्रदेव तथा भगवान् श्रीहरि की भी विधान पूर्वक पूजा करनी चाहिये ।

वासुदेवप्रसादेन तत्स्थानं जातमद्भुतम् ।

तद्धि गुह्यतमं स्थानं वासुदेवस्य सुव्रते ॥ 

हे सुन्दर व्रत को धारण करनेवाली पार्वती! महाविष्णु के प्रसाद से वह चन्द्रहरि नामक तीर्थ अद्भुत महिमा वाला हो गया। महा विष्णु का वह तीर्थ अति गुप्त है ।

सर्वेषामेव  भूतानां  हेतु र्मोक्षस्य    सर्वदा ।

तस्मिन् सिद्धाः सदा विप्रा गोविन्दव्रतमास्थिताः ।

यह चन्द्रहरि नामक तीर्थ सम्पूर्ण जीवों को मोक्ष देनेवाला है। इस तीर्थ में निरन्तर विष्णु व्रत का अनुष्ठान करने वाले ब्राह्मण सिद्धि को प्राप्त कर लेते हैं ।

नानालिङ्गधरा नित्यं विष्णुलोकाभिकाङ्क्षिणः । 

अभ्यस्यन्ति परं योगं मुक्तात्मानो जितेन्द्रियाः।

विष्णु लोक की प्राप्ति की अभिलाषा रखने वाले जीवन्मुक्त जन इन्द्रियों को जीतकर तथा अनेक प्रकार के शरीरादि धारण कर यहाँ परम योग का अभ्यास करते हैं ।

यथा धर्ममिहाप्नोति न तथान्यत्र कुत्रचित् । 

दानं व्रतं तथा होमः सर्वमक्षयतां व्रजेत् ॥ 

जितना धार्मिक अनुष्ठानों का फल इसतीर्थ में मिलता है,उतना अधिक फल अन्यकहीं, किसी भी तीर्थ में नहीं मिलता। यहाँ पर किया गया दान, व्रत एवं होमादि सत्कर्म- ये सब कभी भी नाश को नहीं प्राप्त होते हैं।

सर्वकर्मफलावाप्तिर्जायते प्राणिनां सदा।

तस्मादत्र प्रकर्तव्यं दानं च विविधं तु वै ॥ 

यहाँ सदा समस्त जीवों को उनके समस्त कर्मों के फल की प्राप्ति होती है। इसलिये सकाम तीर्थ सेवी को इस तीर्थ में अनेक प्रकार के दानों को अवश्य करना चाहिये।

अन्नदानं भूमिदानं गजदानं गवां तथा।

अश्वदानं रथानां च शिविकायास्तथैव च ॥ 

इस तीर्थ में अन्नदान, भूमिदान, गज दान, गोदान, अश्वदान, रथदान तथा पालकी दानादि यथाशक्ति करना चाहिये ।

दानादिकं विप्रपूजा दम्पत्योश्च विशेषतः । 

ज्येष्ठे मासि सिते पक्षे पंचदश्यां विशेषतः । 

तस्य साम्वत्सरी यात्रा देवैश्चन्द्रहरेः स्मृता ॥ 

ये दानादि सत्कार्य ज्येष्ठ महीने के शुक्ल पक्ष की पूर्णमासी तिथि में सर्वोत्तम हैं और यहाँ पर सपत्नीक ब्राह्मण की पूजा करके दिया गया दान विशेष फलप्रद है। ज्येष्ठ मास की पूर्णमासी को उन चन्द्रहरि जी की वार्षिकी तीर्थ यात्रा देवताओं के द्वारा समर्थित है ।

श्रीरुद्रयामलोक्त श्रीअयोध्यामाहात्म्य के चतुर्थ अध्याय के इसकी महत्ता इस प्रकार की गई है - 

स्वर्गद्वारे नरः स्नात्वा दृष्ट्वा चन्द्रहरिं विभुम् 

वपनं तत्र कुर्वीत धर्मी तत्र विचक्षणः ॥ 

स्वर्गद्वार में तीर्थ व्रतधारी विद्वान् पुरुष स्नान करके और विभु चन्द्रहरि जी का दर्शन करके सर्वप्रथम वहीं मुण्डन कराये।

अयोध्यानिलयं विष्णुं ज्ञात्वाशीतांशुरुत्सुकः

आगच्छत् तीर्थमाहात्म्यंसाक्षात्कर्तुं सुधानिधिः ।

आगत्य चात्र चन्द्रोऽथ तीर्थयात्रां चकार सः।

अयोध्या में महाविष्णु श्रीरामचन्द्र जी सदैव निवास करते हैं, इस बात को जानकर चन्द्र देव दर्शन के लिये अति उत्कण्ठित हुए। उन सुधा निधि चन्द्र देव ने तीर्थ-महिमा जानने के अनन्तर उसका प्रत्यक्ष करनेके लिये इस अयोध्या में आकर तीर्थ यात्रा की।

क्रमेण विधिपूर्वेण नानाश्चर्यसमन्वितः । 

समाराध्य ततो विष्णुं तपसा दुश्चरेण वै ॥ 

चन्द्रमा ने अनेक प्रकार की आश्चर्यमयी घटनाओं को देखकर विधि पूर्वक क्रम से यात्रा करके अति कठिन तपश्चर्या के द्वारा महाविष्णु की आराधना की।

तत्प्रत्यक्षं समासाद्य स्वाभिधानपुरस्सरम् ।

हरिं संस्थापयामास तेन चन्द्रहरिः स्मृतः ॥ 

महाविष्णु के सामने उपस्थित होने पर चन्द्रमा ने यही वर माँगा कि आप यहाँ सदैव निवास करें तथा मेरे नाम से पीछे आपका नाम रहे, अर्थात् चन्द्र हरि नाम से आपकी प्रसिद्धि हो। इस प्रकार चन्द्र देवने अपने नाम को पूर्व में रखकर चन्द्र हरि जी की स्थापना की, अतः यह तीर्थ चन्द्र हरि नाम से विख्यात है ।

     यह माना जाता है कि ये सप्त हरि स्थानों का अस्तित्व और प्रमाण अयोध्या में लगभग 12वी शताब्दी से पूर्व से रहा है । इनमे चंद्र हरि मंदिर को 16 हरियों में चौथा स्थान प्राप्त है


चंद्रहरि मन्दिर की अवस्थिति:-

अयोध्या तीर्थ के स्वर्गद्वार की महानता को जानकर, चंद्रदेव ने वहाँ तपस्या की और भगवान विष्णु की कृपा प्राप्त करने की सोची थी। चंद्रदेव ने भगवान विष्णु की एक प्रतिमा स्थापित कर उसकी पूजा की थी। यह प्रतिमा चंद्रहरि के नाम से प्रसिद्ध हुई। चंद्रहरि का प्राचीन मंदिर अयोध्या के स्वर्गद्वार मोहल्ले में राम की पैडी के पास स्थित सुरक्षित अवस्था में है। इस मंदिर परिसर में भी कुल 5 मंदिर हैं। मंदिर के मुख्य गर्भगृह में चंद्रहरि भगवान विराजमान हैं, जबकि उसके दाहिने ओर मंदिर में भगवान राधा-कृष्ण, बाईं ओर द्वादश ज्योतिर्लिंग मंदिर है।


द्वादश ज्योतिर्लिंग : शिव-विष्णु एकता: मंदिर के गर्भगृह में 12 शिवलिंग एक ही बड़ी 'योनि' पर स्थापित हैं, जो 'शिव मंडल' (शिव का विस्तारित परिवार) का प्रतीक हैं। ये द्वादश ज्योतिर्लिंग एक विशाल अर्घ्य के ऊपर है और वह भी मूर्ति में साक्षात ओमकार का दर्शन कराता है। चंद्र जी मंदिर का पावन वैभव अति विशिष्ट है। यह मंदिर ऐतिहासिक और धार्मिक दृष्टि से तो महत्वपूर्ण है ही, साथ ही मंदिर के परिसर में स्थित मुख्य गर्भगृह में विराजमान काले कसौटी के एक ही पत्थर में 11 मूर्तियां मौजूद हैं, जो अति महत्वपूर्ण मानी जाती हैं l माना जाता है इस मंदिर में दर्शन-पूजन करने से समस्त मनोकामनाएं पूरी होती हैं और नित्य दर्शन से बैकुंठ लोक की प्राप्ति होती है। इस स्थान पर यह मंदिर भगवान चन्द्रमा द्वारा स्थापित किया गया था। सैकड़ों वर्षों पूर्व इस मंदिर को महाराज विक्रमादित्य द्वारा पुनः जीर्णोद्धार किया गया। तब से लेकर आज भी यह मंदिर स्थापित है।

मान्यता है कि चंद्रमा की तपस्या से प्रसन्न होकर भगवान नारायण ने चंद्रमा को आशीर्वाद दिया कि वे जहां विराजे, वहीं चंद्रहरि मंदिर होगा।मंदिर के गर्भगृह में एक काले कसौटी के पत्थर में ही भगवान राम गरुड़ पर विराजमान हैं. जिनके साथ किशोरीजी, लक्ष्मणजी, भरतजी, नल, नील अंगद, जामवंत, हनुमान और गरुण विराजमान हैं। चंद्रमा द्वारा पूजित हरि अर्थात नारायण ही चंद्र जी महादेव हैं। यह मंदिर अत्यंत प्राचीन एवं धार्मिक महत्व रखता है।

         मंदिर के ठीक सामने यहां वर्तमान में राम की पैड़ी बनी हुई है, वहां सरयू की धारा प्रवाहित होती थी और त्रेता युग में यहां चंदन वन हुआ करता था। चंद्रमा द्वारा उपासना के बाद इसी वन में नारायण जी ने चंद्रमा को दर्शन दिया था।  वैसे तो अयोध्या का कण-कण सिद्धि की खान है, लेकिन स्वर्गद्वार तीर्थ अत्यंत महत्व का है और उसमें भी चंद्रहरि में हरि और हर दोनों के दर्शन होते हैं।

बारह ज्योतिर्लिंग के दर्शन:-

इस मंदिर में भगवान चंद्र्हरेश्वर के साथ बारह ज्योतिर्लिंग स्थापित है। चंद्र्हरी का मतलब होता है कि भगवान शिव और भगवान विष्णु की परम शक्ति वहां पर उपस्थित है और द्वादश ज्योतिर्लिंगों की स्थापना भी किया गया है। पृथ्वी पर विद्यमान बारह ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए कई स्थानों पर जाते है और उस स्थान के पुण्य प्राप्ति के लिए वह सिर्फ अयोध्या के इस चन्द्र हरि में दर्शन करने से प्राप्त होता है । जो व्यक्ति जो कमाना लेकर आता है उसे उस प्रकार की फल की प्राप्ति होती है।

गोदांबा महोत्सव:-

इस मंदिर की परंपरानुसार प्रत्येक वर्ष के एक माह तक धनुर्मास महोत्सव का आयोजन होता है। जिसे श्री गोदाम्बा पर्व कहा जाता है। मंदिर का वार्षिकोत्सव ज्येष्ठ पूर्णिमा को मनाया जाता है. इसमें एक महीने तक प्रतिदिन खीर और खिचड़ी से भगवान की सेवा की जाती है। इसका प्रसाद सैकड़ों लोगों में वितरित किया जाता है। 14 जनवरी को समापन के दिन भव्य भंडारा और संत सेवा होती है। मंदिर की परंपरा और पूजन पद्धति आगम है। मंदिर परिसर में गोदांबा जी का मंदिर भी निर्माणाधीन है. गोदांबा जी साक्षात लक्ष्मी जी ही हैं, जो भगवान रंगनाथ की पटरानी हैं और भगवान रंगनाथ अयोध्या के कुलदेवता हैं। इस नाते गोदांबा जी अयोध्या की कुलदेवी हुईं। मंदिर पर निरंतर पूजन स्त्रोत का पाठ आदि चलता रहता है।

उद्धार की प्रतीक्षा में खंडहर हो चुके प्राचीन धर्मस्थल का असलियत :-

प्राचीन काल से अयोध्या के चंद्रहरि मंदिर का बहुत महत्व रहा है। स्कंद पुराण के वैष्णव खंड के अयोध्या महात्म्य में इस स्थान का उल्लेख किया गया है। आक्रांताओं की बलि चढ़ गए इन पौराणिक धरोहरों को उसके उद्धारकर्ता के रूप में भागीरथ जैसे राजा, राम जैसे उद्धारक भगवान , हनुमान और पराशुराम जैसे न्यायप्रिय शक्तिशाली धर्म धुरंधर शक्ति या कृष्ण जैसे कूटनीतिक भगवान या कल्की भगवान जैसे भविष्य के किसी परित्रानाय भगवान की प्रतीक्षा है।

मंदिर के प्राचीन कूप को हमेशा हमेशा के लिए ढककर बना दी गई मीनार नुमा मस्जिद :-

इस मंदिर परिसर में एक प्राचीन कुआं था। इसके जल के स्नान से चर्म रोग ठीक होते हैं। स्कंध पुराण में स्थान के महत्व बताया है कि स्वर्ग द्वार में इस मंदिर में प्रवेश करने मात्र से जन्म जन्मान्तरो के पाप नष्ट हो जाते है। तथा लिखा है कि इस स्थान पर भगवान विष्णु की परम शक्ति व गूढ़ स्थान है। मनुष्य भगवान विष्णु का व्रत धारण कर विष्णु लोक आकांक्षा रख कर जिस प्रकार का धर्म फल पाता है वैसा अन्य किसी स्थान पर नहीं प्राप्त होती है। इस मंदिर में स्थापित कुएं के जल से स्नान कर वस्त्र व आनाज दान करने से बड़ा फल मिलता है। मुगल काल में इस मंदिर की प्रतिष्ठा और महिमा के कारण लगने वाले मेले और जुटने वाले श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए इसके ऊपर लोहे का मोटा चद्दर रखकर उसे बंद किया गया है। इसी के तहत अयोध्या की चंद्रहरि कूप पर मीनार बना दी गई। इस मीनार के नीचे आज भी सीढ़ी मौजूद हैं। इसके ऊपर मस्जिद बना दी गई जो आज खंडहर होकर समाप्त होने के कगार पर है l इस स्थान पर मस्जिद के अवशेष बचे हैं, जिसके नीचे प्राचीन चंद्रहरि कूप होने का दावा किया जा रहा है।  जिसका सरिया हिलाने पर कूप पर लगी लोहे के चद्दर से आवाज आती थी। अब यह खंडहर बन गया है। इसे आसपास के लोगों को कुछ साल पहले तक देखा गया और वर्तमान में मलबा गिरने से वह स्थान पट गया है। 

औरंगजेब का मंदिर तोड़ने का आदेश 

मुगल काल के 1669 ईस्वी में औरंगजेब ने फरमान जारी कर मुल्तान, काशी अयोध्या, मथुरा के हिंदू मंदिरों को तोड़कर मस्जिद बनाई जाने का आदेश दिया था। यह फारसी भाषा में है। अयोध्या के इस महत्वपूर्ण स्थान को औरंगजेब के आदेश पर ध्वस्त कर दिया गया और वहां एक मस्जिद का निर्माण किया गया। अयोध्या के इतिहास पर प्रामाणिक शोध करने वाले लेखक और अयोध्या के पूर्व आईपीएस अधिकारी आचार्य किशोर कुणाल ने अपनी उसी पुस्तक “अयोध्या रिविजिटेड” के अध्याय आठ पृष्ठ संख्या 239 में इसकी पुष्टि की है।

अवध विश्वविद्यालय के इतिहासकार डॉक्टर देशराज उपाध्याय के अनुसार, अंग्रेज इतिहासकार कनिंघम और ए. फ्यूरर, हालैंड के इतिहासकार हंस बेकर ने अपनी पुस्तकों में इसका जिक्र किया है। हंस बेकर सात साल तक आयोध्या आते जाते रहे और इस दौरान उन्होंने अयोध्या में रिसर्च कर इस स्थान का जिक्र अपनी किताब में किया है। इस मस्जिद के खंडहर में छिपे अवशेष इतिहास के पन्नों के साथ दबे पड़े हैं l ये स्थल सैकड़ों साल से वीरान होकर अब खंडहर बन चुके हैं l लंबे समय से पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए भी इस स्थल के अवशेष कौतूहल का विषय बने हुए हैं ।


वीडियो इमेज के लिए कृपया ये लिंक अवलोकन करें - 

https://www.facebook.com/share/r/1J7r44k1C7/


लेखक :- 

आचार्य डॉ. राधेश्याम द्विवेदी ,

पूर्व पुस्तकालय सूचनाधिकारी,

मकान नम्बर 2785, वार्ड नंबर 8

निकट : लिटिल फ्लावर स्कूल,

आनन्द नगर,कटरा, बस्ती,Pin 272001

मोबाइल नंबर +919412300183


Thursday, August 20, 2026

गोस्वामी तुलसीदास जी की जीवनगाथा ✍️आचार्य डॉ. राधेश्याम द्विवेदी

गोस्वामी तुलसीदास हिंदी साहित्य के भक्ति काल के रामभक्ति शाखा के सर्वोपरि कवि थे। उन्हें महर्षि वाल्मीकि का अवतार भी माना जाता है । उनके मन में उनके माता-पिता की कोई छवि नहीं उभरती रही है । उन्होंने उनको देखा ही नहीं था। उन्होंने सुना था कि उनके पिता पंडित आत्माराम दूबे, चित्रकूट के निकट राजापुर गाँव के रहने वाले थे। वे एक प्रसिद्ध ज्योतिषी भी थे। माता हुलसी तुलसी के जन्मते ही स्वर्ग सिधार गईं थी। पिता जी की ज्योतिषीय गणना के अनुसार तुलसीदास का जन्म अभुक्तमूल नक्षत्र में हुआ था,जो माता-पिता के लिए प्राणघातक था। माता जन्मते ही मर गई थी। इससे भयभीत और दुखी पिता ने बालक का तुरंत त्याग कर संन्यास की राह पकड़ लिया। 

ज्योतिष शास्त्र में अभुक्तमूल ज्येष्ठा नक्षत्र के अंतिम चरण और मूल नक्षत्र के शुरुआती चरण के मिलने का एक अत्यंत संवेदनशील और अशुभ संधि-काल (गंडांत) है। इस विशेष समयावधि में जन्म लेने वाले जातक के लिए विशेषज्योतिषीय शांति और उपाय कराए जाते हैं। इस काल में जन्म लेने वाले जातक के बाल्यकाल में स्वास्थ्य, परिवार या माता-पिता के लिए कुछ कठिनाइयाँ या कष्टप्रद लाते हैं। इस दोष के शमन के लिए जन्म के 27वें दिन (जब दोबारा वही नक्षत्र आए) या योग्य विद्वान पंडित से गंडमूल शांति पूजा और हवन विधान करवाना अनिवार्य माना जाता है। 

तुलसी दास का बचपन काफी अभावों और कठिनाइयों में बीता था। उनको ग्रह शांति का कोई अवसर ना बन पाया। माता जी की मृत्यु और पिता जी द्वारा गृह त्याग के बाद घर की दासी चुनिया के जिम्मे में वे पड़े। वह उन्हें उठा कर अपने मायके ले गई। चुनिया, को तुलसी माई कहता था, उसकी अति क्षीण छवि तुलसी के मन में उभरती है, क्योंकि पाँच साल की आयु होते-होते वह भी स्वर्ग सिधार गई। 

चुनिया माई के यहाँ कभी-कभी अयोध्या की पार्वती अम्मा नाम की एक विधवा ब्राह्मणी आती थी, जिसे सब लोग माईजी कहते थे। कहते हैं माईजी ने ही उसबालक का नाम ‘रामबोला’ रखा था। चुनिया माई के मरने के बाद बालक पार्वती माईजी के संरक्षण में पहुँच गया। माईजी भीख मांग कर पेट पालती थी। माईजी के साथ बालक भी भीख मांगने जाने लगा। माईजी ने उसे यह भजन सिखाया –

 “जय सियाराम जय जय सियाराम, 

जय जय विघ्नहरन हनुमान”। 

राम बोला और माईजी द्वार-द्वार पर यही भजन गाते थे। माईजी राम के नाम पर और अनाथ रामबोला का पेट पालने के नाम पर भीख मांगती थी। राम बोला अनाथ पर दया कर लोग थोड़ी ज्यादा भीख देते थे। यह सिलसिला लगभग दो साल चला जब तक माईजी स्वयं स्वर्ग न चली गईं।

माई जी के मर जाने से रामबोला मारा- मारा भटकने लगा। यद्यपि माईजी के ढर्रे पर वह भी भीख मांगने निकलता था, उसे भीख से ज्यादा भोजन की जरूरत थी। इसलिए वह लोगों से विनती करता था कि भीख के बजाय उसे भोजन दें। वह छोटे ही क्षेत्र में घूम-फिर कर भीख मांग पाता था। इसलिए ज्यादातर गृहणियाँ उसे पहचान गई थीं। उनमें कुछ तो बड़ी दयालु थीं, जो उसे पेट भर भोजन दे दिया करती थीं। लेकिन कुछ बड़ी कंटही थीं । वे उसे ‘मरभुक्खा’ कह कर भगाती थीं और कई बच्चे उसे ‘मरभुक्खा’ कह कर चिढ़ाते और दौड़ाते हुए ढेले मारते थे। ऐसी हालत में वह जोर-जोर से “जय सियाराम जय जय सियाराम जय जय विघ्नहरन हनुमान” चिल्लाता हुआ भागता था और बच्चे हँसते  रहते थे।

तुलसी को बचपन के दुखदायी गरीबी के वे पुराने दिन नहीं भूलते हैं – कथरी ओढ़े हुए, हाथ में मिट्टी का लोटा लिए हुए, वह माईजी के पीछे-पीछे घर-घर घूमता था। दांत निपोर कर, पेट ठोंक-ठोंक कर, लोगों के पैरों पड़कर, राम के नाम पर भीख माँगता था। माई जी के गुजर जाने के बाद तो लोग बड़ी हिकारत से उसे रामबोलवा कह कर बुलाते थे।

माईजी ने उसे सिखा रखा था कि सबके पेट रामजी और उनके सेवक हनुमानजी पालते हैं । अकेले में वह रामजी को गोहराता था, खासकर तब जब उसे भूख लगती थी और बच्चों के डर से भीख मांगने की हिम्मत न जुटा पाता था। वह हनुमान जी से बच्चों की शिकायत करता था कि ‘हे हनुमान स्वामी, उसे खदेड़ने वाले बच्चों को मार-मार के भगाओ।’

इस तरह रामबोला अनाथ हो गया था,जब भीख में दिक्कत आती तो वह अपने मामा के घर आ गया। मामा ने उसका पालन पोषण किया। जब-जब भी वह मामा से अपने माता-पिता के बारे में प्रश्न करता था, तब उत्तर में मामा बालक से कहते थे कि ‘राम जी ही उसके माता-पिता हैं।’ 

थोड़ा बड़ा होने पर उन्हें यह समझ में आया कि, छोटे बच्चों के माँ-बाप सदा उनके पास रहते हैं, उनसे वे दूर नहीं जाते हैं।उन्हें आश्चर्य हुआ कि उसके माता-पिता रूपी रामजी उसे अकेला छोड़ उस मन्दिर के वैभव कैसे रहते हैं? सदा लोगों की भीड़ के बीच कैसे रहते हैं? 

बालक तुलसीदास अत्यंत निर्मल मन के थे। अतः उन्हें मामा के शब्दों पर पूर्ण विश्वास था। एक दिन रात्रि के समय वे मन्दिर में गए और श्री राम की मूर्ति के समीप पहुँचे।उन्हें बडी जोर की भूख व प्यास लगी हुई थी, इसी कारण वे रोने लगे तथा मूर्ति के पास ही उन्होंने कुछ खाने को माँगा। उनकी निष्पाप प्रवृत्ति को देखकर स्वयं प्रभु श्रीराम जी भी विचलित हो गये और उन्होंने थोड़ा प्रसाद उन्हें  खाने के लिए दिया। 

इस कारण तुलसीदास के मन में इस बात का जरा भी संदेह नहीं रहा कि रामजी ही उनके सच्चे माता-पिता थे। फिर तुलसी दास ने श्रीराम से पूछा कि वे अकेले ही क्यों हैं और अपने बच्चों की चिंता क्यों नहीं करते? किंतु मूर्ति ने कोई उत्तर नहीं दिया। हमें अपने माता-पिता के पास ही रहना चाहिए, ऐसा सोचकर तुलसीदास ने उस मूर्ति को घर ले चलने का विचार किया। मूर्ति ले जाते समय हुई थोड़ी आवाज के कारण मंदिर के पुजारी की नींद खुल गई। 

उन्होंने तुलसीदास को रूकने के लिए कहा। तुलसीदास ने कहा कि वे अपने माता-पिता को घर ले जा रहे हैं और उन्हें मंदिर में रखने का पुजारी को कोई अधिकार नहीं। पुजारी तुलसीदास के पीछे पीछे चलने लगे। तुलसीदास यथा सम्भव तेजी से दौड़े। दौड़ते - दौड़ते वे तुलसीजी के वन में पहुँचे और वहाँ पहुँचकर बेहोश हो गये।

(एक अन्य कथा में कहा गया है कि बचपन में भीख मांगते हुए कुछ बच्चे तुलसीदास को दौड़ा रहे थे और वे “जय सियाराम जय जय सियाराम, जय जय विघ्नहरन हनुमान” भजन भूल कर “हे राम जी मुझे बचाओ, हे हनुमान जी बचाओ,” चिल्लाता हुआ भाग रहा था कि सामने से आकर एक व्यक्ति ने उनकी बांह पकड़ ली और शरारती बच्चों को डांटकर भगाया और बालक तुलसी को बचाया था।)

कृपालु भगवान बालक के प्रेम व सत्य से अत्यंत प्रभावित हुए। उसी समय सरयू नदी के तट पर स्थित गोण्डा जिले के सुकरखेत के रामानन्द संप्रदाय के नरहरि दास नामक संत वहाँ पहुँचे, उन्होंने उस बालक को उठाया और उसे सांत्वना दी। तुलसीवन में मिलने के कारण स्वयं नरहरि दास ने ही बालक का नाम तुलसीदास रखा। संत नरहरि दास ने तुलसी को बताया कि रामजी ने उन्हें उसके माता-पिता के रूप में भेजा है। उस सत्पुरुष द्वारा दी गई प्रेम की वर्षा से बालक तुलसीदास अत्यंत संतुष्ट व आनन्दित हुए। 

गुरु ने ही उन्हें राम-कथा सुनाई, जिससे उनके मन में श्री राम के प्रति अटूट भक्ति जागी। तब से वे तुलसीदास के रूप में पहचाने जाने लगे। संत नरहरि दास ने उन्हें केवल आश्रय ही नहीं दिया, बल्कि उनके लिए उपयुक्त शिक्षा देकर उनके मन व हृदय में भक्ति की नींव भी डाली। वह व्यक्ति एक संत थे, जो तुलसी की स्थिति देख कर बहुत द्रवित हुए थे। वे उस अनाथ को अपने आश्रम में ले गए। उस समय बालक की उम्र कोई सात साल की रही होगी। वहाँ अन्य साधुओं के विरोध के बावजूद उन्होंने उसे आश्रम में रखा; उनका ब्राह्मणोचित संस्कार कराया; उनका नाम रामबोला से बदल कर तुलसीदास रखा और विद्यारंभ कराया। ये संत थे रामानंदी वैरागी साधू नरहरिदास थे जिन्हें बालक बाबा कहने लगा था। अगले आठ सालों तक बाबा ही उसके गुरु, शिक्षक और संरक्षक रहे।

विवाह -

तुलसीदास जी का विवाह रत्नावली नाम की विदुषी कन्या से हुआ था। वे अपनी पत्नी से अत्यधिक प्रेम करते थे। एक बार पत्नी के उलाहने (कि जितना प्रेम इस देह से करते हो, उतना श्री राम से करते तो बेड़ा पार हो जाता) ने उनका जीवन बदल दिया। उन्होंने गृहस्थ जीवन त्याग दिया और सन्यास धारण कर लिया।

प्रमुख रचनाएँ -

तुलसीदास जी ने संस्कृत और अवधी दोनों भाषाओं में दर्जनों रचनाएँ कीं। उनकी सबसे प्रसिद्ध कृति 'रामचरित मानस' है। उनकी कुछ अन्य प्रमुख रचनाएँ निम्नलिखित हैं-

रामललानहछू

वैराग्य संदीपनी

बरवै रामायण

पार्वती-मंगल

जानकी-मंगल

रामाज्ञाप्रश्न

दोहावली 

कवितावली 

गीतावली

श्रीकृष्ण-गीतावली

विनयपत्रिका

सतसई

छन्दावली रामायण

कुण्डलिया रामायण

राम शलाका

संकट मोचन

करखा रामायण

रोला रामायण

झूलना

छप्पय रामायण

कवित्त रामायण

कलिधर्माधर्म निरूपण

हनुमान चालीसा

रामचरितमानस की रचना -

तुलसीदास जी ने अयोध्या में रामचरित मानस की रचना शुरू की और इसे काशी (वाराणसी) में पूर्ण किया। यह ग्रंथ आज हिंदू धर्म के सबसे पवित्र और लोकप्रिय ग्रंथों में से एक है, जिसने श्री राम की कथा को घर-घर तक पहुँचाया।

मृत्यु (निर्वाण) –

तुलसीदास जी ने अपना अंतिम समय काशी के असीघाट पर व्यतीत किया। 1623 ईस्वी (संवत् 1680) में उन्होंने अपनी देह त्यागी। उनकी मृत्यु के संबंध में यह दोहा प्रसिद्ध है-

संवत् सोरह सौ असी, असी गंग के तीर।

श्रावण शुक्ला सप्तमी, तुलसी तज्योशरीर।

निष्कर्ष -

तुलसीदास जी ने लोक-भाषा (अवधी) में रामायण लिखकर भक्ति को जन-साधारण के लिए सुलभ बना दिया। उनकी रचनाएँ आज भी समाज को नैतिकता, धैर्य और भक्ति की प्रेरणा देती हैं।



लेखक परिचय:-

(लेखक भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण, में सहायक पुस्तकालय एवं सूचनाधिकारी पद से सेवामुक्त हुए हैं। वर्तमान समय में उत्तर प्रदेश के बस्ती नगर में निवास करते हुए सम सामयिक विषयों,साहित्य, इतिहास, पुरातत्व, संस्कृति और अध्यात्म पर अपना विचार व्यक्त करते रहते हैं। 

पता: मकान नम्बर 2785 वार्ड नंबर 8, आनन्दनगर कटरा, बस्ती Pin–272001.(वॉट्सप नं.+919412300183)






Wednesday, August 19, 2026

लोकसभा के 251, राज्यसभा के 75 और 14 राज्यों के मुख्यमंत्रियों के खिलाफ गंभीर मामले लंबित:- (समाचार संकलन: डा राधेश्याम द्विवेदी)

 

सुप्रीम कोर्ट में दाखिल एफिडेविट के मुताबिक, देशभर में सांसदों और विधायकों के खिलाफ 4,000 से ज्यादा आपराधिक मामले लंबित हैं।लोकसभा के 543 में से 251 सांसदों ने अपने खिलाफ आपराधिक मामले घोषित किए हैं, जबकि राज्यसभा के 233 में से 75 सदस्यों के खिलाफ भी ऐसे मामले दर्ज होने की बात सामने आई है।ध्यान देने वाली बात है कि आपराधिक मामला दर्ज होना अपने आप में दोषी साबित होना नहीं है। लेकिन आंकड़ा सवाल जरूर खड़ा करता है।

जिनके हाथ में कानून बनाने की जिम्मेदारी है, उन्हीं जनप्रतिनिधियों से जुड़े हजारों मामले अदालतों में लंबित क्यों हैं?


देश के सामने आया है कि कुल 326 सांसदों पर इस समय आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें 251 लोकसभा के और 75 राज्यसभा के सदस्य शामिल हैं। चिंता की बात यह है कि इनमें से 210 पर ऐसे संगीन आरोप लगे हैं, जिनमें दोषी पाए जाने पर 5 साल या उससे ज्यादा की जेल हो सकती है।

सांसदों और विधायकों पर 4,192 केस लंबित

सुप्रीम कोर्ट ने 2018 से ही इन मामलों की जल्द सुनवाई का निर्देश दिया था, लेकिन इसके बावजूद नेताओं के खिलाफ 4,192 मुकदमे अभी भी लंबित हैं। सुप्रीम कोर्ट के सलाहकार (एमिकस क्यूरी) वरिष्ठ वकील विजय हंसारिया बताते हैं कि नए मामले लगातार आने से लंबित केसों का बोझ बढ़ता जा रहा है, जिससे उन्हें निपटाना मुश्किल हो रहा है।

केरलम के 95 प्रतिशत सांसदों पर आरोप

आपराधिक मामलों में केरलम के सांसदों की संख्या सबसे ज्यादा है, जहां करीब 95 प्रतिशत सांसदों पर आरोप लगे हुए हैं। इस सूची में तेलंगाना और ओडिशा उसके बाद हैं।सेन्हा कलिता के जरिए दाखिल हलफनामे के मुताबिक, केरलम के 20 में से 19 सांसद यानी 95% सांसदों पर आपराधिक आरोप हैं। इनमें 11 सांसद गंभीर मामलों का सामना कर रहे हैं।

तेलंगाना दूसरे स्थान पर 

तेलंगाना के 17 में से 14 सांसदों यानी 82% पर आपराधिक मामले हैं। ओडिशा में 21 में से 16 सांसद यानी 76%, झारखंड में 14 में से 10 यानी 71% और तमिलनाडु में 39 में से 26 यानी 67% सांसदों पर मामले हैं।

बड़े राज्यों में 50 प्रतिशत नेताअपराधी

उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, बिहार, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश जैसे अन्य बड़े राज्यों के करीब 50% सांसदों पर आपराधिक मामले हैं।हरियाणा के 10 सांसदों में से एक और छत्तीसगढ़ के 11 सांसदों में से एक पर आपराधिक आरोप हैं। पंजाब में 13 में से 2, असम में 14 में से 3, दिल्ली में 7 में से 3, राजस्थान में 25 में से 4, गुजरात में 25 में से 5 और मध्य प्रदेश में 29 में से 9 सांसदों पर आपराधिक मामले हैं।

तेलंगाना CM पर सर्वाधिक 89 मामले

एफिडेविट मे बताया गया कि तेलंगाना के CM रेवंत रेड्डी पर 89 केस हैं। इसके बाद पश्चिम बंगाल के CM सुवेंदु अधिकारी पर 29 और कर्नाटक के CM डीके शिवकुमार पर 19 मामले हैं।

हाईकोर्ट से जुटाए गए आंकड़ों के मुताबिक, 2025 में 1,243 आपराधिक मामलों का फैसला हुआ। इसी साल 1,050 नए मामले दर्ज किए गए। पूर्व और मौजूदा सांसदों-विधायकों के खिलाफ कुल 4,192 मामले पेंडिंग हैं।

एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स की रिपोर्ट का हवाला देते हुए एफिडेविट में कहा गया है, “लोकसभा में 543 सदस्यों में से 251 पर आपराधिक मामले हैं। इनमें 170 मामले गंभीर हैं, जिनमें 5 साल या उससे ज्यादा की सजा हो सकती है।”

एफिडेविट में कहा गया है, “राज्यसभा में 233 में से 75 यानी 33% सदस्यों पर आपराधिक मामले हैं। इनमें 40 यानी 18% मामले गंभीर हैं, जिनमें 5 साल या उससे ज्यादा की सजा हो सकती है।”

वरिष्ठ वकील ने उत्तर प्रदेश को छोड़कर विभिन्न हाईकोर्ट की ओर से दाखिल रिपोर्ट का विश्लेषण भी कोर्ट में पेश किया। इलाहाबाद हाईकोर्ट से रिपोर्ट नहीं मिलने के कारण उत्तर प्रदेश का आंकड़ा इसमें शामिल नहीं किया गया।

विशेष अदालतों में सिर्फ सांसद- विधायकों के केस चलाने की मांग -

विजय हंसारिया ने कोर्ट में कहा कि सांसदों और विधायकों के खिलाफ आपराधिक मामलों की सुप्रीम कोर्ट से निगरानी जरूरी है, ताकि इनका जल्द निपटारा हो सके। उन्होंने मांग की कि सांसद-विधायकों के लिए बनाई गई विशेष अदालतें सिर्फ उन्हीं के मामलों की सुनवाई करें।उन्होंने कहा कि इन मामलों की सुनवाई पूरी होने के बाद ही विशेष अदालतों में दूसरे मामलों की सुनवाई शुरू की जाए।


 लेखक/ पत्रकार

डॉ. राधेश्याम द्विवेदी ,

पूर्व पुस्तकालय सूचनाधिकारी,

मकान नम्बर 2785, वार्ड नंबर 8

निकट : लिटिल फ्लावर स्कूल,

आनन्द नगर,कटरा, बस्ती,Pin 2720901,उत्तर प्रदेश INDIA 

मोबाइल नंबर +91 9412300183



 



Tuesday, August 18, 2026

क्या “आरक्षण हटाओ आंदोलन”बीजेपी का खेल बिगाड़ सकता है ?✍️डॉ.राधेश्याम द्विवेदी


1.बेहद संवेदनशील मुद्दा -

'आरक्षण हटाओ आंदोलन' भारतीय जनता पार्टी या अन्य किसी सत्तासीन पार्टी के राजनीतिक समीकरणों और चुनावी खेल को गंभीर रूप से बिगाड़ सकता है। भारत की राजनीति में आरक्षण एक बेहद संवेदनशील और निर्णायक मुद्दा है। इसका मुख्य उद्देश्य भारत में जाति- आधारित आरक्षण व्यवस्था को समाप्त करना है। इसके समर्थकों का तर्क है कि इससे योग्यता (मेरिट) प्रभावित होती है और सामाजिक समानता के लिए इसका हटना जरूरी है। इस तरह के आंदोलन से बीजेपी के सामने 'कमंडल' (हिंदू एकता) और 'मंडल' (पिछड़ा वर्ग राजनीति) के बीच संतुलन बनाने की एक बड़ी दुविधा खड़ी हो जाती है।  यह आंदोलन सोशल मीडिया और जमीनी स्तर पर तेजी से बढ़ा है, जिससे पार्टी के सामने पारंपरिक सवर्ण समर्थकों और वंचित (SC/ST/OBC) समुदायों के बीच संतुलन बनाने की एक बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।


2.सामाजिक और चुनावी संतुलन बिगड़ने का खतरा -

'आरक्षण हटाओ आंदोलन’ निम्नलिखित कारणों से बीजेपी या किसी भी सत्तासीन दल के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकता है -


1.) कोर वोटर बेस में असंतोष और बिखराव -

बीजेपी का पारंपरिक वोटर बेस सवर्ण समाज (General Category) रहा है, जो मुख्य रूप से आरक्षण का विरोध या आर्थिक आधार पर इसकी मांग करता है।आरक्षण हटाओ आंदोलन का मुख्य नेतृत्व और समर्थक सामान्य वर्ग (General Category) के युवा और कुछ संगठन (जैसे करणी सेना) कर रहे हैं। इनमें से कुछ धड़े बीजेपी द्वारा आरक्षण नीति में बदलाव न करने से नाराज होकर वोट न देने की चेतावनी दे रहे हैं। सामान्य वर्ग पारंपरिक रूप से बीजेपी का मजबूत कोर वोटर माना जाता है। बीजेपी ने पिछले एक दशक में गैर-यादव ओबीसी (OBC) और गैर-जाटव दलित (SC/ST) वर्गों का एक बड़ा 'लॉयल्टी बैंक' तैयार किया है। 'आरक्षण हटाओ' की मांग तेज होने से इन दोनों वर्गों में टकराव बढ़ेगा, जिससे पार्टी का सामाजिक गठबंधन टूट सकता है। 

2.) विपक्ष का बड़ा राजनीतिक हथियार-

विपक्षी दल (जैसे कांग्रेस, आरजेडी और सपा) लगातार बीजेपी पर यह आरोप लगाते रहे हैं कि वह आरक्षण को खत्म करना चाहती है या संविधान को कमजोर कर रही है। यदि सड़कों या सोशलमीडिया पर आरक्षण विरोधी आंदोलन (जैसे : 'Reservation Hatao Andolan' या हालिया युवा डिजिटल अभियान) तेज होता है, तो विपक्ष को पिछड़े और दलित वर्गों को बीजेपी के खिलाफ लामबंद करने का सीधा मौका मिल जाता है।

बीजेपी का मौजूदा रुख और रणनीति

1.आरक्षण का खुला समर्थन-

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह जैसी शीर्ष लीडरशिप ने स्पष्ट किया है कि बीजेपी आरक्षण व्यवस्था को पूरी तरह सुरक्षित रखेगी और इसे हटाया नहीं जाएगा। पार्टी खुद को वंचित सामाजिक वर्गों के अधिकारों के रक्षक के तौर पर पेश करती है।

 2.आर्थिक आधार (EWS) का दांव- सामान्य वर्ग की नाराजगी को कम करने के लिए बीजेपी पहले ही 10% EWS (आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग) आरक्षण लागू कर चुकी है। आंदोलनकारियों की मांग है कि पूरे आरक्षण को ही आर्थिक आधार पर बदला जाए, जिस पर पूरी तरह अमल करना किसी भी दल के लिए संवैधानिक रूप से जटिल है। 

3.विभाजनकारी शक्तियों से सतर्कता-

बीजेपी प्रवक्ताओं के अनुसार, यदि आंदोलन की मंशा केवल योग्यता (Merit) और सुधार पर चर्चा की है तो ठीक है, लेकिन समाज को बांटने वाली ताकतों का विरोध किया जाएगा। 

        अतीत के सबक और 

          राजनीतिक नुकसान :-

बीजेपी इस आंदोलन के प्रभाव को कम करने के लिए निम्नलिखित कदम उठाती है-

1.2015 बिहार चुनाव का उदाहरण-

साल 2015 के बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान आरएसएस (RSS) प्रमुख मोहन भागवत के 'आरक्षण की समीक्षा' वाले एक बयान को विपक्ष ने चुनावी मुद्दा बना दिया था। इसका नतीजा यह हुआ कि बीजेपी को उस चुनाव में भारी राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ा था। 

2.2024 के लोकसभा चुनाव की गूंज-

 हालिया आम चुनावों में भी 'संविधान और आरक्षण खतरे में है' के नैरेटिव ने उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में बीजेपी की सीटों को काफी कम करने में बड़ी भूमिका निभाई थी। विपक्ष अपनी कूट नीति से बीजेपी को नुकसान पहुंचाने में सफल रहा।

3.बीजेपी का बचाव और रणनीति

इस खतरे को भांपते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के शीर्ष नेता हमेशा सार्वजनिक मंचों से यह स्पष्ट रूप से दोहराते आए हैं कि "जब तक बीजेपी है, आरक्षण को कोई छू भी नहीं सकता"। यद्यपि उसका एक बड़ा वर्ग इस घोषणा से स्वयं को असहज महसूस करता है और उसकी सक्रियता भी कम हो जाती है।

4.जातिगत राजनीति का काट-

पार्टी आरक्षण विरोधी आंदोलनों से खुद को पूरी तरह दूर रखती है ताकि दलित और ओबीसी मतदाताओं में गलत संदेश न जाए। वह इस तरह के आयोजन से परहेज करती है। उसके सामान्य जाति के टॉप लीडर खुद को मन मसोस कर रह जाते हैं।

निष्कर्ष :-

आरक्षण हटाओ आंदोलन सीधे तौर पर बीजेपी के खेल को पूरी तरह बिगाड़ तो नहीं सकता, क्योंकि पार्टी का ओबीसी और वंचित वर्ग में भी बड़ा आधार है। लेकिन, यह आंदोलन बीजेपी को एक बेहद संवेदनशील स्थिति में जरूर ला देता है। पार्टी के लिए चुनौती यह है कि वह आंदोलनकारी सामान्य वर्ग के युवाओं को समझाए और साथ ही दलित-पिछड़ा वर्ग के अपने बड़े वोट बैंक को यह भरोसा दिलाए रखे कि उनका आरक्षण पूरी तरह सुरक्षित है। यदि आंदोलन' देश में हिंसक या बड़ा रूप लेता है, तो बीजेपी के लिए अपने सवर्ण और ओबीसी-दलित मतदाताओं को एक साथ जोड़े रखना लगभग असंभव हो जाएगा, जिसका सीधा चुनावी नुकसान पार्टी को उठाना पड़ सकता है। 


लेखक:

डॉ. राधेश्याम द्विवेदी ,

पूर्व पुस्तकालय सूचनाधिकारी,

मकान नम्बर 2785, वार्ड नंबर 8

निकट : लिटिल फ्लावर स्कूल,

आनन्द नगर,कटरा, बस्ती,Pin 2720901,उत्तर प्रदेश INDIA 

मोबाइल नंबर +91 9412300183





Monday, August 17, 2026

2027 में बीजेपी की आने वाली प्रमुख चुनौतियां ✍️ डॉ.राधेश्याम द्विवेदी


2027 भारतीय राजनीति के लिए उच्च महत्व वाला वर्ष -

भारत में भारतीय जनता पार्टी या उसके नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनता गठबंधन की सरकारें कुल मिलाकर लगभग 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में हैं। बंगाल में जीत के बाद भारत की राजनीति में बीजेपी का दबदबा और मजबूत हो गया है। बीजेपी की अगुवाई में अब देश के 22 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में बीजेपी+ की सरकार है। अकेले भाजपा अपने दम पर या मुख्य सत्ताधारी दल के रूप में कई प्रमुख राज्यों में शासन कर रही है, जबकि अन्य राज्यों में वह एनडीए के सहयोगियों के साथ सत्ता में साझीदार है।

कॉकरोच जनता पार्टी' मई 2026 में अभिजीत दिपके द्वारा शुरू किया गया एक चर्चित ऑनलाइन व्यंग्यात्मक राजनीतिक और नागरिक आंदोलन को बीजेपी द्वारा अपने एक मंत्री से इस्तीफा दिलवाकर भ्रमित युवाओं का एक दबाव समूह जो शिक्षा, बेरोजगारी और व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर कुछ वाजिब और कुछ गैर वाजिब बात कर रहा था, उससे मजबूती से निपट लिया है। संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई 2026 से शुरू होकर 13 अगस्त 2026 तक 25 दिनों की अवधि में कुल 19 बैठकें हुईं, जिसके दौरान भारी हंगामे और गतिरोध के बावजूद सरकार ने दोनों सदनों से कुल 12 महत्वपूर्ण विधेयक पारित करा लिए हैं। विपक्ष संसद परिसर में नुक्कड़ नाटक करता कुछ भी हासिल नहीं कर सका।

2027 का चुनावी वर्ष की तैयारी -

भारत में 2027 का चुनावी वर्ष काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, इसमें कई बड़े संवैधानिक और राज्य स्तरीय चुनाव शामिल होने की उम्मीद है। इस वर्ष राज्यसभा के नियमित द्विवार्षिक चुनाव होंगे, जिनमें 4 सदस्यों का कार्यकाल समाप्त होने पर सीमित सीटों पर नए सदस्यों का चयन किया जाएगा। इसके साथ ही भारत के राष्ट्रपति का चुनाव भी जुलाई 2027 में होना निर्धारित है;वर्तमान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का कार्यकाल 24 जुलाई 2027 को समाप्त होने जा रहा है। इसके अलावा, 2027 में सात राज्यों - उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा, मणिपुर, हिमाचल प्रदेश और गुजरात की विधानसभाओं के चुनाव भी संभावित हैं। इस प्रकार, 2027 भारतीय राजनीति के लिए एक उच्च महत्व वाला वर्ष होगा, जिसमें राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे।

उत्तर प्रदेश 2027 विधानसभा चुनाव की बिसातें बिछनी शुरू -

उत्तर प्रदेश जहां सर्वाधिक 80 संसद सीटें है। इसका  2027 का विधानसभा चुनाव यद्यपि अभी दूर है, लेकिन उसकी तैयारी अभी से ही शुरू हो गई है। 2024 के लोकसभा चुनाव नतीजों और 2026 के उप चुनाव से मिले झटके के बाद बीजेपी अभी से अलर्ट मोड में है। उत्तर प्रदेश में पिछले प्रमुख विधानसभा उपचुनाव 20 नवंबर 2024 को 13 सीटों पर हुए थे । जिनमें बीजेपी 9 और सपा 4 सीटें जीती थी।

भारत में अभी हाल में विधानसभा उपचुनाव 30 जुलाई 2026 को हुए थे और इसके नतीजे 3 अगस्त 2026 को घोषित किए गए थे, जिसमें बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात राज्यों की एक-एक विधानसभा सीट पर मतदान हुआ था। बांकीपुर बिहार से प्रशांत किशोर, दतिया मध्य प्रदेश में कांग्रेस और मांजलपुर गुजरात में बीजेपी ने जीत दर्ज की थी।

बीजेपी की ताकत और खतरा-

 यह चुनाव सिर्फ विपक्ष की चुनौती नहीं, बल्कि बीजेपी के लिए अपनी ही जमीन को फिर से परखने का इम्तिहान भी है । इसी सियासी सरगर्मी के बीच बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन देश के विभिन्न भागों का दौरा करते देखे जा रहे हैं। इससे साफ संदेश यह है कि 2027 की यह ‘महाजंग’ के लिए बीजेपी कितनी गंभीर है। इस बार बीजेपी कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहती है ।

उत्तर प्रदेश में बीजेपी को झटका लगा था -

लोकसभा चुनाव 2024 में बीजेपी को बहुत बड़ा झटका लगा था। 2019 में 62 सीटें जीतने वाली पार्टी 2024 में 33 सीटों पर आ गई थी। दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी 37 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बन गई थी ।कांग्रेस भी 6 सीटें ले गई । वोट शेयर की बात करे तो बीजेपी का 41 फीसदी के आसपास वोट मिले थे, लेकिन सीट कम हो गई। जिसके बाद यह समझ में आ गया कि कुछ तो गड़बड़ है। यही वजह है कि 2024 के बाद बीजेपी ने यूपी को सिर्फ मजबूत राज्य की तरह नहीं, बल्कि फिर से कसने वाले राज्य की तरह देखना शुरू किया।

चुनाव परिणाम का निहितार्थ -

बीजेपी ने लोकसभा चुनाव 2024 के चुनाव नतीजों के बाद से ही बहुत कुछ संदेश समझ लिया था। जहां विधानसभा चुनाव की लड़ाई लोकसभा से अलग होता है।यह भी समझ आ गया कि बीजेपी के लिए लोकसभा में पीएम मोदी फैक्टर बहुत बड़ा रोल प्ले करता है। लेकिन विधानसभा में जाति, स्थानीय संगठन, उम्मीदवार, सरकारी योजनाओं को पाने वाले लोग, पार्टी, वोटर में नाराजगी और बूथ की ताकत ज्यादा मायने रखती है। इसलिए 2025 के बाद और खासकर 2026 में बीजेपी ने यूपी में दो काम साथ-साथ शुरू किए पहला संगठन में परिवर्तन और दूसरा सामाजिक समीकरण को साधना।

जुलाई 2026 में बीजेपी की गतिविधियां -

जुलाई के पहले हफ्ते में नितिन नवीन का लखनऊ दौरा इसी तैयारी का हिस्सा था। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों डिप्टी सीएम , नई प्रदेश टीम, क्षेत्रीय अध्यक्षों, पुराने प्रदेश अध्यक्षों और एनडीए सहयोगियों के साथ बैठकें कीं। फोकस साफ था- बूथ, शक्ति केंद्र, मंडल, जिला और प्रदेश स्तर तक संगठन को फिर से चुस्त-दुरूस्त करना है। पार्टी ने 2027 के लिए ग्राउंड लेवल तक मजबूत करने और लाभार्थियों और सभी जातियों तक सीधा संपर्क बढ़ाने पर जोर दिया गया है। यह सिर्फ नितिन नबीन काऔपचारिक दौरा नहीं था। इसके पीछे एक साफ राजनीतिक संदेश भी था। बीजेपी समझ चुकी है कि 2024 में जो ढील दिखी, उसे 2027 से पहले भरना होगा। कार्यकर्ता सक्रिय रहें, कमजोर सीटों की पहचान हो, समाज के सभी वर्गो और जातियों में संवाद बढ़े और उन्हें भरोसे में लिया जाए।

यूपी बीजेपी में कौन-कौन फैक्टर सक्रिय हैं -

अगर आज की तारीख में यूपी बीजेपी को समझना हो तो उसे सिर्फ एक पार्टी की तरह नहीं, बल्कि कई लेयर में समझना होगा।जिसमें ऊपर चेहरा है, नीचे संगठन है।बीच में जातीय-सामाजिक गणित है और उसके साथ सरकार का प्रदर्शन भी जुड़ा है।

1. योगी फैक्टर: बेदाग चेहरा, सख्त बुलडोजर वाली छवि -

यूपी में बीजेपी के लिए सबसे बड़ा चेहरा योगी आदित्यनाथ हैं।‌योगी के साथ कानून-व्यवस्था, हिंदुत्व, बुलडोजर वाली सख्त छवि, प्रशासनिक पकड़ है । 

यही वजह रही कि 2024 के झटके के बाद भी बीजेपी के भीतर नेतृत्व को लेकर कोई खुला टकराव नहीं दिखा। 2027 की तरफ जाते हुए पार्टी की पहली पूंजी यही है कि उसके पास बेदाग चेहरा बरकरार है।

2. दोनों डिप्टी सीएम का अलग-अलग रूप में संतुलन कर रहे -

दोनों डिप्टी सीएम श्री केशव प्रसाद मौर्य और श्री ब्रजेश पाठक दोनों की भूमिका अलग है और दोनों बीजेपी के सामाजिक- सियासी बैलेंस में काम आते हैं। जहां एक तरफ केशव मौर्य ओबीसी राजनीति, संगठन और कार्यकर्ता संदेश के लिहाज से अहम हैं। तो दूसरी तरफ ब्रजेश पाठक ब्राह्मण चेहरे के तौर पर उपयोगी हैं और शहरी- प्रशासनिक राजनीति में भी उनकी मुख्य भूमिका है।

3. नई प्रदेश टीम और संगठन -

अभी से 2027 की असली तैयारी शुरू हो चुकी है । बीजेपी ने नई प्रदेश टीम बनाई है और क्षेत्रीय स्तर पर बदलाव किए हैं ।इसका राजनीतिक मतलब सीधा है कि पार्टी मान रही है कि 2024 के बाद यूपी संगठन को रीसेट करने की जरूरत थी। बूथ से लेकर क्षेत्र तक नए सिरे से बीजेपी ऊर्जा भर रही है । सामाजिक प्रतिनिधित्व से लेकर हर क्षेत्र में पार्टी सजगता बरत रही है।अन्य पार्टियों से आए हुए सदस्य मूल कार्यकर्ताओं पर भारी पड़ रहे हैं , उनका संतुलन बनाना एक एक बड़ी समस्या है।

4. दिल्ली-लखनऊ तालमेल जरूरी -

यूपी बीजेपी को सिर्फ लखनऊ से नहीं समझा जा सकता है । इसमें कई और भी जोड़ हैं,‌ जिसमें आर एस एस की विहंगम दृष्टि, दिल्ली का केंद्रीय नेतृत्व, केंद्रीय संगठन, राज्य सरकार, सहयोगी दल और प्रदेश इकाई सबका तालमेल भी बैठाना है। इसलिए नितिन नवीन का दौरा बहुत अहम है। यह सिर्फ एक मीटिंग नहीं, बल्कि यह संकेत है कि 2027 की तैयारी अब दिल्ली की सीधी निगरानी में भी तेज हो चुकी है।

बीजेपी की अब तक की ताकत-

  1. योगी + हिंदुत्व + प्रशासन की संयुक्त छवि -

बीजेपी का सबसे बड़ा सहारा यह है कि उसके पास अभी भी यूपी में सबसे स्पष्ट राजनीतिक चेहरा है। राम मंदिर, काशी, कानून-व्यवस्था, माफिया पर कार्रवाई, सख्त प्रशासन इन सबको जोड़कर बीजेपी अपने समर्थक वोटर को यह बताती है कि “मजबूत सरकार” अभी भी उसी के पास है।

 2. बूथ वाला संगठन -

यही बीजेपी की असली चुनावी मशीन है। पार्टी सिर्फ मंच से चुनाव नहीं लड़ती है । बूथ कमेटी, शक्ति केंद्र, सरकारी याेजनाओं को पाने वालों से संपर्क, कमजोर सीटों की पहचान आदि, यह सब उसकी ताकत है।नितिन नवीन के दौरे और लखनऊ बैठकों में बूथ और शक्ति केंद्र पर जोर इसी वजह से दिखा।पार्टी चाहती है कि 2024 के बाद जो ढील दिखी, वह विधानसभा चुनाव से पहले पूरी तरह खत्म हो जाए।

 3.लाभार्थी वोट -

मुफ्त राशन, उज्ज्वला, पीएम आवास, किसान सम्मान निधि, आयुष्मान जैसी योजनाओं ने बीजेपी को एक ऐसा वोटर दिया है जो सिर्फ जातीय पहचान से वोट नहीं करता है। वह यह भी देखता है कि सरकार से उसे मिला क्या? यही “लाभार्थी वोट” बीजेपी की बड़ी ढाल बना रहा है।

4. सवर्ण + गैर-यादव ओबीसी + गैर-जाटव दलित का सामाजिक तालमेल -

2014 के बाद बीजेपी की सबसे बड़ी उपलब्धि यही रही कि उसने अपने वोट को सिर्फ सवर्णों तक सीमित नहीं रखा। उसने गैर-यादव ओबीसी और गैर-जाटव दलित समूहों में भी पैठ बनाई है । 2017, 2019 और 2022 की जीत में यही गठजोड़ उसकी रीढ़ बना हुआ है।2024 में इसमें कुछ ढील के संकेत जरूर मिले, लेकिन बीजेपी की पूरी कोशिश है कि यह ढील 2027 तक गहरी न होने पाए।

  बीजेपी की लड़ाई विपक्ष से भी 

  और अपनी जमीन बचाने की भी -

बीजेपी की असली चुनौती क्या है? इसका कोई एक लाइन में जवाब नहीं है। बीजेपी को उन सभी वोटरों को साधे रखना है जो उनके सबसे कोर वोटर है।जो पिछले एक दशक में उसके साथ जुड़े हैं। अगर उसका कुछ हिस्सा खिसकता है, तो पार्टी की मुश्किल बढ़ेगी।2024 ने यही संकेत दिया था।

1. पीडीए की राजनीति -

समाजवादी पार्टी की पीडीए का गठजोड़  जिसमें पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक अब सिर्फ नारा नहीं रह गया है। 2024 में सपा ने इसका फायदा उठाया।उसने ओबीसी, दलित, संविधान, आरक्षण और स्थानीय असंतोष को एक फ्रेम में रखने की कोशिश की है ।यही बीजेपी के लिए सबसे बड़ा खतरा है। अगर गैर-यादव ओबीसी और कुछ दलित समूहों में बीजेपी की पकड़ ढीली पड़ती है, तो 2027 की लड़ाई कठिन हो सकती है।

2. लंबे शासन की एंटी इनकंबेंसी-

बीजेपी 2017 से यूपी की सत्ता में है. 2027 तक यह लंबा शासनकाल हो जाएगा. ऐसे में नाराजगी होना स्वाभाविक है. भर्ती, बेरोजगारी, पेपर लीक, स्थानीय नेताओं की अनदेखी, टिकट बंटवारा, पुलिस-प्रशासन, महंगाई ये ऐसे मुद्दे होंगे जो विधानसभा चुनाव में असर डाल सकते हैं. लोकसभा में वोटर राष्ट्रीय चेहरा देखकर वोट दे सकता है, लेकिन विधान सभा में वह अपने जिले, अपने विधायक और अपने समाज की हिस्सेदारी भी देखता है.

3. राम मंदिर चढ़ावा विवाद 

अयोध्या राम मंदिर बीजेपी की सबसे बड़ी वैचारिक और राजनीतिक उपलब्धियों में से एक है। ऐसे में चढ़ावे में कथित गड़बड़ी या चोरी का मामला सिर्फ एक प्रशासनिक विवाद नहीं रह गया है, वह राजनीतिक मुद्दा है। हाल के दिनों में इस मुद्दे पर विपक्ष ने जिस तरह बीजेपी को घेरने की कोशिश की है उसे चुनावी हथियार बनाने की कोशिश की उससे यही लगता है कि आने वाले दिनों में विपक्ष इसे एक टूल की तरह यूज कर सकता है।लेकिन दूसरी तरफ बीजेपी और सरकार की कोशिश यह लगातार बनी हुई है कि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करके एक साफ संदेश दिया जाए। जिससे किसी बड़े नैरेटिव के नुकसान से आगे बचा जा सके।

4.आरक्षण हटाओ आंदोलन’से निपटना -

‘आरक्षण हटाओ आंदोलन' भारतीय जनता पार्टी के राजनीतिक समीकरणों और चुनावी खेल को गंभीर रूप से बिगाड़ सकता है। भारत की राजनीति में आरक्षण एक बेहद संवेदनशील और निर्णायक मुद्दा है। इसका मुख्य उद्देश्य भारत में जाति- आधारित आरक्षण व्यवस्था को समाप्त करना है। इसके समर्थकों का तर्क है कि इससे योग्यता (मेरिट) प्रभावित होती है और सामाजिक समानता के लिए इसका हटना जरूरी है। इस तरह के आंदोलन से बीजेपी के सामने 'कमंडल' (हिंदू एकता) और 'मंडल' (पिछड़ा वर्ग राजनीति) के बीच संतुलन बनाने की एक बड़ी दुविधा खड़ी हो जाती है।यदि 'आरक्षण हटाओ आंदोलन' देश में हिंसक या बड़ा रूप लेता है, तो बीजेपी के लिए अपने सवर्ण और ओबीसी-दलित मतदाताओं को एक साथ जोड़े रखना लगभग असंभव हो जाएगा, जिसका सीधा चुनावी नुकसान पार्टी को उठाना पड़ सकता है।

2027 के लिए बीजेपी का नया फॉर्मूला

अगर जुलाई 2026 बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के लखनऊ के दौरे औ यूपी टीम में बदलाव के संकेत जोड़ें, तो बीजेपी का फॉर्मूला चार हिस्सों में दिखता है-

1. योगी को केंद्र में रखा जाय -

कानून-व्यवस्था, हिंदुत्व और मजबूत प्रशासन का चेहरा बनाकर प्रदेश व देश में एक अलग ही छवि दिखाई देनी चाहिए। इसके लिए योगी जी को भावी प्रधान मंत्री के रूप में भी प्रोजक्ट किया जाना लाभ दायक हो सकता है।

2. संगठन को बूथ तक पहुंचे -

नितिन नवीन का दौरा और लगातार बैठकें इसी लाइन का हिस्सा हैं। इसमें आर एस एस के कार्यकर्ताओं का सहयोग और सक्रियता वांछित लक्ष्य दिला सकता है।

3. ओबीसी-दलित सामाजिक गठजोड़ 

नई टीम, क्षेत्रीय फेरबदल और सामाजिक प्रतिनिधित्व इसी कोशिश की तरफ इशारा करते हैं। कुछ जातीय नेता इस इशू को साधने में लगे हैं।

4. लाभार्थी + नैरेटिव दोनों साथ साथ चलाएं -

इसके लिए इस योजना का लाभ भी दिखे, और विपक्ष के आरोपों का जवाब भी तैयार रहना चाहिए। यह पूरी तैयारी के साथ जनता को निरन्तर ब्रीफ किया जाना चाहिए।

निष्कर्ष -

कुल मिलाकर बीजेपी की लड़ाई इस बार विपक्ष से जितनी है, उतनी अपनी जमीन बचाने की भी है। ऊपर जो भी बातें हैं इसका असली परिणाम क्या होगा यह तो समय बताएगा। यह किसी की विदाई भी करा सकता है और किसी का स्वागत भी करा सकता है।


लेखक:

आचार्य डॉ. राधेश्याम द्विवेदी ,

पूर्व पुस्तकालय सूचनाधिकारी,

मकान नम्बर 2785, वार्ड नंबर 8

निकट : लिटिल फ्लावर स्कूल,

आनन्द नगर,कटरा, बस्ती,

Pin 2720901,उत्तर प्रदेश INDIA 

मोबाइल नंबर +91 9412300183




Sunday, August 16, 2026

“वंदे मातरम” की 150 साल की कहानी✍️आचार्य डॉ. राधेश्याम द्विवेदी


1875 में श्री बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की लेखनी से निकला ‘वंदे मातरम’ अंग्रेजों के खिलाफ आजादी की लड़ाई का जयघोष बन गया था। 1937 में इसके दो छंद ही राष्ट्रीय आयोजनों तक सीमित कर दिये गए थे।1950 में इसे राष्ट्रगीत का दर्जा  मिला पाया है।

150 साल के इस सफर में इस गीत ने अनेक उतार चढ़ाव देखे हैं।अब 2026 में पूरे छह छंद फिर चर्चा में आ गया है । इसे अपना असली स्वरूप और मान्यता मिल पाया है। करीब 150 साल पहले लिखे गए इन दो शब्दों ने भारत की आजादी की लड़ाई में ऐसा रंग भरा कि यह गीत धीरे-धीरे अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष की पहचान बन गया। जुलूस निकले तो “वंदे मातरम” के नारे लगे। आंदोलन हुए तो इसकी आवाज सुनाई दी। अंग्रेजों ने इसे रोकने की कोशिश की तो आंदोलन कारियों ने और जोर से गाया। आजादी के बाद इसे राष्ट्रगान नहीं, बल्कि राष्ट्रीय गीत का दर्जा मिला।  पूरे गीत के कुछ हिस्सों को लेकर विवाद भी रहा। इसी वजह से सार्वजनिक और राजनीतिक कार्यक्रमों में लंबे समय तक इसके शुरुआती दो छंद ही इस्तेमाल किए जाते रहे हैं।

अब 2026 में ‘वंदे मातरम’ फिर चर्चा में आ गया है। केंद्र सरकार ने इसी साल फरवरी में पहली बार राष्ट्रीय गीत के लिए विस्तृत आधिकारिक प्रोटोकॉल जारी किया है। इसके मुताबिक, जब राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान दोनों किसी कार्यक्रम में गाए या बजाए जाएंगे, तो पहले “वंदेमातरम” और उसके बाद “जन गण मन” होगा। आधिकारिक छह-छंद वाले संस्करण की अवधि करीब 3 मिनट 10 सेकंड है। इसे आधिकारिक मौकों पर बजाने या गाने के दौरान सभा को सावधान की मुद्रा में खड़े रहने की हिदायत दी गई है। 

हाल ही 2026 में समाप्त हुए मानसून सत्र के दौरान सरकार ने राष्ट्रीय सम्मान से जुड़े कानून में बदलाव किया है। संसद से ‘राष्ट्रीय सम्मान के अपमान की रोकथाम (संशोधन) विधेयक, 2026’ पारित होने के बाद राष्ट्रपति की मंजूरी भी मिल चुकी है। अब “वंदे मातरम” को “राष्ट्रीय गान” के साथ कानूनी संरक्षण मिला है।जानबूझकर इसके गायन को रोकने या इसमें बाधा डालने पर तीन साल तक की जेल, जुर्माना या दोनों का प्रावधान किया गया है। 26 मार्च 2026 से आकाशवाणी ने भी अपने सुबह के प्रसारण में लंबे समय से इस्तेमाल हो रहे करीब 65 सेकंड के दो-छंद वाले संस्करण की जगह छह-छंद वाला 3 मिनट 10 सेकंड का संस्करण प्रसारित करना शुरू किया। और अब 15 अगस्त 2026 को पहली बार लाल किले की प्राचीर से स्वतंत्रता दिवस समारोह में “वंदे मातरम” राष्ट्रगान से पहले गाया गया। 

वंदे मातरम 1875 में लिखा गया-

वंदे मातरम के रचयिता बंगाल के महान साहित्यकार बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय थे। सरकारी रिकॉर्ड के मुताबिक इसकी रचना सात नवंबर 1875 को हुई और पहली बार इसे साहित्यिक पत्रिका ‘बंगदर्शन’ में प्रकाशित किया गया। बाद में बंकिम चंद्र ने इसे अपने प्रसिद्ध उपन्यास ‘आनंद मठ’ में शामिल किया, जो 1882 में प्रकाशित हुआ। 1875 में इसकी रचना और शुरुआती प्रकाशन हुआ, जबकि 1882 में यह आनंद मठ का हिस्सा बना। सरकार केवल प्रारंभिक 2 छंद ही प्रसारित कराती है। शेष 4 छंद नेहरू जी के जमाने से ही मुस्लिम लींग की आपत्ति के कारण प्रतिबंधित रहे हैं । इसे पूरा दिखाने में स्वतंत्र भारत में अब किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए।

वंदे मातरम’ का सरल अर्थ है- ‘मां, मैं तुम्हें नमन करता हूं।’ यहां मां से आशय मातृभूमि से है। आनंदमठ की कहानी संन्यासियों के एक समूह के इर्द-गिर्द घूमती है, जिन्हें ‘संतान’ कहा गया है। ये लोग अपनी मातृभूमि के लिए जीवन समर्पित करते हैं। इसी कहानी में ‘वंदे मातरम’ गीत आता है। गीत में मातृभूमि को मां के रूप में देखा गया है और उसकी धरती, हरियाली, पानी, फसल और सुंदरता का वर्णन किया गया है।

1896 में पहली बार कांग्रेस के मंच पर गूंजा वंदे मातरम -

वंदे मातरम को राष्ट्रीय आंदोलन में बड़ी पहचान 1896 में मिली। कलकत्ता में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का अधिवेशन हुआ। यहां रवींद्रनाथ ठाकुर ने वंदे मातरम गाया। यही वह समय था जब यह गीत साहित्य की दुनिया से निकलकर देश के राजनीतिक आंदोलन का हिस्सा बनने लगा। इसके बाद कांग्रेस के राजनीतिक कार्यक्रमों में भी ‘वंदे मातरम’ की मौजूदगी बढ़ती गई।

1905 में वंदे मातरम नारे में बदल गया-

वंदे मातरम की कहानी में 1905 सबसे महत्वपूर्ण वर्षों में से एक है। अंग्रेजों ने बंगाल का विभाजन किया। इसके खिलाफ पूरे बंगाल में आंदोलन शुरू हुआ। विदेशी सामान के बहिष्कार और स्वदेशी अपनाने का अभियान चलने लगा। सात अगस्त 1905 को कलकत्ता के टाउन हॉल की ओर निकले एक बड़े जुलूस में हजारों छात्रों ने वंदे मातरम और दूसरे नारे लगाए। इसी मौके पर विदेशी वस्तुओं के बहिष्कार और स्वदेशी अपनाने का प्रस्ताव भी पारित हुआ। सरकारी रिकॉर्ड इसे वंदे मातरम के राजनीतिक नारे के रूप में शुरुआती बड़े इस्तेमालों में गिनता है। यहीं से ‘वंदे मातरम’ सिर्फ गीत नहीं रहा। यह अंग्रेजों के खिलाफ विरोध का नारा भी बन गया। उसी साल कांग्रेस के वाराणसी अधिवेशन में इसे अखिल भारतीय राष्ट्रीय आयोजनों के गीत के रूप में स्वीकार किया गया।

अक्टूबर 1905 में'वंदे मातरम संप्रदाय' बना -

वंदे मातरम की लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही थी। अक्टूबर 1905 में उत्तरी कलकत्ता में 'वंदे मातरम संप्रदाय' नाम से एक समूह बनाया गया। इसके सदस्य हर रविवार प्रभात फेरियां निकालते और वंदे मातरम गाते थे। वे मातृभूमि के समर्थन में लोगों से स्वैच्छिक दान भी लेते थे। इन प्रभात फेरियों में कभी-कभी रवींद्रनाथ ठाकुर भी शामिल होते थे। यानी गीत अब किताब और कांग्रेस के मंच से आगे निकलकर आम लोगों के बीच पहुंच चुका था।

अंग्रेजों ने 'वंदे मातरम' पर की सख्ती-

ब्रिटिश सरकार को धीरे-धीरे समझ आने लगा था कि वंदे मातरम लोगों को आंदोलन से जोड़ रहा है। इसीलिए इसे रोकने की कोशिश शुरू हुई। नवंबर 1905 में बंगाल के रंगपुर के एक स्कूल के 200 छात्रों पर पांच-पांच रुपये का जुर्माना लगाया गया। उन पर वंदे मातरम का जाप करने का आरोप था। पूर्वी बंगाल में स्कूल-कॉलेजों में वंदे मातरम गाने या इसका नारा लगाने पर रोक लगाने वाले आदेश भी जारी किए गए। लेकिन इसका असर उल्टा हुआ। जिस गीत को रोकने की कोशिश की गई, उसकी आवाज और दूर तक पहुंचने लगी।

1906 में बारीसाल सम्मेलन में इस नारे पर रोक -

1906 में बारीसाल में 10 हजार से ज्यादा लोगों का जुलूस एकत्र हो गया था।अप्रैल 1906 में बारीसाल में बंगाल प्रांतीय सम्मेलन के दौरान ब्रिटिश अधिकारियों ने सार्वजनिक रूप से वंदे मातरम के नारे लगाने पर रोक लगा दी। सम्मेलन को भी रोक दिया गया। इसके बावजूद प्रतिनिधियों ने नारे लगाना जारी रखा और पुलिस की कार्रवाई का सामना किया। इसके बाद 20 मई 1906 को बारीसाल में 10 हजार से ज्यादा लोगों ने वंदे मातरम के झंडे लेकर जुलूस निकाला। खास बात यह थी कि इसमें हिंदू और मुसलमान दोनों समुदायों के लोग शामिल थे। यह घटना बताती है कि शुरुआती दौर में ‘वंदेमातरम’ को लेकर आंदोलन में अलग-अलग समुदायों की भागीदारी भी थी।

1907-08 में देश के दूसरे हिस्सों में भी गूंजा -

‘वंदे मातरम’ का असर बंगाल तक सीमित नहीं रहा। 1907 में लाहौर में युवाओं के प्रदर्शनों में इसके नारे लगे। 1908 में तमिलनाडु के तूतीकोरिन में मजदूर आंदोलन के दौरान भी ‘वंदे मातरम: के नारे सुनाई दिए। लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक के मुकदमे के दौरान मुंबई में भी बड़ी संख्या में लोगों ने वंदे मातरम गाकर उनके प्रति समर्थन जताया। यानी बीसवीं सदी के शुरुआती वर्षों में वंदे मातरम देश के अलग-अलग हिस्सों में औपनिवेशिक शासन के खिलाफ प्रतिरोध की आवाज बन चुका था।

पूरे ‘वंदे मातरम’ में विवाद का कारण-

यहीं से ‘वंदे मातरम’ की कहानी का सबसे संवेदनशील अध्याय शुरू होता है। ‘वंदे मातरम’ के शुरुआती दो छंदों में मातृभूमि की सुंदरता, हरियाली, पानी, फसल और मां के रूप में देश की तस्वीर दिखाई गई है। लेकिन बाद के छंदों में दुर्गा, लक्ष्मी और सरस्वती जैसे धार्मिक प्रतीकों का जिक्र आता है। यही हिस्से बाद में विवाद का कारण बने। कुछ मुस्लिम नेताओं और संगठनों ने इन हिस्सों पर आपत्ति जताई। उनका तर्क था कि सार्वजनिक राष्ट्रीय गीत में ऐसे धार्मिक प्रतीकों का इस्तेमाल सभी समुदायों के लिए सहज नहीं होगा। यह विवाद उस समय और बढ़ा जब 1930 के दशक में कांग्रेस के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि स्वतंत्रता आंदोलन को ज्यादा से ज्यादा समुदायों को साथ लेकर कैसे चलाया जाए।

वंदे मातरम’ के छंद कब और क्यों विवादित हुआ -

1930 के दशक में जब मोहम्मद अली जिन्ना की धर्म आधारित राजनीति उभार पर थी, तब ‘वंदे मातरम’ का विरोध शुरू हो गया। खासकर ‘वंदे मातरम’  के आखिरी चार छंदों को धार्मिक बताकर मुस्लिमों ने इसका विरोध किया। यह वही समय था, जब जिन्ना के नेतृत्व में मुस्लिम लीग ने मुसलमानों के अलग अधिकारों की वकालत की थी। बताया जाता है कि कांग्रेस ने अपने स्वतंत्रता आंदोलन को एकजुट रखने के लिए ‘वंदे मातरम’ के सिर्फ दो ही छंदों के साथ आगे बढ़ने का निर्णय लिया। 1937 के फैजाबाद अधिवेशन में सीडब्ल्यूसी ने इससे जुड़ा प्रस्ताव पेश किया और कहा कि ‘वंदे मातरम’ के जो दो छंद सबसे ज्यादा गाए जाते हैं, उन्हें ही राष्ट्रीय आयोजनों में आगे गाया जाएगा। 

2003 में प्रकाशित हुई ‘वंदे मातरम’ किताब :-

द बायोग्राफी ऑफ अ सॉन्ग लिखने वाले सब्यसाची भट्टाचार्य के मुताबिक, 1937 में जवाहरलाल नेहरू की अध्यक्षता वाली एक समिति के मार्गदर्शन में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने कविता के उन हिस्सों को हटाने का फैसला किया, जिनमें खुले तौर पर मूर्ति पूजा वाले संदर्भ थे। इसी प्रारूप को बाद में संविधान सभा ने भी स्वीकार किया था।

1950 में ‘जन गण मन’ को राष्ट्रगान, और ‘वंदे मातरम’ को राष्ट्रीय गीत का दर्जा मिला ।

देश आजाद हो चुका था। अब सवाल था कि आजाद भारत के राष्ट्रीय प्रतीक क्या होंगे। 24 जनवरी 1950 को संविधान सभा में इस पर फैसला हुआ। संविधान सभा के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने घोषणा की कि जन गण मन भारत का राष्ट्रगान होगा। साथ ही उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में ऐतिहासिक भूमिका निभाने वाले ‘वंदे मातरम’ को ‘जन गण मन’ के बराबर सम्मान और दर्जा दिया जाएगा। 

वंदे मातरम’और ‘जन गण मन’ दोनों का महत्व कम नहीं -

वंदे मातरम आजादी के आंदोलन में बेहद लोकप्रिय था। लेकिन संविधान सभा ने इसे राष्ट्रगान के बजाय राष्ट्रीय गीत का दर्जा दिया। राष्ट्रगान के तौर पर जन गण मन को स्वीकार किया गया। वंदे मातरम को भी कम महत्व नहीं दिया गया। डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने स्पष्ट किया कि इसे जन गण मन के बराबर सम्मान दिया जाएगा। इसलिए दोनों की भूमिका अलग है, लेकिन राष्ट्रीय महत्व दोनों का बहुत बड़ा है।

प्रथम छंद

वंदे मातरम्।

सुजलां सुफलां मलयजशीतलाम्,

शस्यश्यामलां मातरम्।

वंदे मातरम्।।


इसमें मातृभूमि की प्राकृतिक सुंदरता का वर्णन है। जल से परिपूर्ण (सुजला), फलों से उपजाऊ (सुफला), मलय की हवाओं से शीतल और हरी-भरी फसलों से सुशोभित माँ (मातृभूमि) को प्रणाम है।

द्वितीय छंद

शुभ्रज्योत्स्नापुलकितयामिनीम्,

फुल्लकुसुमितद्रुमदलशोभिनीम्,

सुहासिनीं मधुरूभाषिणीम्,

सुखदां वरदां मातरम्।।

वंदे मातरम्।।


चाँदनी रात की सुंदरता, खिले हुए फूलों वाले वृक्षों और माँ की मीठी हँसी व मधुर वाणी का वंदन किया गया है, जो सुख और वरदान देने वाली है।

तृतीय छंद 

कोटिकोटिकण्ठकलकल निनादकराले,

कोटि कोटि भुजैधृत खरकरवाले,

के बाले मा तुमि अबले,

बहुबलधारिणीं नमामी तारिणीम्,

रिपुदलवारिणीं मातरम्।।

वंदे मातरम्।।


यह मातृभूमि की शक्ति और उसके रक्षक स्वरूप को समर्पित है। करोड़ों कंठों की आवाज़ और करोड़ों हाथों में तलवारें हैं; माँ अपने बाहुबल से शत्रुओं का नाश करने वाली और तारिणी (पार लगाने वाली) है।

चतुर्थ छंद

तुमि विद्या, तुमि धर्म,

तुमि हृदि, तुमि मर्म,

त्वं हि प्राणाः शरीरे।

बाहुते तुमि मा शक्ति,

,हृदये तुमि मा भक्ति,

तोमारेई प्रतिमा गड़ि मन्दिरे-मन्दिरे।।

वंदे मातरम्।।


इसमें आध्यात्मिक व भक्ति भाव झलकता है। मातृभूमि ही विद्या, धर्म, हृदय और मर्म है; शरीर के प्राण है। भुजाओं में शक्ति और हृदय में भक्ति बनकर आप ही हर मंदिर में विराजमान हैं।

पञ्चम छंद

त्वं हि दुर्गा दशप्रहरणधारिणी,

कमला कमलदल विहारिणी,

वाणी विद्यादायिनी, नमामि त्वाम्,

नमामि कमलाम् अमलाम् अतुलाम्,

सुजलां सुफलां मातरम्।।

वंदे मातरम्।।


माँ को विभिन्न देवियों का स्वरूप – दस शस्त्रों को धारण करने वाली माँ दुर्गा, कमल पर विहार करने वाली कमला (लक्ष्मी) और विद्या देने वाली वाणी (सरस्वती) के रूप में नमन किया गया है।

षष्ठम छंद

श्यामलाम् सरलाम्  सुस्मिताम्भूषिताम्,

धरणीम् भरणीम् मातरम्।।

वंदे मातरम्, वंदे मातरम्।।


यह अंतिम छंद मातृभूमि के सौम्य, सरल, सुंदर और पालनहार रूप को समर्पित है। सभी का भरण-पोषण करने वाली और वसुंधरा (धरणी) रूपी इस माता को शत-शत नमन है।



लेखक

आचार्य डॉ. राधेश्याम द्विवेदी ,

पूर्व पुस्तकालय सूचनाधिकारी,

मकान नम्बर 2785, वार्ड नंबर 8

निकट : लिटिल फ्लावर स्कूल,

आनन्द नगर,कटरा, बस्ती,Pin 272001

उत्तर प्रदेश INDIA (मोबाइल नंबर +91 9412300183)